STORYMIRROR

Amit Singhal "Aseemit"

Abstract Drama Classics

4  

Amit Singhal "Aseemit"

Abstract Drama Classics

माला के बिखरे मोती (भाग ५२)

माला के बिखरे मोती (भाग ५२)

5 mins
302

     अब रात को रोज़ की तरह डिनर भोज काका तैयार कर रहे हैं और घर की महिलाएं सभी पुरुषों का ऑफ़िस से लौट आने का इंतज़ार कर रही हैं। आज शांति भी वहीं पर मौजूद है। वह कोठी में कहीं भी कभी भी आती जाती रहती है। उसको कोई रोक टोक नहीं है। वैसे वह रोज़ शाम को इस्त्री किए हुए कपड़े लेकर कोठी में आती ही है और शाम को भी सुबह की तरह एक बार सबके कमरों में जाती भी है।


     अब जब घर के पुरुषों के घर लौटने का समय भी रहा है, तो वह फटाफट इस्त्री किए हुए कपड़े कोठी के बाहरी हिस्से में अपने कमरे में लेने चली गई है। ऐसा वह रोज़ नहीं करती है। रोज़ तो वह जब शाम को कोठी में आती है, तो इस्त्री किए हुए कपड़े अपने साथ लेकर आती है और सबके कमरों में रखने जाती है। लेकिन आज वह जान बूझकर देर से कपड़े लेने दोबारा गई है। जिससे जब विजय ऑफ़िस से लौटकर अपने कमरे में जाए, तब वह भी उसी समय कमरे में जा सके और चाँदनी के खिलाफ़ विजय के कान भर सके।


     इधर, अब सभी पुरुष ऑफ़िस से लौट आए हैं। सभी पुरुष कुछ देर ड्राइंग रूम में बैठकर फ़्रेश होने अपने अपने कमरों में रोज़ की तरह चले गए हैं। तभी चाँदनी भी विजय के रात के सोने के कपड़े विजय को देने चलने लगी है, तो तभी शांति ने उसको पीछे से आवाज़ लगाई,


     "अरे रुकिए चाँदनी भाभीजी, आप आराम से यहीं बैठिए। मैं इस्त्री किए हुए कपड़े आपके कमरे में रखने तो जा ही रही हूं। मैं ही विजय भैयाजी को रात के कपड़े दे दूंगी।"


     चाँदनी मुस्कुराकर बोली,


     "ठीक है शांति। जब तू ये कपड़े रखने मेरे कमरे में जा ही रही है, तो तू ही दे देना अपने विजय भैयाजी को उनके रात के कपड़े। देख लेना, वहीं बेड के पास सोफ़ा पर ही रखे हैं। उनको बेड पर रख देना। इनको हमेशा अपने पहनने वाले कपड़े बेड पर रखे हुए मिलने चाहिए। ये इधर उधर नज़र नहीं दौड़ाते हैं...हाहाहा!"


     शांति कुटिलता से मुस्कुराते हुए बोली,


     "आप बिल्कुल चिंता न करें भाभीजी। मैं देख लूंगी।"


     विजय अपने कमरे के वॉशरूम से फ़्रेश होकर निकला ही है, तभी शांति वहाँ पहुंच गई है। विजय इस समय शांति को अपने कमरे में देखकर थोड़ा हैरान हुआ है।


विजय: शांति, तू इस समय यहाँ मेरे कमरे में क्या कर रही है? तू तो अक्सर शाम को ही कपड़े रखकर चली जाती है।


शांति: हाँ भैयाजी। माफ़ करिएगा। आज मुझे कपड़े इस्त्री करके लाने में थोड़ी सी देर हो गई है क्योंकि आज दिन भर कोठी में नाच गाना चलता रहा था। इसलिए मेरा मन भी यहीं लगा रहा था। कपड़े इस्त्री करने का मन ही नहीं किया। 


विजय: नाच गाना...? कैसा नाच गाना चलता रहा?


