त्रियाचरित्र
त्रियाचरित्र
"क्या तुम कल उदयपुर आ सकती हो ? तुम्हे बताया तो था ; मेरे और रिद्धिमा के बीच कुछ भी सही नहीं चल रहा है। रिद्धिमा ने मेरे और मेरे घरवालों के ऊपर 498 A और घेरलू हिंसा का केस दायर कर दिया है। ऐसा कुछ करेगी ,इसका थोड़ा आभास तो था ही ,इसलिए हम लोगों ने अग्रिम जमानत के लिए याचिका डाल ही रखी थी। मेरी मेडिकल कंडीशन को देखते हुए गिरफ्तारी कुछ समय तक टल गयी है।"कपिल ने अपनी दोस्त रिया को फ़ोन करके बताया।
" निश्चित तौर पर आ सकती हूँ। मैं आज ही लीव के लिए एप्लीकेशन दे देती हूँ और आने -जाने का आरक्षण करवा लेती हूँ। लेकिन पूरी बात तो बताओ। उसने दहेज़ का केस किस आधार पर दायर कर दिया। ",रिया ने कपिल को अपने आने का कन्फर्मेशन देते हुए पूछा।
"मेरी तरफ से तो फेरों के समय केवल तुम ही उपस्थित थी। हमारे समुदाय के रीति रिवाज़ों से तो तुम परिचित हो ही। रिद्धिमा ने आरोप लगाया है कि मैंने फेरों में बैठने से इंकार कर दिया था और ६० लाख रूपये नगद लेने के बाद ही विवाह संपन्न हो पाया था। सारे गवाह उसी की तरफ के हैं। तो तुम्हे पुलिस को केवल सच्चाई बतानी है। "कपिल ने अपनी बात समाप्त कर फ़ोन रख दिया था।
रिद्धिमा ,रिया और कपिल तीनों राज्य सेवा के अधिकारी थे। तीनों की मुलाक़ात राज्य सेवा के प्रशिक्षण के दौरान ही हुई थी। रिया पहले से ही विवाहित थी। रिया और कपिल दोनों एक ही सेवा सहकारी सेवा में थे। रिद्धिमा महिला विकास सेवा में थी। रिद्धिमा और कपिल एक ही जाति के थे। इसलिए कपिल ने सोचा कि घरवाले किसी न किसी लड़की से तो शादी करवाएंगे ही। रिद्धिमा अपनी जाति की भी है ,पढ़ी लिखी भी है और ट्रेनिंग के दौरान हम एक दूसरे को जान समझ भी सकते हैं. लव कम arrange मैरिज भी हो जायेगी । हमारे समाज में तो कुछ लोग प्यार भी जाति देखकर ही करते हैं।
रिया दोनों की शादी से पहले रिद्धिमा से २-३ बार ही मिली थी। उसे रिद्धिमा थोड़ी अजीब लगी थी। कपिल उसके बैच का सबसे सुलझा हुआ लड़का था ,तो उसे लगा था रिद्धिमा उसके लिए सही लड़की नहीं है। उसने कपिल को बोला भी। लेकिन तब कपिल ने कहा ,"रिद्धिमा अजीब नहीं है ,बल्कि वह बहुत सीधी है ,उसे दुनियादारी की समझ नहीं है। भगवान् ने हमें इसलिए ही मिलाया है कि,मैं उसे सम्हाल सकूं। "
रिया कपिल को ज्यादा कुछ बोल नहीं सकती थी। उसे लगता था कि रिद्धिमा को कोई मेन्टल प्रॉब्लम भी है। जब रिया उससे पहली बार मिली थी तो रिया ने रिद्धिमा की जैकेट की तारीफ की थी। रिद्धिमा ने उसे धन्यवाद न कहकर ,यह बोला कि ,"मोंटेकार्लो की है,पूरे 6000 रूपये की है । "रिया को सुनकर बड़ा अजीब लगा था।
ऐसे ही जब रिद्धिमा और कपिल के घरवालों ने उनकी शादी की औपचारिक अनुमति दे दी तो ,सारे दोस्तों ने दोनों से ट्रीट मांगी। ट्रीट के लिए दिन भी तय हो गया। सब लोग रिद्धिमा और कपिल का इंतज़ार कर रहे थे। पता चला कपिल और रिद्धिमा में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था।रिद्धिमा ट्रीट के लिए आना नहीं चाह रही थी ,उसे मनाने में कपिल को काफी समय लगा। हम सब इंतज़ार करते रहे।
