स्वच्छ भारत
स्वच्छ भारत
आओ साथियों मिलकर सारे
एक अभियान चलाएंगे।
गांव -गांव में जाएंगे हम
देश को स्वच्छ बनाएंगे।।
स्वच्छ रहेंगे - स्वस्थ रहेंगे
गांधी जी का सपना था,
एक रहेंगे मिलकर सारे
गांधी जी का कहना था ।
स्वच्छता का मिलकर यारों
घर - घर अलख जगाएंगे।
गांव - गांव में.....
बीमारी से दूर रहेंगे
चारों ओर खुशहाली होगी,
हरियाली - दीवाली होगी
ख़ुश बच्चे घरवाली होगी।
सड़ा गला बाजारों का
नहीं खाएंगे - खिलाएंगे।
गांव - गांव में.....
सारे जहां को सुंदरता की
एक तस्वीर दिखा देंगे
नई इबारत लिखकर यारों
सब को मंत्र सिखा देंगे।
स्वच्छता का चंहु ओर हम
परचम यह लहराएंगे।
गांव - गांव में.....
विद्यालय हो अस्पताल या
मंदिर, मस्ज़िद, गुरुद्वारा,
नदी, सरोवर, निर्झर, नाले
स्वच्छता का लक्ष्य हमारा।
हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई
मिलकर साथ निभाएंगे।
गांव - गांव में.....
घर हमारा - गांव हमारा
देश का कोना - कोना सारा,
आओ सुन्दर इसे बनाएं
सारे जहां में सबसे प्यारा।
तन - मन को भी स्वच्छ रखेंगे
यह शपथ दोहराएंगे।
गांव - गांव में.....
