हमने तुम्हारा नाम लिखा है
हमने तुम्हारा नाम लिखा है
सुबह लिखा है, शाम लिखा है
यार लिखा है, प्यार लिखा है
सागर की उठती लहरों पर
हमने तुम्हारा नाम लिखा है।
पढ़ लो सुबह की पहली किरण में
तारों भरे इस नील गगन में आंख में
पढ़ लो, प्यास में पढ़ लो
चाह में पढ़ लो, प्यार में पढ़ लो
बहती हुयी इस शोख हवा पर
हमने तुम्हारा नाम लिखा है
यार लिखा है, प्यार लिखा है..।
जब जब डगमग पांव हुये हैं
हमने अपना फर्ज निभाया
तू घर छोड़े मैं जग छोड़ा
आंख मिलायी हाथ मिलाया
गन्ध में पढ़ लो, राग में पढ़ लो
आग में पढ़ लो,खाक में पढ़ लो
आवारा उड़ते बादल पर
हमने तुम्हारा नाम लिखा है
यार लिखा है, प्यार लिखा है...।
जब जब काली रात ने घेरा
हमने सुबह की याद दिला दी
जंगल जंगल जब जब भटके
बांह पकड़कर राह दिखा दी
धूप में पढ़ लो,रूप में पढ़ लो
याद में पढ़ लो, ख्वाब में पढ़ लो
उठती हुयी खामोश हवा पर
हमने तुम्हारा नाम लिखा है
यार लिखा है, प्यार लिखा है
सागर की उठती लहरों पर
हमने तुम्हारा नाम लिखा है।

