मेरे शहर का आसमान
मेरे शहर का आसमान
आज फिर दिखा मुझे मेरे
शहर का आसमान ।
वही नीला आकाश
जिसमें पिता भी आसमान से
दिखाई देते थे।
थोड़े सरल उतने ही विरल।
वही बादल के टुकड़ों में
बंटा आसमान
जिसमें सपने भी बिखरे से
दिखाई देते थे ।
सहज,सुस्त,और बेफिक्र
बिखरे से सपने भी कितने अपने से थे।
जो कब पूरे हो गए पता ही नहीं चला।
मन तो बस उन ख्वाबों को ढूंढता रहा
जो भविष्य के गर्भ में छिपे थे अनजाने से।
छोटी छोटी ख्वाहिशें
उन पक्षियों सी
उड़ती रही
मेरे शहर के आसमान में
जो कभी नहीं लौटे मेरे आंगन में ।
मेरे छोटे शहर का आसमान
भी
छोटा सा ही था दिखने में
पर मेरे बक्से में कभी
पूरा नहीं समाया
क्योंकि
हम सबका
वह छोटा सा
आसमान
बहुत ऊंचा जो था ।
शांत,निश्चिंत और
कभी कभी रक्तिम ।
मेरे शहर का आसमान।।
