आज मर्दों का दिन है..!
आज मर्दों का दिन है..!
आज मर्दों का दिन है,
तो एक सवाल उठता है,
आखिर किस मर्द का जश्न मनाया जाए?
उसका जो अपनी ताकत के नशे में
किसी कमजोर को झुका दे,
या उसका जो ताकतवर होकर भी
मोम सा पिघल जाए,
उसका जो घर की चारदीवारी में
अपनी हुकूमत चलाता है,
या उसका जो हर घर में
हर स्त्री को बराबरी का हक दिलाता है?
उसका जो आँसुओं को कमजोरी कहता है,
दर्द को सीने में छिपाता है,
या उसका जो टूटकर भी कुछ चुपके से रो लेता है,
उसका जो प्रेम में अधिकार जताता है,
हर साँस पर पहरा बिठाता है,
या उसका जो प्रेम करके भी
प्रेम में सब कुछ लुटाता है,
उसका जो अपनी जीत के लिए
किसी का आत्मसम्मान कुचल देता है,
या उसका जो हारकर भी
किसी का दिल नहीं दुखाता है?
उसका जो पिता बनकर
जिम्मेदारियाँ निभाता है,
और बच्चों के सामने
अपने आंसुओं को सीने में दबाता है ,
उसका जो दुनिया के सामने
पत्थर होने का नाटक करता है,
या उसका जो भीतर से बिखरकर भी
सबके लिए हौसला बन जाता है,
आखिर मर्दानगी की पहचान
कंधों की चौड़ाई से क्यों हो?
किसी की आँखों में डर पैदा करने से
किसी का कद बड़ा क्यों हो?
मर्द वह नहीं जो किसी को रुलाकर
अपनी ताकत का एहसास कराए,
मर्द तो वह है जो किसी की आँखों में
आँसू आने से पहले ही उसके दर्द को समझ जाए।
जो स्त्री को सम्मान दे,
बच्चों को प्यार दे,
माता बाप का सहारा बने,
और खुद से भी इंसान होने का रिश्ता निभाए।
क्योंकि मर्द होना कोई उपलब्धि नहीं,
इंसान होना सबसे बड़ी बात है।
और शायद...
आज मर्दों का दिन नहीं,
आज उस इंसानियत का दिन मनाना चाहिए,
जो एक पुरुष के भीतर भी
जिंदा रहनी चाहिए।
