STORYMIRROR

संजय असवाल "नूतन"

Abstract Fantasy Others

4.5  

संजय असवाल "नूतन"

Abstract Fantasy Others

मैं अब पत्थर होना चाहता हूँ..!

मैं अब पत्थर होना चाहता हूँ..!

2 mins
6

छोड़ दी हैं मैंने खुद से अपेक्षाएँ रखना,
ना किसी का दामन अब चाहता हूं,
बहुत जी लिया उम्मीदों के सहारे,
किसी के इंतज़ार में अब नहीं रहना चाहता हूं।

सपनों से भी अब कोई रिश्ता नहीं,
खुली आंखों से सोना चाहता हूं,
जिन ख्वाबों को कभी पलकों पर सजाया 
उन्हीं को आंखों से मिटाना चाहता हूं।

अब ना मुस्कुराने की कोई वजह है
ना दिल का दर्द छिपाना चाहता हूं,
निभा लिया दुनियां से बहुत रिश्ता
अब आँसुओं को बहने देना चाहता हूं।

नहीं चाहिए मुझे अब कोई नया आसमान,
न पंखों की उड़ान चाहता हूं,
न सूरज की रोशनी की कोई चाह मुझे,
न हवाओं में गीत गुनगुनाना चाहता हूं।

बस अब कुछ महसूस न हो,
न किसी के आने की हो खुशी,
न किसी अपने के जाने का ग़म
न टूटने का डर,ना होंठो पर हो हंसी।


मैं अब कुछ नहीं बनना चाहता,
ना मैं खुद के लिए कुछ चाहता हूं,
ना सफल,विजेता, या कोई मिसाल,
मैं बस पत्थर होना चाहता हूँ।

जिस पर बारिश की बूँदें गिरें
तो कोई कंपन न हो,
जिसे कोई ठोकर मारे तो
कोई शिकायत न हो।

जिसके भीतर कोई तूफान न उठे,
जिसकी आँखों में कोई समंदर न बहे,
जिसके सीने में ना कोई उम्मीद पले,
ना कोई उस पर अपना सर रखे।

अब मैं थक गया हूँ...!

हर बार खुद को समेटते,समेटते,
हर बार संभल कर टूटकर बिखरते ,
हर बार खुद को समझाते
सब ठीक होगा ये भरोसा दिलाते।

काश!
कोई समझ पाता.....!

हर खामोश इंसान शांत नहीं होता,
कुछ लोग भीतर से टूट रहे होते हैं
उनके पास संवरने की अब ताकत नहीं बची,
और
शायद...
इसीलिए मैं खुद से दूर होना चाहता हूं,
मैं अब बस पत्थर होना चाहता हूँ।


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi poem from Abstract