Shubhra Varshney

Abstract

5.0  

Shubhra Varshney

Abstract

नीम का पेड़

नीम का पेड़

5 mins
543


जैसे शांत तालाब के किनारे आते जाते पति खुश में पत्थर डालकर हलचल पैदा कर देते हैं उसी तरह से दीनानाथ जी कर शांत मन भी पिछले एक माह से विचलित हो रहा था।

उनके दोनों पुत्र पिछले एक माह से उनके सामने विषम समस्या उत्पन्न कर रहे थे। यह उनका सरल स्वभाव था या अपने पुत्रों के प्रति लगाव कि वह कोई निर्णय नहीं ले पा रहे थे और उनकी मांग को लगातार टालने का प्रयास कर रहे थे।

और आज तो जब उनकी अर्धांगिनी शांति देवी ने भी बच्चों के समर्थन में अपना मत दे दिया था तब से वह और बेचैन हो उठे थे।

दैनिक क्रियाओं से निवृत्त होने के बाद भी पूजा में उनका मन नहीं लगा और जलपान किए बिना ही उठ गए और जा बैठे अपने पुराने सखा आंगन में सालों से खड़े नीम के पेड़ तले।

बेहद अंतर्मुखी दीनानाथ जी जन्म से ही बहुत परिश्रमी व जुझारू प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। अपने पिता के द्वारा स्थापित किए हुए व्यापार को अपनी लगन व कर्मठता से उन्होंने बहुत ऊंचाइयों पर ला दिया था।

सरलता तो जैसे उनका जीवन था कभी किसी से छल कपट करना तो उन्होंने जाना ही नहीं था।

पिताजी से उनका सौम्य और सरल स्वभाव उन्होंने विरासत में जो पाया था और मां ने तो हमेशा विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराते रहना सिखाया था उन्हें।

जबसे उन्होंने होश संभाला घर के आंगन में खड़े नीम के पेड़ को एक पारिवारिक सदस्य के रूप में जाना।

आज भी याद आता है उन्हें उस पेड़ के इर्द-गिर्द अपनी बहन के साथ लुका छुपी खेलना, विद्यालय से आने के बाद पेड़ के नीचे बैठकर गृह कार्य करना और शाम को मां के आंचल तले कहानियां सुनना।

सावन में नीम की डाल पर झूला डाल कर घंटों में अपनी बहन को झुलाया करते।

पिताजी रोज सवेरे नीम का दातुन कराया करते और दादी वह तो ना जाने क्या-क्या करती थी कभी नीम की पत्तियों को तोड़कर पानी में डालकर उबाल थी और कभी उन्हें उससे नहला देती। और कभी दोनों भाई बहनों में से किसी को बुखार आने पर उनका बिछोना ही नीम का कर देती थी।

द्वेष क्या होता है यह तो उन्होंने जाना ही ना था।

अपनी बहन के साथ नित नई बात पर झगड़ते वह शाम को उसे ही मनाने का ना जाने कितने प्रयास करते।

नियम के चबूतरे में न जाने कितने पैसे पिताजी से लेकर उन दोनों भाई बहनों ने छुपाए थे। वहीं उनका उस समय का सबसे बड़ा खजाना था वह राज केवल दोनों भाई-बहनों तक रहता था और रहता भी क्यों ना उसका साक्षी था वह नीम का पेड़ जो उनका परम मित्र था।

एक बार उनके कस्बे में एक महामारी फैली जिसके चलते आस-पड़ोस के लोग नीम के पेड़ के पत्ते ले जाने लगे।

दोनों भाई बहन उस समय ऐसा महसूस करते थे कि उनकी सबसे प्रिय चीज कोई उनकी आंखों के सामने ले जा रहा है।

दादी लाख समझाती पत्ते ले जाने देना बहुत पुण्य का काम है पर दोनों भाई बहन हर किसी को द्वार से ही लौटा देने की पूरी कोशिश करते।

न जाने कितने अनगिनत यादें उनकी उस नीम के पेड़ के साथ थी।

दादी का देहांत तो कुछ समय बाद ही हो गया था। बहन भी शादी कर अपने घर चली गई। उनका विवाह हुआ और शांति के साथ ही उनकी जीवन में दोनों पुत्र रवि और किशोर आए।

कुछ समय बाद माता-पिता ने भी दीनानाथ जी का साथ छोड़ दिया।

जितना प्रेम वह अपनी बहन से करते थे उसका एक अंश भी उन्होंने अपने दोनों पुत्रों में नहीं देखा दोनों पुत्र परस्पर विरोधी विचारधारा के ,बहुत महत्वाकांक्षी व अल्प समय में ही सब कुछ पा लेने की इच्छा रखने वाले थे।

उन्होंने अपना सारा व्यापार दोनों पुत्रों को देकर एक तरह से सेवानिवृत्ति पा ली थी ।वह अपना सारा समय घर पर शांति और अपने परम मित्र नीम के पेड़ के साथ गुजारना चाहते थे।

परस्पर विरोधी स्वभाव के चलते उनके दोनों पुत्र कभी भी एकमत नहीं हुए और उन्होंने अलग होने का फैसला कर लिया।

जब उन्हें अलग होना था तो घर कभी दो हिस्सों में बांट जाना स्वभाविक था। पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया।

घर को समान रूप से दो हिस्सों में बांटने में अगर कोई बाधक था तो वह था आंगन के बीचो-बीच खड़ा नीम का पेड़।

पिछले एक माह से दोनों पुत्र और उनकी पत्नी शांति भी उस पेड़ को काटने के समर्थन में थे।

वह तो जैसे स्तब्ध थे इस बात की तो उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी।

वह पेड़ नहीं उनका सखा था बचपन से उनका परम सखा।

आज दोनों पुत्रों ने मकान का नक्शा बनाने वाले को बुलाया था। अपनी मां को दोनों ने बड़े प्यार से समझा दिया था कि वह बारी-बारी दोनों माता-पिता को रखेंगे।

दीनानाथ जी सोच विचार में डूबे नीम के पेड़ के चबूतरे पर आकर आंख मूंद कर बैठ गए।

उन्हें ऐसा लग रहा था कि आज वह अपनी मां की गोदी में सर रखकर बैठे हैं तभी कुछ पत्ते उनके ऊपर आकर गिरे मानो उनकी मां अपनी उंगलियों से उनके बाल सहला रही थी।

पत्तों की सरसराहट ने जैसे उनके कानों में कुछ कह दिया था, उन्हें अपनी समस्या का समाधान मिल गया था।

वह मुस्कुरा उठे क्योंकि अब वह पूर्णता चिंता मुक्त थे।

शाम को जब दोनों पुत्रों ने अपनी बात दोहराई तो उनकी पत्नी शांति ने भी उनके समर्थन में कहा

"यह बूढ़ा पेड़ आधुनिक समय में किसी काम का नहीं है इसके कटने के साथ ही दोनों बेटों के आशियाने बनने दो।"

हमेशा शांत और मौन रहने वाले दीनानाथ जी ने अपना फैसला कुछ इस प्रकार सुनाया-

" तुम दोनों अब सामर्थ हैवान हो और जब तुम्हारा साथ रहना संभव नहीं है तो अपना आशियाना स्वयं बनाओ और जब चाहो यहां घूमने आ सकते हो यह बूढ़ा नीम का पेड़ और मैं हमेशा अपनी बाहें फैलाए तुम्हारे स्वागत को तैयार हैं।"


Rate this content
Log in

Similar hindi story from Abstract