STORYMIRROR

Yogesh Kanava

Abstract Classics

5  

Yogesh Kanava

Abstract Classics

दुःशला

दुःशला

6 mins
1

सौ पुत्रों के उस अहम् में,वो अकेली गृहज्योति थी।

धृतराष्ट्र के अंधतिमिर जग में, आशा का मोती थी।।

जैसे घने विशाल वटों में, एक पुष्प-लता उग आई हो।

जैसे मरु तप्तधरा पर, सावन सी वो शीतल पुरवाई हो।।

भ्राताओं की प्रिय भगिनी, सबकी आँखों का उजियारा।

महका हस्तिनापुर का कण-कण महका हर गलियारा।।

इधर कर्ण दुर्योधन थे अपनी मित्रता से चिर स्नेहिल।

उधर दुःशला  यौवन संचरण, जैसे रहा शीशा पिघल।।

हस्तिनापुर की राजदुलारी, गांधारी की आँखों का तारा।

दुःशला  का रूप निराला, ज्यों अम्बर में चाँद सितारा।।

यौवन उसका रति सम, जैसे लाई स्वर्ग से चुराकर।

सौन्दर्य की देवी स्वयं रह जाती थी उसे निहारकर।।

तप्त कनक सी देह दीप्तिमय, कुंदन सी काया दमके।

कोमल अंग-प्रत्यंग सुकोमल, ज्यों कमल-नाल लचके।।

नयन विशाल, मृगनयनी से, जिनमें कारुण्य झलकता।

देख जिसे पाषाण हृदय भी, वहीं मोम समान पिघलता।।

मुखमंडल पर ओज अलौकिक, ज्यों पूर्णिमा का चंदा।

घनघोर घटा सी, लहराते थे केश ढके वो कटि कंधा ।।

शशि को भी ईर्ष्या होती थी, देख के उसका मुख-मंडल।

भाल-पट्टिका दिव्य प्रभा की, जैसे हो गंगा जल निर्मल।।

चंद्र-बिम्ब सा शुभ्र ललाट, भाग्य स्वयं लिख रहा लेख।

सिंदूरी आभा मुखमण्डल की जैसे ऊषा की पहली रेख।।

उसकी आभा के सम्मुख, मणियों का तेज भी था फीका।

राज-पाट का सारा वैभव, लगता था बस फीका-फीका।।

भ्रकुटि तनी थी कामदेव के, अमोघ धनुष की डोरी सी।

मृग मन को हर लेती चितवन में थी चंचलता कोरी सी।।

नील-कमल दल जैसे नयन दो, सागर की गहराई सी।

मासूमियत थी, जैसे भोर की पहली किरण अलसाई सी।।

नयन न थे, थे दो खंजन, थे चितवन में अति चंचल।

या थे वो नीले सरोवर में खिलते से दो ताजे कमल।।

घनी पलकों की चिलमन से, वो जब झाँक के तकती थी।

सृष्टि स्वयं ही उसके रुप यौवन पर बस आहें भरती थी।।

शुक सदृश-नासिका, थी कपोलों की रंगत लालिमा भरी।

अधरों में बिम्बफल की लाली, रस-माधुर्य गागर भरी भरी।।

जब वह मंद-मंद मुस्काती, झरते थे ज्यों उज्ज्वल मोती।

उसकी हंसी की एक झलक, जग के सब दुःख हर लेती।।

तिल-पुष्प सी सुघड़ नासिका पर, शोभित नथ की कील।

एक अकेले नथ के मोती ने, हर ली रत्नों की पूरी झील।।

साँसों में थी वो मादकता, जो मलयागिरि  पवन में है।

सुगंध जो वन में नहीं, केवल उस यौवन उपवन में है।।

कपोल थे दर्पण ऐसे, जिनमें दिखती थी अरुण-प्रभा।

लज्जा की एक लहर से खिल उठती थी दिव्य-छटा।।

थे बिम्ब-फल से लाल अधर, या मूंगे की नव-शाखा थे।

जिन पर शब्द नहीं, बस अमृत-कण  सरसाई आशा थे।।

जब खुलते थे वो मुस्कानों में, दंत-पंक्ति दिख जाती जो।

जैसे किसी माणिक-मंजूषा में, हीरों की पाँत सजा दी हो।।

सुराहीदार कंबु-ग्रीवा, जिस पर थीं त्रिरेखाएँ स्पष्ट।

