गांधारी
गांधारी
अब पौत्र विवाह की चाहत माता को जागी ।
किंतु पौत्र अंधा है यही चिंतामन को लागी।।
इधर विवाह योग्य हुई थी सुबला वो गांधारी।
ध्रतराष्ट्र जवान , हो विवाह कैसे प्रश्न भारी।।
सत्यवती यह सोच मन ही मन घबराती थी।
क्या करे, कैसे करे युक्ति ना सूझपाती थी।।
इतना तो किन्तु सत्यवती को सब ज्ञान था ।
देवव्रत का इस जग में जो कितना मान था।।
यही सोच बुझे मन से देवव्रत को बुलवाया।
व्यथित मन का विवरण बस उसे बतलाया।।
कौन देगा कन्या किसे बनाऊँ इसकी सहचरी।
मन की इसी उथल-पुथल में रही मैं डरी डरी।।
बस इतनी सी बात अब व्यर्थ चिंता छोड़ो माते ।
मेरा मन कहता है गांधार से रिश्ता जोड़ो माते।।
है बहुत रमणी सुबल पुत्री गांधार राज की ।
गांधारी नाम उसका वो सेविका नटराज की।।
इधर माता सत्यवती अपने विचारों में खोई थी ।
उधर गांधार में सुबलिनी खुशी से न सोई थी।।
गांधार पावन धरती पर, अरुणी रेखा डोली थी।
जब उस राजमहल बिटिया ने आँखें खोली थी।।
आया शुभ दिन, वह मंगल बेला वेदमंत्रों से गूँजी।
नभ पर थे देव, फैला दिव्य उजाला नभ की पूंजी।।
नाम दिया जब गांधारी, मन में प्रेम का दीप जला।
समर्पण की छाया में, जग ने एक युग-दीप पला।।
उसकी आँखों में स्वप्न बसे , नभ जितने नीलगगन।
विधिलेखों में जाने, क्यों लिखे शोक-सजल चरण।।
किन्तु पति अँधा होगा तब कैसे कटेगा जीवन तीक्ष्ण ।
राजप्रासाद की कन्या के भाग्य यह कैसा योग भीषण।।
विधि का यही विधान तो करना होगा यही स्वीकार ।
राजकन्या अपने ही भाग्य का कैसे करेगी प्रतिकार।।
गांधार नरेश घिरे थे ज्योतिषियों दरबारियों संग।
कठिन समय वो, थे विचलित, उड़े चेहरों के रंग।।
लिए बैठे ज्योतिषी गांधारी की जन्म कुंडली हाथ।
बारहवें में बैठा शनि, सप्तम में राहु चंद्र एक साथ।।
सारे कठिन ग्रह बना रहे थे दुष्कर विवाह संयोग।
जीवन में ही होगा अंधकार और होगा पुत्र वियोग।।
अंधकारमय होगा जीवन में, पति भी अंधता शिकार ।
केवल शिव ही होंगे संग,करेंगे वो ही इसका उद्धार।।
ज्योतिषियों संग बैठा राजन सुबल गांधार प्रहरी ।
बताया जो शास्त्रों में है मान्यता यह नीति गहरी।।
बदलना है कन्या का लिखा है जो दुष्कर भाग्य।
करनी होगी सप्तपदी बकरे संग जागेगा वो भाग्य।।
बकरे से विवाह गांधारी का केवल नहीं एक रीति थी।
बल्कि नारी जीवन के विडंबना की यह एक विधि थी।।
यही हुआ रचा दिया विवाह गांधारी का एक बकरे संग।
यज्ञपूर्वक तत्पश्चात बकरे का धड़ से किया शीश भंग।।
अब हो गयी घोषित विधवा वो गांधारी इस विधान से।
किन्तु बदल पाएगा? भाग्य गांधारी का इस संधान से।।
इस रीति से माना गया गांधारी का दुर्भाग्य वो मिटा ।
किन्तु क्या यह नीति थी या फिर कोई छल की घटा।।
दिवस एक फिर माता ने गांधारी को निकट बुलाया ।
स्नेह भरा किया आलिंगन, निर्णय का संदेश सुनाया।।
पुत्री! युव-वयः हुई ,तेरा विवाह अब निश्चित हो आया।
हस्तिनापुर का वो राजकुँवर, ये प्रस्ताव जो अब आया।।
गांधारी मंद मंद मुस्काई, और हर्ष से मन भर आया।
किन्तु अगले ही क्षण, वो संशय का बादल जो छाया।।
माते! बताओ कौन है वो, जो होगा मेरा जीवन साथी ?
