चलो दुल्हनिया
चलो दुल्हनिया
कुछ ही फेरे या
सप्तपदी के कुछ ही पग
दूल्हे के आगे
होकर चलने की
चलो दुल्हनिया रीत बदल दें।
लाई के दाने
आंगन में बिखराने की
मां का आंचल बिसरा
पी संग जाने की
चलो दुल्हनिया रीत बदल दें।
चूड़ी कंगन
सिंदूर की दहकी रेखा
पायल, बिछिया
इन गहनों की रीत पुरानी
चलो दुल्हनिया रीत बदल दें।
घुटने की,
हर हाल में चुप रहने की
आंसू पी कर
मर्यादा में जीते जाने की
चलो दुल्हनिया रीत बदल दें।
अनचाहे
रिश्तों को ढोने की
जीवन धारा में
कच्चे घट सा बहते जाने की
चलो दुल्हनिया रीत बदल दें।