विधाता ने स्वयं रचा हो, सौंदर्य का मानक उत्कृष्ट।।

चिबुक तिल भी था उस पर, बढ़ाता था शोभा और।

जैसे चाँद के आँगन में, आ बैठा हो वो काला चकोर।।

स्वर्ण-चम्पे सी थीं भुजाएँ, जो थीं मृणाल-सी सुकुमार,

जिनकी कोमलता पर जग के, सारे बंधन जाते थे हार।

बंधी वेणी नागन सी मेघ-घटा सी, काली, घनी, सुगंधमयी।

खुलती तो लगता जैसे, केशराशि रजनी भू पर उतर गयी।।

तप्त कनक सा रूप दमकता, उपमा उसकी मिले कहाँ।

रुप यौवन का दमकता सूर्य वहीं है हस्तिनापुर है जहाँ।।

अग्नि में तपकर जैसे सोना, कितना निखरता जाता है।

वैसा ही वो अंग-सौष्ठव, देखते ही, मन बंध जाता है।।

ग्रीवा कम्बु-सी सुराहीदार, जिस पर हर आभूषण फबता।

भुजाएँ मृणाल-लताएँ कोमल सी,जो स्पर्श मन को हरता।।

कर-पल्लव नव-किसलय से, कोमल, अरुण,सुकुमार।

जब जब जो फैली भुजाएं रच देती  वो स्वप्निल-संसार।।

गौर वर्ण, उन्नत उर-शिखर, हिमगिरि से दिख जाते।

उस पर मोतियों के हार फिसल-फिसल टिक न पाते।।

स्वर्ण-कलश सम वो पूर्ण, लज्जा से कुछ झुके हुए।

पवन झकोरे भी वो जिन्हें, छूने को थे बस रुके हुए।।

क्षीण कटि, ऊपर शोभित वो अद्भुत यौवन उभार।

कसे कसे दे रहे थे दुकूल को, मनमोहक विस्तार।।

जब आँचल मंद मंद लहराता, मदिराता था समीर।

बाँध लेते थे चितवन में, हर लेते कितनो का धीर।।

थे यौवन के दो छंद, जो रचते काव्य रूप का गान।

राजकुमारी के गौरव, कुरुकुल का थे जो अभिमान।।

उस सौन्दर्य-सरिता के, दो अति पावन कूल थे।

दुःशला  के रूप-वन के, वो सबसे सुंदर फूल थे।।

कटि थी सिंहनी सी पतली, जिसमें मेखला शोभती।

गति थी हंस-गामिनी ऐसी, धरणी भी गौरव करती।।

यौवन दहलीज पर आया, रूप रति सा खिलने लगा।

अंग-अंग में एक नया जादू, जो धीरे-धीरे घुलने लगा।।

जैसे कली चटक कर खिलती, भर कर गंध हवाओं में।

वैसा ही तो यौवन का जादू, था दुःशला की अदाओं में।।

स्वयं अनजान अभी तक, अपने इस अनुपम जादू से।

चकित देखने वाले, अलौकिक, दिव्य रुप बेकाबू से।।

अधरों पर मुस्कान खेलती, मंद-मंद, अति वो पावन।

वाणी में थी वीणा की झंकार, जैसे सावन मनभावन।।

रति का यौवन, उर्वशी का तन, पाया उसने उपहार में।

सौ भ्राताओं की भगिनी वो, पली थी अतिशय दुलार में।।

शत-भ्राताओं के मध्य एक, भगिनी का जो हुआ प्रस्फुटन।

गूंजी थी किलकारी बन, हस्तिनापुर वीणा की मधुर धुन।।

जैसे तपते मरुस्थल में, कोई अमृत-स्रोत निकल आया।

जैसे सौ स्तंभों मध्य, एक स्वर्ण-लता ने, शीश उठाया।।

गांधारी की थी वो निधि, कौरव-कुल का अभिमान वो।

युयुत्स, अर्जुन की प्रिय, सहस्र मधुर काव्य वितान वो।।

अनजान थी अपने जादू से, अपनी इस अनुपम माया से।

थी बस अपनी धुन में मगन, अलौकिक, सुंदर काया से।।

भाल चंद्र तिल चिबुक, रक्तिम कपोल छटा है कितनी न्यारी।

भौंहें धनुष, हैं नयन कटारी, हरे चितवन रूप रति पर भारी।।

श्यामल केश घननाद घनेरे लहराते ज्यों सावन घटा घनेरी।