शांति: कुछ नहीं भैयाजी। बस ऐसे ही। जबसे आप लोग माया दीदी की ननद की शादी से लौटे हैं, तबसे चाँदनी भाभीजी का मन नाच गाने से हट ही नहीं रहा है। बार बार शादी के वीडियोज़ देखे जा रही हैं। आज दोपहर में घर की सभी औरतें ख़ूब नाची गाई हैं। सबने ख़ूब मस्ती की है।


विजय (खुश होकर): अच्छा, यह तो बहुत अच्छी बात है। 


      शांति ने सोचा था कि यह बात जानकर विजय को बुरा लगेगा। लेकिन उसकी चाल तो उल्टी पड़ गई। वह थोड़ा संभली।


शांति: हाँ भैयाजी। हम सबको बहुत मज़ा आया। सच में, चाँदनी भाभीजी बहुत अच्छा डांस करती हैं। सभी ने उनके डांस की बहुत तारीफ़ की। 


विजय: हाँ शांति। मेरी बीवी है ही बहुत होनहार और सुंदर भी...हाहाहा!


शांति: हाँ भैयाजी। यह बात तो है। लेकिन फिर आगे तो सुनिए! उसके बाद भावना भाभीजी ने उन्हें डांस एकेडमी खोलने के उनके सपने के बारे में याद दिलाकर उकसाया।


विजय: लेकिन चाँदनी के डांस एकेडमी खोलने के सपने की बात तो शादी से पहले ही ख़त्म हो गई थी। जब हमने उसको साफ़ साफ़ कह दिया था कि इस घर की बहू बेटी कोई नौकरी या व्यवसाय नहीं करती हैं।


शांति: वही तो बात है भैयाजी। फिर न जाने क्यों, भावना भाभीजी ने चाँदनी भाभीजी को डांस एकेडमी खोलने के सपने की याद दिलाकर उकसाया। भावना भाभीजी को ऐसा नहीं करना चाहिए था।


विजय: सही बात है शांति। भावना भाभीजी ने यह ठीक नहीं किया। चाँदनी तो बहुत उदास हो गई होगी?


शांति: हाँ भैयाजी। चाँदनी भाभीजी बहुत रोई हैं आज दिन भर। आज दोपहर के बाद घर का माहौल बहुत उदासी भरा रहा। 


विजय: फिर क्या हुआ?


     शांति अब समझ गई कि उसकी चाल सफल हो रही है और विजय पर उसकी बातों का असर हो रहा है।


शांति: उसके बाद तो सभी भाभियों ने चाँदनी भाभीजी को उनके सपने की दुहाई देते हुए उकसाना शुरू कर दिया। शुरू में सिर्फ़ मम्मीजी ने उनका विरोध किया था। लेकिन सभी भाभियों ने उनसे ख़ूब बहस की और उन पर दबाव बनाया। तब मम्मीजी उनके आगे झुक गईं।


विजय: अच्छा, ऐसा किया सब बहुओं ने आज? मुझे तो विश्वास ही नहीं हो रहा है। 


शांति: हाँ भैयाजी। मैं हमेशा सच बोलती हूं। आप तो जानते ही हैं। मुझे झूठ बोलकर क्या मिलेगा? मैंने तो जो देखा सुना था, आपको बता दिया है। अब आप तैयार रहिएगा। अब चाँदनी भाभीजी आपसे डांस एकेडमी खोलने की इजाज़त माँगेंगी। मैं तो यह सोचकर परेशान हूं कि इतने बड़े खानदान की बहू अब पब्लिक को खुश करने के लिए और पैसा कमाने के लिए नाच गाना करेंगी, तो लोग तरह तरह की बातें करेंगे। हमारे यहाँ तो नाचने वाली औरतों को बहुत गंदी नज़र से देखा जाता है। ऐसी औरतों की कटीली नचनिया और न जाने क्या क्या कहकर पुकारा जाता है। लोग तो ऐसी औरतों को अपनी महफ़िलों में नाचने के लिए बुलाते हैं। 


विजय (थोड़ा चिढ़कर): ठीक है, ठीक है शांति! अब तू ज़्यादा बात न कर! अब तू जा यहाँ से। वर्ना सबको लगेगा कि न जाने तू कहाँ रह गई।


शांति: ठीक है भैयाजी, मैं अब चलती हूं। मैं तो आपके कपड़े देने आई थी। और हाँ, आपके रात को पहनने के कपड़े सोफ़ा पर रखे हैं। आप पहन लीजिएगा। शुभ रात्रि।


विजय: ठीक है। मैं पहन लूंगा। शुभ रात्रि।


     शांति विजय के मन में चिंगारी सुलगाकर कुटिलता से मुस्कुराती हुई उसके कमरे से बाहर निकल आई है। अब वह मन ही मन यह सोचकर खुश हो रही है कि यह चिंगारी अब पूरे घर को जलाकर ही रहेगी। (क्रमशः)



विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Abstract