शहर को खुशबू की जरूरत आज भी है
शहर को खुशबू की जरूरत आज भी है
धूल-धुएँ
शोर-शराबे से सने
इस शहर में
खुशबू बिखेरने बैठे हैं
अल-सुबह से ही कुछ अवांछित लोग
सड़क किनारे।
इन्हें मालूम है
ये शहर इनका नहीं है
शाम तक लौट जाना है इन्हें
मगर ये कितने ढीठ हैं!
इन्हें मालूम है
बचा कर रखना है
दो प्रेमी जोड़ों के लिए
दो जोड़ी फूल और कुछ खुशबू।
मैंने जाना
अब भी खुशबू बिखेरने की संभावनाएँ
बची हैं पृथ्वी पर।
मुमकिन है
इन्हें घुसपैठिए के खाने में डाल दिया जाए
इनसे माँगे जाएँ काग़ज़ात।
इससे पहले की एक और पुनरीक्षण हो
आज ज़रूरत है
अपने अंदर के सिटीजनशिप को बचाने की
यक़ीन मानिए
राजधानी को अब भी खुशबू की जरूरत है!
