जन्मदिन
जन्मदिन
तुम कुल भाग्य मेरे कुल दीपक।
तुम हृदयेश सकल सुख कारक।।
मात-पिता के नयन का तारा।
दादी मां का राज दुलारा।।
तुम लड्डू गोपाल हमारे।
अंधियारे मन में तुम उजियारे।।
तुम चंचल नटखट और भोले।
सुख के वातायन तुम खोले।।
तुम भविष्य की सुंदर क्यारी।
तुम नन्हीं खिलती फुलवारी।।
आकुल अंतर की शीतलता।
तुमसे ही जीवन की पूर्णता।।
खुशियों का संसार हमारे।
तुम जीवन आधार हमारे।।
साथ चले सुख सदा लिए रथ।
पूरन हो सब सकल मनोरथ।।
देख - देख तुम्हें हिय हरषाएं।
तुम पर शुभ आशीष लुटाएं।।
आज सुखद शुभ घड़ी है आई।
जन्मदिवस की बहुत बधाई।।
स्वस्थ रहो तुम और मुस्काओ।
जीवन का हर सुख तुम पाओ।।