STORYMIRROR

संजय असवाल "नूतन"

Abstract Inspirational Others

5.0  

संजय असवाल "नूतन"

Abstract Inspirational Others

एक पिता का अपने बेटे को अंतिम पत्र:

एक पिता का अपने बेटे को अंतिम पत्र:

3 mins
10

मेरे प्यारे बेटे,
जब तुम यह पत्र पढ़ रहे होगे, तब शायद मैं इस दुनिया की राहों से बहुत दूर निकल चुका होऊँगा।
जीवन का यह सफर यहीं तक था, और अब मुझे उस अनजानी यात्रा पर जाना है जहाँ से लौटकर कोई नहीं आता। बेटा, जा रहा हूँ सफर को छोड़कर, जिम्मेदारियों का बोझ तेरे कंधों पर देकर। यह बोझ केवल घर-परिवार का नहीं, बल्कि उन रिश्तों, संस्कारों और उम्मीदों का भी है जिन्हें हमने वर्षों से संजोया है। मुझे पता है कि मेरे जाने के बाद तुम्हें बहुत सी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। कई बार ऐसा लगेगा कि अब किससे सलाह लूँ, किसके कंधे पर सिर रखकर अपने मन का बोझ हल्का करूँ। लेकिन याद रखना, जीवन का यही सत्य है कि एक दिन हर बेटे को अपने पिता की जगह खड़ा होना पड़ता है। अब तुझे ही सब संभालना है। माँ की आँखों में कभी अकेलापन न आने देना। परिवार की खुशियों का ध्यान रखना। छोटे-बड़ों का सम्मान करना और अपने स्वाभिमान को कभी गिरने मत देना। धन कमाना महत्वपूर्ण है, पर उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है लोगों का विश्वास और सम्मान कमाना। दुःख और दर्द जब जीवन में आएँ, तो उनसे घबराना मत। आँसू बहाना कमजोरी नहीं होती, लेकिन आँसुओं में बह जाना कमजोरी जरूर होती है। खुद को हर दुःख-दर्द से उबारना, क्योंकि मैंने तुझे हमेशा मजबूत बनना सिखाया है। याद रखना, तू मेरा बेटा है, और मुझे तेरी हिम्मत पर हमेशा गर्व रहा है। हो सकता है मैं तेरी हर सफलता देखने के लिए मौजूद न रहूँ, लेकिन यकीन मान, जहाँ भी रहूँगा, तेरी हर उपलब्धि पर मुस्कुराऊँगा। जब कभी जीवन में कोई बड़ा निर्णय लेना, तो एक बार यह जरूर सोचना कि "अगर पिता होते तो क्या कहते?" मुझे विश्वास है कि तेरा मन तुझे सही राह दिखा देगा। बेटा, जीवन में ईमानदारी का दामन कभी मत छोड़ना। लोगों की मदद करना, क्योंकि इंसान अपने पीछे दौलत नहीं, बल्कि अपने कर्मों की खुशबू छोड़कर जाता है। मेरे जाने का शोक बहुत दिनों तक मत मनाना। मेरी यादों को आँसुओं में नहीं, अपनी मुस्कान में जीवित रखना। जब भी किसी जरूरतमंद की सहायता करेगा, जब भी माँ का सम्मान करेगा, जब भी सच्चाई के रास्ते पर चलेगा, समझना कि मैं तेरे साथ हूँ। अब विदा लेने का समय आ गया है। मेरी अंतिम इच्छा बस इतनी है कि तू खुश रहे, स्वस्थ रहे और अपने जीवन को इस तरह जीए कि लोग तुझे देखकर कहें—"यह अपने पिता के संस्कारों की सच्ची पहचान है।" ईश्वर तुझे हर संकट से बचाए, हर अँधेरे में प्रकाश दे और हर कदम पर सफलता प्रदान करे।

बहुत सारा प्यार और आशीर्वाद, तुम्हारा पिता ❤️

"मैं भले आँखों से ओझल हो जाऊँ,
पर तेरी हर धड़कन में रहूंगा।
जब-जब तू हिम्मत से आगे बढ़ेगा,
समझना, तेरे संग ही मैं भी बढूंगा।


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Abstract