Ranjana Jaiswal

Romance

4  

Ranjana Jaiswal

Romance

मृगतृष्णा

मृगतृष्णा

11 mins
395


अभय नाम था उसका।

अभय! अभय !!अभय !!!

जितना सुंदर नाम, उतना ही प्यारा व्यक्तित्व। चेहरा फूलों -सा कोमल, आँखें रसलीन के दोहे को चरितार्थ करती हुई –अमिय हलाहल मद भरे श्वेत श्याम रतनार 

जीयत मरत झुकि-झुकि परत ज्यों चितवत इक बार।

होंठ हल्के साँवले पर खूब भरे –भरे और नाजुक। छरहरा बदन, ऊंचा कद। सब कुछ अच्छा -अच्छा सा लगने वाला। उसमें मरदाने लुक के साथ-साथ गंभीरता, शालीनता और कोमलता भी थी। ऐसा नहीं कि वह बहुत सुंदर था फिर भी उसमें कुछ ऐसा जरूर था जो नजरों के साथ मन को भी बांध लेता था। तभी तो जब वह उसकी तरफ बढ़ा तो वह उसे रोक नहीं पाई थी। वह उसकी एक पुरानी तस्वीर देखकर ही अपना दिल दे बैठा है, यह सुनकर उसे अजीब लगा, पर जीवन में कुछ भी अजीब नहीं होता। वे इतनी तेजी के साथ एक-दूसरे के करीब आए कि एक-दूसरे के बारे में जानने की जरूरत ही नहीं पड़ी। न अभय ने अपने बारे में कुछ बताया, न उसके अतीत के बारे में कुछ पूछा। जाने किस आकर्षण में बंधे दोनों एक हो गए। उनके लिए अतीत, वर्तमान, भविष्य से जुड़े प्रश्नों की जैसे कोई अहमियत ही नहीं रह गयी थी। क्या वह प्यार था ?पहली दृष्टि का प्यार या फिर देह की भूख थी। कुछ तो ऐसा था जो नया-नया सा था।

पहली बार जब वह उससे मिला था, वह अस्वस्थ थी। उसकी मित्र शांति के साथ उसे देखने आया था। आने से पहले शांति ने अपने उस मित्र से फोन पर बात कराई थी। बातचीत से वह उसे एक लम्पट युवक लगा था। एक अनजान स्त्री से वह जिस अंदाज में बात कर रहा था, उसकी अभ्यस्त न होने के कारण उसने उसे डांट दिया था। उसने उसकी डांट का बिलकुल भी बुरा नहीं माना था और उसे देखने चला आया था। सामने से वह बिलकुल अलग लगा। शालीन, सुंदर और अपना-अपना सा और यही तो उसका जादू था, जिसने उसके भीतर की कामिनी को झकझोर कर जगा दिया। अब वह खिलने को बेचैन एक कली थी, जो खुद भौंरे को आमंत्रित करती है । उसे रिझाती है ताकि अपने होने का सुख पा ले। उस मुलाक़ात में दोनों ने एक –दूसरे से कुछ न कहा। पर क्या सच ही! अपने आकर्षण को छिपाना दोनों के लिए ही संभव कहाँ हुआ ?उसकी पुरानी मित्र शांति ने इस आकर्षण को भाँप लिया था, इसीलिए वापस जाने के लिए जल्दी मचाने लगी। अभय ने जाते-जाते –‘फिर मिलेंगे” का वादा आँखों ही आँखों में कर दिया और उसे निभाया भी। वापस जाने के थोड़ी ही देर बाद उसने उसे फोन किया और फिर दिन में कई-कई बार फोन करने लगा। उसे भी उसकी बातें अच्छी लगतीं। धीरे-धीरे वह उसके करीब होता गया। एक दिन भी फोन नहीं करता तो वह बेचैन हो जाती।

हाँ, वह उसकी इस बात को टालती रही कि अकेले में मिलेंगे या साथ फिल्में देखेंगे। पर वह रोज फोन पर अपने इस आग्रह को दुहराता रहा।

