माला
माला
साँसों की माला टूट गयी तब,
जोड़ने वाला कोई नहीं !
यौवन के मद में भरके बन्दे,
तू इतना इतराता है,
तुझे सुबह-शाम का पता नहीं,
फ़िर भी तू गणित लगाता है !
यौवन तेरा ढलने लगा जब,
चाम का प्यारा कोई नहीं !
साँसों की माला टूट गयी तब,
जोड़ने वाला कोई नहीं !
माटी तेरा जिस्म बनेगा,
राख उड़ेगी इक पल में !
यार-दोस्त तेरे सगे-सम्बन्धी,
रो-रोकर नीर बहायेंगे !
जो तुझसे लिपटे जाते थे,
वही ख़ौफ़ खायेंगे !
साँस तन से निकल गयी तो,
जग में रखईया कोई नहीं !
साँसों की माला टूट गयी तब,
जोड़ने वाला कोई नहीं !
तन-मन तूने होम किया है,
जिनको आज बनाने में !
घर हो या महल-दूँमहले,
सभी यहीं रह जाएंगे !
संग में तेरे कफ़न चलेगा,
संग में चलैया कोई नहीं !
साँसों की माला टूट गयी तब,
जोड़ने वाला कोई नहीं !
यारे-प्यारे सगे-सम्बन्धी,
जल्दी तुझे उठाएंगे !
ले जाकर तुझको बन्दे,
अग्नि में वो जलाएंगे !
कपाल क्रिया तेरी होगी
"शकुन" तुझको बचैया कोई नहीं !
साँसों की माला टूट गयी तब,
जोड़ने वाला कोई नहीं !