बस इतना कहकर गांधारी माता की ओर थी झांकी।।
माता ने आँखें झुकाई, हल्का कंपन था स्वर में ।
धीरे से बोलीं,है बलशाली, किन्तु खोट है वर में।।
वो कुरूवंश का ज्येष्ठ सूर्य,किन्तु ग्रहण भरा है।
है दृष्टिविहिन राजपुरूष, बल शत् गज खरा है।।
मैं क्या कहूँ क्या ना कहूँ, यही असमंजस भारी।
कैसे झोंक दूं अँधेरे में पुत्री, वो रो रही मेहतारी।।
किन्तु राजवंशों मे ंतो सदा, यह रीत चली आई ।
विवाह से नहीं, पुत्रीयाँ संधियों से होती हैं पराई।।
राजसिंहासन डोल उठंे,गूंजे भीष्म का जब भी नाम।
रण में जिसके तेज से, काँपंे बडे शूरमा राज-धाम।।
शस्त्र उठे जो एक बार, थर्राए धरा और सम्राट भी।
सौम्य हृदय, पर शक्ति में, स्वयं काल के साथ भी।।
अपनी शपथ के वश जो बंधे, फिर भी थे वे शूर।
राज्य-नीति के हर पथ पर, उनके थे दृढ़ दस्तूर।।
नृप-वृंद जहाँ भी बैठते, होती उसकी ही बात।
शत्रु जिनसे कांपते,उसके नाम की होती प्रभात।।
अब उनका गांधारी हेतु ले आया विनय विशेष।
निर्भय भीष्म अडिग गंभीर, मुख पर नहीं क्लेश।।
हर राजवंश में व्याप्त था, उनके नाम का वो डर।
बिना युद्ध ही झुक चुके कितने महाबली जोड़, कर।।
जब पिता ने सुना प्रस्ताव हस्तिनापुर से आया।
विवाह धृतराष्ट्र संग, परंतु वह नेत्रहीन बताया।।
गंधारी विवाह प्रस्ताव सुन, सभा हो गई थी गंभीर।
राजनीति की चुप्पियों में, मंद कुछ स्वर हुए अधीर।।
कौन बुलाए अपना दुर्भाग्य, आज कौन उसे नकारे।
कौन झेले कौन बचाए जब वो भीष्म बरसाए अंगारे।।
टोटके बताए थे कितने ज्योतिषियों ने वो निराधार।
कितने असहाय,कितने निर्बल बैठे वो नरेश गांधार।।
धृतराष्ट्र हैं अति भुजबलधारी कुरुवंश के युवराज।
किन्तु दुर्भाग्य नहीं देख सकते यह सृष्टि समाज।।
सुन क्षणभर को स्तब्ध रह गई थी वो राजकुमारी।
कैसा विवाह प्रस्ताव लाई है आज मेरी ही मेहतारी।।
राजकुमार अंधे हैं, अब तो यह सत्य मैं जान गई।
किन्तु मेरे लिए अब तो यह धर्म की राह ठान गई।।
यही भाग्य है मेरा पति जीवन भर अंधकार में रहेगा ।
तो मेरा प्रण है जीवन मेरा भी रोशनी को ना सहेगा।।
अपने नेत्रों को सदा के लिए मैं भी बंद करूँगी।
अपने स्वामी के भाग्य को मैं भी ऐसे अब सहूँगी।।
यह कहकर गांधारी ने काला कपड़ा जो मंगवाया।
बंाँधी आँखों पर उसकी पट्टी अँधकार अपनाया।।
लो आज से मैं भी हो गई मेरे स्वामी जैसी ही।
कर लो अब संधि राजप्रासादों से चाहो जैसी ही।।
धृतराष्ट्र जन्म से है अंधा किन्तु गांधारी क्यों सहे।