उनकी दूसरी मुलाक़ात होली के दिन हुई। उसने उसके घर आने की जिद की। उसके मना करने का उस पर कोई असर नहीं था। होली हर वर्ष की तरह उसके लिए बहुत उदास थी। अकेली वह, अकेला उसका घर। सभी अपने-अपने घरों में व्यस्त। सबका अपना घर-परिवार, संसार है। बस एक वही अकेली आंसू बहाने के लिए है क्या ?क्यों? उसका मन बागी हो रहा था। नहीं, इस होली वह आँसू नहीं बहाएगी। उदास भी नहीं रहेगी। वह भी रंग खेलेगी, अबीर लगाएगी। पति नहीं, प्रेमी नहीं, दोस्त नहीं तो क्या ?वह है न अभय। बार-बार होली खेलने की जिद करता। बसंत है वह, वैसा ही रंगीला, वैसा ही सजीला। मोहक और मादक। वह दरवाजे पर दस्तक दे रहा है, आना चाहता है ...उसे रंग लगाना चाहता है। उसे वह क्यों रोक रही है ?किस सतीत्व के लिए ?किस मर्यादा के लिए ? किस पवित्रता के लिए ? जीवन के अनगिनत बसंत इनके नाम करके क्या मिल गया उसे ?यही दुख! यही तनाव! यही अकेलापन! अब और नहीं। जो चला गया उसके लिए अब नहीं रोयेगी। जो आ रहा है उसका स्वागत करेगी। अभय, यह नाम ही उसकी देह के रोम-रोम में मादकता भर रहा है। सतीत्व, मर्यादा, पवित्रता से ज्यादा मायने रखता है उसका स्त्रीत्व। अभय पुरुष है और वह स्त्री। यही एक मात्र सच है। वह पूर्ण होना चाहती है। खुद को लुटा देना चाहती है । कुछ पाना चाहती है। बहुत राख़ जमा ली है उसने देह की ज्वालामुखी के ऊपर। अभय उस राख़ को उड़ा रहा है। वह आ रहा है। उसका कन्हैया आ रहा है अपनी राधा से होली खेलने।

पहली होली ... पहला मिलन ...क्या पकवान बनाए ...क्या पहने ...घर को कैसे सजाए। आज पहला अनुभव है किसी पुरुष के साथ होली खेलने का ...कैसा लगेगा ....नहीं ...रंग नहीं खेलेगी वह। सिर्फ अबीर लगा देगी। उसे  डांट देगी-बस एक टीका लगाना ..वह भी माथे पर और कहीं नहीं ...। आखिर वह पराया है। एक ही बार तो मिली है उससे। न जाने कैसा हो? पर उसका मन अवश क्यों हो रहा है? तड़प क्यों रहा है? जैसे सदियों से बिछुड़ा हुआ प्रेमी आ रहा है। राधा का कृष्ण आ रहा है। उसका मन कृष्ण ..कृष्ण नहीं ...अभय ...अभय रट रहा है। नहीं...रोक पाएगी खुद को ...कहीं कुछ अधिक न हो जाए ...हूंह....प्रेम में अधिक क्या होता है ? प्रेम में “कोई बस “ नहीं होता। पर वह उसका प्रेमी कब हो गया? वह तो किसी और का है, उसकी एक प्रेमिका भी है। कई महिला मित्र भी हैं। वह कौन ....बस कुछ दिन की परिचिता। फिर वह क्यों आ रहा है और वह उसे क्यों बुला रही है ?पता नहीं। पता नहीं तो जाने दे...जो आ रहा है उसका स्वागत करे।

अभय आया है। रंगा-पुता। उसने उससे कह दिया है रंग नहीं खेलेगी। उसने उसे मालपुआ और मीट खाने को दिया पर वह रंग भरे हाथों से कैसा खाए।

-आप खिला दीजिए न। -उसने मनुहार किया और वह सच ही उसे अपने हाथों से खिलाने लगी। खाने के बाद उसने अबीर खेलने की जिद की। ना ..ना करती हुई भी वह आँगन में आकर खड़ी हो गयी। उसने उसके चेहरे, गले और पीठ के खुले हिस्से में अबीर लगा दिया। बाकी बचा लाल अबीर उसने उसके सिर के ऊपर डाल दिया उसके बाल रंग गए साथ ही मांग भी।

-यह क्या किया ?

“क्या हुआ? बस हमारा ब्याह हो गया और क्या"

 –वह बच्चों की तरह हँस दिया।

-गले नहीं मिलोगी ?

और फिर जाने कैसे वह उसके आलिंगन में बंध गयी। उसने उसका माथा चूम लिया। होंठों तक पहुँचने की हिम्मत नहीं जुटा पाया तो उसने खुद पहल किया। आधे घंटे तक वह इसी तरह एक-दूसरे को चूमते आलिंगन में रहे। वह जैसे सच ही उसकी परिणिता बन गयी थी। वह भी बहुत खुश था कि जिंदगी में पहली बार उसे इतना कुछ एक साथ मिला है। वह फिर आने के लिए कहकर वापस घर चला गया। फिर उनके मिलने का एक सिलसिला चल पड़ा। दोनों के बीच की झिझक मिट गयी। दूरियाँ सिमट गयीं। उसका तो जैसे जीवन ही बदल गया था। अभय जब भी बांहों में भरकर चूमता उसे लगता जैसे किसी ने जीवन भर का तनाव खींच लिया हो। जैसे देह –वीणा पर किसी ने हाथ धर दिया हो। उसके अधरों का कोमल एहसास उसकी देह में शोले भड़का देता। अजीब- सी बेचैनी.... अजब -सा खुमार। फिर गजब सी संतुष्टि ..गजब -सा सुख। इस सुख से वह सर्वथा अपरिचित थी।

