पिता ईश्वर का अवतार
पिता ईश्वर का अवतार
जीवन का आधार पिता है।
खुशियों भरा संसार पिता है।
पल पल की हर खबर रखे जो,
ऐसा अद्भुत अवतार पिता है।
भोजन थाली में प्यार सजा।
ग्रास ग्रास पितृत्व बसा।
जो बचा उसे फिर पा करके,
फिर बच्चों संग मिल बैठ हँसा।
दुनिया का चमत्कार पिता है।
खुशियों भरा संसार पिता है।
त्योहारों के आने पर ,
सबके बसन निराले हैं।
कोई हरे गुलाबी नीले
कोई काले काले हैं।
घर में हैं बस एक अकेले,
फटे पुराने कपड़ों में
वो कोई और नहीं इक,
पिता झूल रहा रिश्तों में।
सबके मूल में परिवार पिता है।
खुशियों भरा संसार पिता है।
मेले का हर कोना उंगली पकड़ दिखाता।
जो जो भाता मन को वहाँ वहाँ ले जाता।
हर खिलौना अपना है गर,
प्यार पिता का पाता।
दिव्यता का सार पिता है।
खुशियों भरा संसार पिता है।
सबके दर्द सहकर पालते सभी को।
खुद के दर्द दफन कर बोलते सभी को।
हमें क्या हुआ हम तो स्वस्थ और कुशल हैं,
खुद को खिलखिलाता दिखाते सभी को।
अखिल ईश्वर साकार पिता है।
खुशियों भरा संसार पिता है।
