STORYMIRROR

Manju Rani

Tragedy Inspirational

4  

Manju Rani

Tragedy Inspirational

हम मानव

हम मानव

2 mins
389

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे।

अपने स्वार्थ के लिए अपनों को ही श्रद्धांजलि दिए जा रहे,

जीवित इंसानों को पूजते नहीं मृतों के लिए गीता पढ़े जा रहे।

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे।


जीवन की पृष्ठभूमि पर हम कुछ परिवर्तित से हुए जा रहे,

अपने कर्मों से विमुख हो अपने को आनंद से परे लिए जा रहे,

मृत्यु का आगमन तो निश्चित पर समय से पहले बुलाते जा रहे।

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे।


आत्मज और आत्मजाओं को बड़ी-बड़ी पोथियाँ पढ़ाते जा रहे,

पर जीवन के सुखमय पलों को जीना सिखाना तो भूले जा रहे,

हम कुछ कलयुग के कलपुर्जे से बनते जा रहे।

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे।


सुंदर रमणीय स्थानों को कंक्रीट के जंगल बनाए जा रहे,

अमृता कब से तरू से चिपकी हमारे जागने का इंतजार कर रही

और हम बंद कक्ष में काम और अर्थ में विलुप्त हुए जा रहे।

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे ।


धरा के जीव-जंतुओं को उनकी प्रकृति से विमुख किए जा रहे ,

पक्षी अपनी नीड बुनने के लिए विटप ढूँढे जा रहे ,

घरों के रोशनदानों में अपने घर बसाए जा रहे।

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे।


वन के राजा पाषाणों के जंगलों में दहाड़े जा रहे ,

कपि एक छत से दूसरी छत छलांग लगाए जा रहे।

हम उनके जंगल काटते जा रहे और वो विलुप्त होते जा रहे।

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे।


तन मन से हम कितने रावण से होते जा रहे, 

अहंकार के ढेर पर खड़े खुद को सर्वोच्च बताते जा रहे

और अपने ही गुणों को अवगुणों में अवतरित करते जा रहे।

हम मानव हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे।

अपने को ईश्वर मान, दूसरों को कम आंकते जा रहे ,

ईश्वर हर तन में बसता, हर कण में बसता, ये भूलते जा रहे,

इस धरा का सम्राट बनने की होड़ में जाने कहाँ चले जा रहे।

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे हैं।


हम ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति, क्यों ये भूलते जा रहे,

क्यों उसे उसकी नजरों में गिराने के कर्म किए जा रहे,

हम क्यों अपने ही ईष्ट से दूर हुए जा रहे।

हम मानव क्यों हिरण्यकश्यप से बनते जा रहे।


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi poem from Tragedy