राजमहल ,नगर ढाणी जन जन गांधार यह कहे।।
पर गांधारी मुस्काई, और मन में दृढ़ता वो आई।
धर्म की राह चली आज मैं नारी सच्ची कहलाई।।
पति के दुख में सुख कैसे मैं खोज सकती हूँ।
आज से मैं भी उसी अंधकार में रह सकती हूँ।।
जब हस्तिनापुर यह पहुँच मौन वह शब्द हुआ।
वो भीष्म भी सुन इस प्रण को जो स्तब्ध हुआ।।
ऐसी पतिव्रता, ऐसी महान है वो शिवभक्त नारी।
भाग्य का है उपहार यह मिली वंश को गांधारी।।
राजनीति का खेल यह, अब गांधार को था जुड़ना।
कौरवों संग मिल शक्ति को था अब संतुलित करना।।
किन्तु भय छिपा हृदय में शंका से था मन भरा भरा।
नेत्रहीन को कन्या दूँ होगा उचित? प्रश्न यह उभरा।।
फिर शुभ मुहूर्त निकला, विवाह धृतराष्ट्र का रचाया ।
देख गांधारी को माँ अम्बिका का भी जी भर आया।।
उस नन्ही कली को देख हृदय में ममता हिलोरें मारती।
पर गांधार कुल की यह बेटी राजनीति में उलझी जाती।।
गांधारी के इस प्रण की छवि जग में अब अमर हो गई ।
धर्म परायण और पतिव्रता की गाथा सब अमिट हो गई।।
वो सुबलिनी पुत्री गांधार कुमारी सुंदर ज्ञानी तेजस्विनी।
शिव की परम भक्त, सुबला शक्तिस्वरूपा यशस्विनी।।
गांधार नरेश की वो कन्या थी जो कुल का अभिमान।
धर्म परायण सुबला को अब तो था शिव का वरदान।।
बन सहधर्मिणी हस्तिनापुर चल पड़ी वो भाग्य बंदिनी।
अँधा कुरु राजकुमार ,किन्तु बनी वो उसकी संगिनी।।
बिटिया! स्त्री धर्म कठिन, युग की पीड़ा सहती है।
प्रेम में, कभी त्याग में, वह स्वयं को खोती रहती है।।
तेरी ममता, तेरी दृढ़ता, जग में अमर कही जाएगी।
याद रहे, तू दीपक बन, अंधकार को हर ले जाएगी।।
गुड़ियों संग खेलती थी, चंचल थी, हँसती, गाती थी।
राजमहल की गलियों में जो, हर मन को लुभाती थी।।
किन्तु जब धृतराष्ट्र के संग, बंधन में वो बंध गई थी।
ममता की वो धारा भी, पत्थर बनकर जम गई थी।।
कैसे कहती मैं उससे, कि उसका पथ सरल न होगा।
कैसे बताती मैं उसको, कि प्रेम वहाँ निर्मल न होगा।।
किन्तु उसने व्रत लिया, अपने प्रिय को अर्पण कर दूँ।
माँ! जैसा भी मेरा पति होगा, मैं उसे समर्पण कर दूँ।।
अगर वो देख नहीं सकता, तो मैं भी दृष्टि छोड़ दूँगी।
उसके दुख को अपनाकर, सदा अडिग मैं खड़ी रहूँगी।।
जीवन में मैंने उसे विद्या दी है नीति-शास्त्र, धर्म-अभ्यास।
शक्ति और सहिष्णुता का ज्ञान दिया और दिया है विश्वास।।
किन्तु मेरे हृदय में हलचल थी, क्या है यह बलिदान सही?
क्या प्रेम से पहले ही त्याग व्रत, क्या नारी का है धर्म यही?