चंपक गंध समीर बहाए कुंतल-जाल फंसी जाए हिए डोरी।।

सुवासित धूप और चंदन महक से, महकते उसके वो बाल।

मदहोश पवन खाए हिचकोले, इठलाए लहराए झूमती चाल।।

नयन काजल-रेख गहन, चित चकोर सम डूबत जग सारा।

कपोल अरुण कमल सम कोमल, अधर बहे मधुर रसधारा।।

रूप की रानी, सौंदर्य की प्रतिमा, दुशाला की कथा निराली।

जिसके यौवन की उपमा थी, तप्त कनक सी स्वर्णिम प्याली।।

वो चलती-फिरती मूर्ति न थी, थी जीवंत एक कविता वो।

कुरु वंश के शुष्क इतिहास में, रस की पावन सरिता वो।।

कंचन कांति, मृगनयनी, जो मधुर मिलन की बात करें।

कौन कहे उस रूप की महिमा, कैसे कोई बात करें?

दुःशला  सम नारी जग में, अद्भुत मोहक छवि धारी।

सौंदर्य सृष्टि का गौरव लेकर, शोभा में जो है भारी।।

चंद्रमुखी सम ज्योति दमकती, स्वर्ण-रश्मि लहराए।

कोमलता में शीतल मंद समीर, चंदन-गंध महकाए।।

नीलाम्बर सा आभा मंडल, साक्षात लक्ष्मी का वास धरे।

मधुर अधर पर वीणा झंकृत, वाणी रस जो बरसा करे।।

रूप सलोना लावण्य सजा है, जैसे मधुरस छिड़का हो।

कजरारे नयनों की गहराई में, प्रेम सुधा का गहना हो।।

गजगामिनी गति जब वह चलती, सुरपुर भी हर्षाए।

देवलोक की अप्सरियाँ उसकी छवि देख वो लजाए।।

बाल खिले जब वेणी में बँधते, काली अलकों का छाता।

चंचल चितवन की बिजुरी से, वो सारा भवन जगमगाता।।

मंद-मंद मुस्कान बिखेरे, जैसे शरद की हो चाँदनी,

श्यामल कुंतल उलझी लट में, जैसे सुरसरि रागिनी।

हाथों में जब कंगन झनके, मधुर रागिनी छू जाती।

नूपुर ध्वनि जब पग से निकले, कोयल भी शरमाती।।

पुष्प कुसुम सम रूप सुवासित, मधुकर मन भाए।

शीतलता में मंद बयार सम, प्रेम सुधा छलकाए।।

नीलांबर की कोमल आभा, स्वर्ण किरण को जैसे ढाँपे।

उसकी शोभा चंद्र समुज्ज्वल, समस्त लोक को व्यापे।।

सुर-सरिता सी निर्मल शोभा, बिरज की राधा जैसी।

गौर वर्ण लाल कपोल, बाला बनी सुवर्ण कांति वैसी।।

मधुर अधर जब मधु से भीगे, साक्षात अमृत सा छलके।

स्वर माधुर्य में कोयल भी लज्जित, गीतों में सुधा बरसे।।

गुरुजन के प्रति श्रद्धा भाव, विनम्रता की वो तो मूरत।

धैर्य, संयम, प्रेम की जैसे सरिता, नारी शक्ति  सूरत।।

जब वह चले, धरा झूम जाए, वायु करे अभिवंदन।

रवि किरणें भी पथ आलोकित, चंद्र करे अभिनंदन।।

सरल भाव, स्नेहिल मुस्कान, मन को मोहे रूप लुभाए।

दुःशला  सम नारी जग में, देवी सम गुण जो दिखलाए।।

नील कमल की कोमल पंखुड़ियाँ, तन पर आभूषण।

गंगा सम पावन निर्मल हृदय, प्रेम सुधा का पूजन।।

मृदु नयन जब प्रेम भरे हों, करुणा रस छलकाए।

मन की पीड़ा हरने वाली, मृदुल अमृतधारा बहाए।।

दुःशला  के रूप की महिमा, कौन शब्द में बाँध सके।

स्वर्ग, धरा, पाताल त्रिलोक समाहित, शोभा आन बसे।।

स्वर्ण-रश्मि की छाया जैसी, रूप ज्योति वो चमकती।

मधुर हास अधरों पर आए, तो पूरी सृष्टि ही दमकती।।


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi poem from Abstract