कपिल और रिद्धिमा की शादी में भी रिया गयी थी। बारात में रिया के अलावा कोई लड़की नहीं थी। फेरों में भी केवल लड़की की तरफ के ही सब लोग थे। कपिल की तरफ से सिर्फ रिया थी। वहां पर दहेज को लेकर तो कोई बात ही नहीं हुई थी।
शादी के बाद रिद्धिमा ने कपिल का सब दोस्तों से मिलना जुलना बंद करवा दिया। रिया और कपिल की बस फ़ोन पर ही कभी कभी बात हो जाती थी। रिद्धिमा ने कपिल पर जोर डाला कि वह अपने घरवालों से सारे सम्बन्ध तोड़ ले। कपिल ने समझाया कि रिद्धिमा चाहे तो अपने ससुराल न जाए लेकिन उसे तो अपने घरवालों के पास जाना ही होगा। वह कैसे सम्बन्ध तोड़ सकता है।
कपिल ने अपना ट्रांसफर भी दूसरे शहर में करा लिया था। ताकि दूरी से उनके बीच चीजें ठीक हो सके। कपिल बहुत ही तनाव से गुजर रहा था। तब ही यह पता चला कि ज्यादा ब्लड प्रेशर के कारण कपिल की दोनों किडनी की दक्षता लगातार कम हो रही है।कपिल का ट्रीटमेंट शुरू हो गया था। रिद्धिमा ने कपिल के हालचाल भी जानने को कोशिश नहीं की।
उन्हीं दिनों रिद्धिमा ने रिया को फ़ोन किया ताकि रिया कपिल को समझाए। तब रिया ने रिद्धिमा को कहा ," कपिल को क्या समझाऊँ। आज जब उसे तुम्हारी ज़रुरत है ;तुम बेकार की बातों को लेकर उससे झगड़ा कर रही हो। " तब रिद्धिमा ने बताया था की वह प्रेगनेंट है। रिया ने उसे बोला ," अगर तुम्हारे बीच इतनी ही दिक्कत है तो ऐसे हालातों में बच्चे के बारे में मत सोचो। अभी भी समय है तुम चाहो तो एबॉर्शन करा लो। "
तब रिद्धिमा की बात सुनकर रिया को धक्का लगा था। रिद्धिमा ने कहा कि , " मेरे वकील ने बोला है कि यह बच्चा तो मेरे लिए हथियार का काम करेगा। इस बच्चे को जनम तो जरूर देना है। " रिद्धिमा की घटिया सोच ने यह साबित कर दिया था कि ज्यादा गलती उसी की थी। कपिल ने तो रिया को बताया तक नहीं था कि बात यहाँ तक पहुंच गयी है और यह मैडम तो वकील से भी मिल रही है।
इसी बीच पता चला कि कपिल की दोनों किडनियों ने काम करना बंद कर दिया है। डॉक्टर ने किडनी ट्रांसप्लांट के लिए बोला। कपिल को उसके बड़े भाई ने किडनी डोनेट की। उसके घरवालों ने ही उसकी देखभाल की। रिद्धिमा तो केवल उससे एक बार मिलने गयी। वहां पर भी उसकी शिकायत थी कि प्रेगनेंसी के दौरान उसकी कोई देखभाल नहीं कर रहा,जबकि उसके मम्मी पापा उसके साथ रह रहे थे।
अब जिन घरवालों ने कपिल को दूसरा जनम दिया ,उनसे सारे रिश्ते नाते तोड़ने का तो सवाल ही नहीं उठता था। इस बीच रिद्धिमा ने भी एक बेटी को जनम दिया ,कपिल का स्वास्थ्य जब थोड़ा स्थिर हुआ ,तब ही वह अपनी बेटी को देखने जा सका। रिद्धिमा ने घर लौटने के लिए वही अपनी पुरानी शर्तें रखी। कपिल के लिए उन्हें मानना मुमकिन नहीं था।
जब रिद्धिमा अपनी बेटी के जरिये भी अपने मनसूबों में कामयाब नहीं हो पायी;तब शायद उसने यह झूठा दहेज़ और घेरलू हिंसा का मामला दायर किया है।
रिया ने उदयपुर जाकर पुलिस को फेरों के दौरान क्या घटित हुआ ,ये तो बता दिया। कपिल ने अपनी तरफ से तलाक का केस भी दायर कर दिया है। दोनों मामले चल रहे हैं। रिया तो केवल दुआ ही सकती है कि फैसला कपिल के हक़ में हो। सही में त्रियाचरित्र को कोई नहीं समझ सकता।