बिटिया मेरी पर्वत जैसी, अपने प्रण पर अटल रहेगी।
राजमहल रोशन किन्तु, ना वो, शीतल बयार बहेगी।।
राजनीति और समाज ने जो उसे मार्ग दिखालाया था।
उसने उसे अपनाया किन्तु अंतर्मन रोया चिल्लाया था।।
प्रश्न खड़ा करता है महाभारत में गांधारी का यह प्रसंग।
क्या नारी केवल समझोता है, चाहे रोए उसका अंग अंग।।
उसकी पट्टी केवल प्रेम थी या विरोध का वो प्रतिरूप।
क्या गांधारी त्यागमूर्ति, या थी एक कठपुतली स्वरूप।।
कथा यह आज भी गूंजती है हर युग में हर समाज में।
नारी का स्वत्व गिरता है बंधता है कुरीतियों के जाल में।।
इस दुख में स्वर्ग सिधारी माता, सुबलिनी संदेश अंतिम ।
गांधारी! तू युग-युग तक, नारी धैर्य की मिसाल प्रथम।।
तेरे आँचल का हर धागा, स्त्री-शक्ति का स्वरूप रहे।
त्याग, तपस्या, समर्पण की, यह तेरी गाथा अमर रहे।।
केवल कथा नहीं बिटिया, यह सृष्टि की आधार रही।
नारी जन्मा, नारी जननी,नारी ही जग का सार रही।।
गंधार की माटी में अब भी, सुबलिनी आशा सौगातें हैं।
जहाँ स्त्री समर्पित होगी, वहाँ बस गांधारी की बातें हैं।।
गांधारी, धैर्य की प्रतिमा, धर्म-तप में लीन रही अपार।
धृतराष्ट्र संगिनी बनीं, जीवन को दी उसने मधुर धार।।
हृदय में संजोए सपनों के दीप, आशा की अटूट शिखा।
जननी बनने, चल दीं पावन राह, रची दिव्य प्रेम-दिशा।।
मातृभूमि की व्यथा थी भारी,बहन चली जब कुरु द्वार।
हस्तिनापुर की ड्योढ़ी पर,छूट गया जीवन का प्यार।।
बंधन में बंधी जब गांधारी,कण्ठ में उलझी थी लाचारी।
नेत्रों पर पट्टी बाँध चली,पर नयनों में पीड़ा थी भारी।।
भाई ने देखा मौन समर्पण,विधि का कैसा था निर्धारण।
हृदय विदीर्ण,किन्तु वचन अमर,बहन तुली प्राण समर्पण।।
हुआ था तब शकुनी के ह्रदय पर भीषण वज्र प्रहार।
भाई के मन हाहाकार, वो बहन चली बनकर उपहार।।
तब मन ही मन गांधार कुमार जाने क्या बोला था।
फड़क उठी थी भुजाएं और आँखों में वो शोला था।।
मैं गांधार नंदन शकुनी करता हूँ आज यह दृड प्रण।
कुरुवंश के भाल घात-प्रतिघात का छेड़ूंगा अब रण।।
लूंगा मैं वो प्रतिशेध निजभगिनी के इस अपमान का।
होगा ध्वस्त शीशमहल अब वो भीष्म के अभिमान का।।
दृष्टिहीन भले हों धृतराष्ट्र, बहन का प्रेम था शाश्वत।
नयनों पर पट्टी बाँध चल दी,दिल को किया आश्वस्त।।
शकुनि चला संग बहना के,हस्तिनापुर की शाही राहें।
राजमहल के ऊँचे द्वार सुनें न उसके मन की आहें।।
न्याय-अन्याय का खेल शुरू था,किंतु हृदय प्रेम गुरु था।
बहन की पीड़ा, भाई की शपथ, बस छल खेल शुरु था।।
राजनीति के जाल में फँसा,शकुनि बना पाशों का नायक।
मन में जो प्रेम समाया, था वह बहना का मौन सहायक।।
स्नेह, प्रतिशोध की स्याही से,लिखी गई यह वेदना भाषा।
गांधारी की करुणा में भी थी भाई की प्रेम समर्पण-भाषा।।
शकुनि ने खेली जो चाल चतुर, था हृदय बजे रणभेरी।
बंधे रहे दोनों प्रेम सिंधु, थी न्याय-अन्याय की वह डोरी ।।
स्नेह था उनका मौन तपस्वी, न था राग द्वेश, न कहती।
बस नयनों की भाषा कहती, “प्राणबंध! मैं तेरे संग रहती।।
