गालीबाज नेता
गालीबाज नेता
सखी,
आजकल गालीबाज नेताओं की बाढ सी आ गई है। ऐसा लग रहा है कि नेता यह मान कर चल रहे हैं कि "गाली देना उनका जन्म सिद्ध अधिकार है और वे गाली देकर रहेंगे"। ऐसा नहीं है कि वे गाली किसी पुरुष को ही दे रहे हैं अपितु महिलाओं को भी थोक के भाव गाली दी जा रही है।
अभी अभी एक ताजा ऑडियो बाजार में आया है। आजकल तो फिल्मी हीरो हीरोइन "स्टार" नहीं बन रहे हैं बल्कि "ऑडियो" और "वीडियो" स्टार बन रहे हैं। कोई वीडियो नोटों के पहाड़ दिखा रहा है तो कोई वीडियो किसी की "रास लीला"। मगर यह ऑडियो ना तो नोटों के बारे में बात कर रहा है और ना ही रास लीला के बारे में। यह तो सीधे सीधे गाली गलौज कर रहा है। 70 सैकण्ड के इस ऑडियो में 27 बार गालियों का प्रयोग किया गया है। मैं तो हमारे नेताओं की भाषा, शिष्टाचार और शालीनता का कायल हूं सखी जो इतने अधिक "छंद" और "अलंकारों" का प्रयोग कर रहे हैं आजकल। यह इनके उच्च कोटि के भाषा ज्ञान और इनके सुसंस्कृत व्यवहार को रेखांकित कर रहा है। सत्ता इन नेताओं को और भी ज्यादा "सभ्य" तथा "विनम्र" बना रही है। ऐसा लग रहा है कि कुछ समय बाद ये नेता अपनी मां और बहन बेटियों से इसी "भाषा" में बात किया करेंगे।
ताजा उदाहरण एक ऑडियो का है जो कल ही वायरल हुआ है। मुंबई की एक महिला डॉक्टर स्वपना पाटकर ने एक पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उन्हें फोन पर महाराष्ट्र के एक नेता और राज्य सभा सांसद संजय राउत ने गाली गलौज की है। उस महिला ने वह ऑडियो क्लिप भी पुलिस को सौंप दी है। अब पुलिस उस आवाज का नमूना लेकर उसे एफ एस एल में जांच के लिए भेजेगी। यदि महिला के आरोप सही पाए जायेंगे तो संजय राउत पर कार्रवाई करेगी। बताते हैं कि उसमें ऐसी ऐसी गालियां हैं जिन्हें हम यहां पर लिख नहीं सकते हैं।
अब प्रश्न आता है सखी कि आखिर यह माजरा क्या है ? दरअसल यह मामला है "पात्रा चाल" में हुए भ्रष्टाचार का। इसकी लंबी कहानी है मगर फिलहाल तो यह जान लो कि ई डी ने एक मामला दर्ज किया था जिसमें यह कहा गया था कि एक शराब की फर्म में डॉक्टर स्वप्ना पाटकर के पति सुजीत पाटकर और संजय राउत की पुत्रियों की हिस्सेदारी बताई गई है। अब स्वपना पाटकर अपने पति से अलग रहती बताई है। एक प्लॉट के कागजात संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत और डॉक्टर स्वप्ना पाटकर के संयुक्त नाम में बताए गए हैं। ई डी के सामने स्वप्ना पाटकर उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज करा चुकीं हैं। उन्होंने संजय राउत पर गाली गलौज करने और धमकाने का आरोप लगाया है। तुम तो जानती ही हो सखी कि पात्रा चाल घोटाला 1034 करोड़ रुपए का है।
इस प्रकार तुमने देखा सखी कि नेताजी एक महिला को मां बहन की गाली दे रहे हैं और यहां तक कह रहे हैं कि उनकी बातचीत को टेप कर ले और पुलिस को दे दे। इतना अहंकार तो रावण में भी नहीं था सखी।
महामहिम राष्ट्र पति महोदया को "राष्ट्र पत्नी" कहने वाले बेशर्म लोग भी मिल जायेंगे। स्मृति ईरानी की 18 साल की बेटी के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाने वाले नेता भी मिल जाएंगे यहां पर। अब जनता यह तय करे कि इन गालीबाज नेताओं का क्या करे ?