जल्द ही वे बहुत पास आ गए। एक दिन भी नहीं मिलते तो तड़पने लगते। कोई पर्दा नहीं रह गया था दोनों के बीच। प्रेम के नए -नए बहाने ढूंढते। घर में कोई उपस्थित हो तो भी उसकी आँखें बचाकर मिल लेते। किचन हो या सीढ़ी या फिर और कोई सुरक्षित कोना ..गले लग जाने के लिए पर्याप्त होता फिर तो जैसे नशा ही छा जाता। पूरे समय जैसे वह नशे में झूमती रहती। दीन -दुनिया की उसे कोई चिंता नहीं रह गयी थी।

एक दिन वह पूरी तरह मिलने की बात करने लगा कि अब और दूर नहीं रह सकता। वह भी शायद यही चाहती थी पर वह हर बार उसे रोक देती। उसने कहीं पढ़ा था कि मंजिल तक पहुँचते ही प्यार कम हो जाता है। पहले -सी उत्सुकता..कशिश नहीं रहती। वह ..आवेग खुमार नहीं रह जाता। और यही तो उसे अच्छा लगता है। पर नदी को अंतत: समुद्र से मिलना ही होता है..अपना स्वतंत्र अस्तित्व मिटाना ही होता है तभी तो उसे सार्थकता का आभास होता है।

अभय की इच्छा में उसकी भी इच्छा शामिल हो गयी थी। क्या यह चाहत गलत थी ...?दुनिया तो इसे पाप ही कहती पर वह कहता –यह पाप नहीं प्यार है ...। वह भी जानती थी कि देह और मन अलग नहीं होते फिर उनका मिलन कैसे गलत है ?उसके जीवन में कोई पुरुष नहीं था। वर्षों से त्याग-तपस्या का जीवन जी रही थी। क्या प्रकृति ने उसे इतना सुगठित रूप-सौंदर्य, यौवन इसलिए दिया था कि वह इसे यूं ही खत्म कर लेती। प्याले में लबालब- भरा दूध बच जाए तो उसे नाली में बहा देने से तो अच्छा है, वह किसी भूखे के पेट में जाए। पाप-पुण्य की परिभाषाएँ सबके साथ एक -सी नहीं हो सकतीं। उसे भी सुख पाने का अधिकार है। वह सुख ढूँढने कहीं बाहर तो नहीं गयी थी, सुख खुद उसके घर आया था फिर वह उसे क्यों दुत्कार देती ?शायद ईश्वर को उसके अकेलेपन पर तरस आ गया हो। शायद ईश्वर खुद अभय के रूप में उसे सार्थक करने आया हो ? कितना अजीब था जब दस वर्ष पूर्व उसका पति अपनी पूर्व प्रेमिका से विवाह कर उसे छोड़ गया था, तो उसके खिलाफ कोई खड़ा नहीं हुआ था। पर अब अभय के उसके घर आने-जाने पर लोग पीठ पीछे टिप्पणी कर चुके थे। स्त्री के लिए यह समाज आज भी कितना क्रूर है ? उसे या तो पत्थर की देवी समझता हैं या फिर कुलटा। पर वह इन दोनों ही छवियों से अलग थी। वह एक जीती- जागती हाड़-मांस की इंसान थी, जिसमें इच्छाएँ होती हैं जज़्बात होते हैं। वह जीना चाहती थी अपनी मर्जी से ...वह किसी को धोखा नहीं दे रही थी ..किसी का कुछ छीन नहीं रही थी।

वह दुविधा में थी तो बस इसलिए कि अभय की जिंदगी में एक और लड़की भी थी। जिसका पता उसे बहुत बाद में चला था। वरना वह अभय के साथ इतना आगे नहीं बढ़ी होती। अब पीछे लौटना मुश्किल था। पर किसी का हक छीनना उसने कभी नहीं सीखा था। वह लड़की अभय की मंगेतर थी। पाँच वर्षों से उससे जुड़ी थी और उसे बहुत प्यार करती थी। पता नहीं अभय उसे कितना प्यार करता था पर वह उससे ही विवाह करने के लिए दृढ़-प्रतिज्ञ था।

