गगन पर चाँद
गगन पर चाँद
चलो कुछ शब्द तुम दे दो, उसी पर गीत मैं गढ़ लूँ।
तनिक लय ताल सुर दे दो, मिलाकर मैं उसे पढ़ लूँ॥
तुम्हीं से साँझ होती है, तुम्हीं से ही सवेरा है।
तुम्हीं से राह मिलती है, तुम्हीं से ही बसेरा है।
तुम्हीं से मन तरंगित है, तुम्हीं से जिंदगी मेरी।
तुम्हीं से ये घटाएं हैं, तुम्हीं ने रँग बिखेरा है॥
गगन पर चाँद तुमसे है, तुम्हारे साथ मैं बढ़ लूँ।
चलो कुछ शब्द तुम दे दो, उसी पर गीत मैं गढ़ लूँ॥
तुम्हीं से है खुशी मेरी, तुम्हीं से ही सभी हैं गम।
तुम्हीं से होंठ हँसते हैं, तुम्हीं से आंख होती नम।
तुम्हीं से भागता है तम, तुम्हीं से सूर्य की किरणें।
तुम्हीं सावन तुम्हीं सरगम, तुम्हीं से हैं सभी मौसम॥
तुम्हीं से सीप में मोती, तुम्हें माथे पे मैं मढ़ लूँ।
चलो कुछ शब्द तुम दे दो, उसी पर गीत मैं गढ़ लूँ॥
तुम्हीं से धार नदियाँ में, समंदर में लहर तुमसे।
तुम्हीं से गीत की गरिमा, गजल में है बहर तुमसे।
हवाओं में महक तुमसे, तुम्हीं से फूल खिलते हैं
तुम्हीं हो रात, दिन हो तुम, बदलते हैं पहर तुमसे॥
तुम्हारा साथ हो तो स्वर्ग की मैं, सीढ़ियां चढ़ लूँ।
चलो कुछ शब्द तुम दे दो, उसी पर गीत मैं गढ़ लूँ॥