वह यह बात भी जानती थी कि अभय जीवन भर के लिए उसका नहीं हो सकता। उसे एक दिन जाना ही है। पर वह कल के बारे में नहीं सोचना चाहती थी। वर्तमान का नशा उस पर हावी था। वह तो यह भी नहीं सोच पा रही थी कि अपनी भावी पत्नी को धोखा देकर उसके पास आने वाला उसे कभी भी छल सकता है।

आखिर एक दिन अभय चला गया। जाना ही था, पर इतनी जल्दी और इस तरह चला जाएगा, उसने सोचा तक न था। एक झटके में वह सब हो गया, जो नहीं होना चाहिए था। उसने उसके विश्वास, उसके प्रेम, उसकी भावना की कुर्बानी दे दी, वह भी महज अपने क्षुद्र स्वार्थ के लिए। वह कुछ दिनों के लिए उसके साथ रहने आई उसकी चचेरी छोटी बहन पर आसक्त हो गया। हालांकि इसमें बहन का भी बड़ा हाथ था। उसके मना करने पर वह विरोध पर उतर आया और एक दिन गुस्से में चला गया तो फिर कभी नहीं लौटा।

वह तो उसकी भावी पत्नी के लिए खुद को मना चुकी थी पर उसकी इस लंपटता को वह नहीं सह पाई।

तो क्या उसका पहला आकलन ही सही था कि अभय एक लम्पट पुरूष है !क्या उसे अकेली स्त्री जानकर उसके पास आया था ?क्या उसके लिए देह ही एक सच था ?शायद हाँ। शांति ने एक बार उससे कहा भी था –वह स्त्री को करीब से जानना चाहता है। भावी पत्नी विवाह पूर्व इसकी इजाजत नहीं देती, तो इधर-उधर भटकता रहता है। उसने सोचा, उसे पाकर उसकी भटकन समाप्त हो जाएगी, पर नहीं। उसने साबित कर दिया कि आदतें नहीं बदलतीं। उसके बाद भी वह दूसरी स्त्रियों में रुचि लेता रहा। उन्हें शिकार बनाता रहा। बहन के मामले में तो उसने हद ही कर दी। वह उसके ही घर में उसके ही सामने उससे संबंध बनाना चाहता था। उसने बहन को वापस भेज दिया तो नाराज हो गया। जाने कैसे उसने सोच लिया था कि वह उसके साथ के लिए कुछ भी कर सकती है...कुछ भी। पर वह इतनी कमजोर नहीं थी। वह कहता था कि वह उसके जैसी बने। क्षणों में जीने वाली। जहां..और जिसके साथ रहे उसी के साथ मस्त। पर वह उसके जैसी नहीं हो सकती थी।

कितना प्यार किया था उसने अभय से। उसके लिए सब कुछ छोड़ दिया था। इहलोक..परलोक, दीन -धरम सब। हर जगह बस उसे ही देखती थी, उसी में जीती थी। फिर भी वह चला गया। उसका अपराध था तो बस इतना ही कि वह जितनी उसकी थी, उतना ही उसे अपना बनाना चाहती थी। पर वह किसी का नहीं था, न हो सकता था, भविष्य में भी शायद ही हो सके। किसी का होने के लिए जिस समर्पण की जरूरत होती है, वह उसमें नहीं थी। वह सोचता था ‘दे देना’ ही पर्याप्त है। वह नहीं जानता था कि देह में मन आत्मा जैसी चीज भी होती है। प्रेम में धूर्तता, चालाकी, स्वार्थ व दुनियादारी जैसी चीज नहीं होती। उसमें ये चीजें नहीं थी, तभी तो वह प्रेम कर सकी पर वह तो सब कुछ साथ लेकर चलता रहा। जब भी वह इन सबसे अलग रहा वह उसे देव पुरुष लगा ..बेहद अपना लगा ..प्रेम कर सका ..पर जब भी दुनियावी छायाएँ उसके साथ रहीं, वह बेहद अश्लील..कामुक और क्षुद्र लगा। वह उसका यह रूप देखकर तड़प उठती थी, अवसाद में चली जाती थी। शायद यही उसका असली रूप था। शायद सभी पुरूष उसके जैसे ही होते हैं। वे प्रेम नहीं करते बस प्रेम का खोल चढ़ाए रहते हैं। वे कहते हैं प्रेम करते हैं ..मरकर ही अलग हो सकते हैं पर सब झूठ होता है। अभय भी एक झूठ था फिर भी वह उसे प्रेम करती रही।

शायद इसे ही मृग तृष्णा कहते हैं। प्रेम रूपी जल का आभास उसे भी दौड़ाता रहा था।



Rate this content
Log in

Similar hindi story from Romance