मां (2)
मां (2)
मां सा
कोई फरिश्ता नहीं,
मां सा सगा
कोई रिश्ता नहीं।
खुद भगवान,
मां को बनाने के बाद ,
अनेकों प्रयास के बाद।
मां जैसा कोई ना बना सके,
मां का विकल्प न ढूंढ सके।
मां तो ममता का झरना है,,
बच्चों पर झरता रहता है,
जीवन भर।
मां तो आशीषों का खजाना है,
बच्चों को मिलता रहता है,
जीवन भर।
मां बैठी रहती है,
बीमार बच्चे के
सिहराने रात भर,
नींद भी हार जाती है।
मां करती है
तमाम काम दिन भर,
थकान भी हार जाती है।
न जाने इतना सब्र,
इतना संबल,
मां कहाँ से लाती है
परिवार की सेवा में
अपने सारे दुखदर्द
भूल जाती है
पीहर की जब
याद सताती है,
अपना बक्सा खोल
बैठ जाती है
देखती है अपना सामान
पीहर से मिल लेती है।
ईश्वर खुद,
मां की ममता का,
आनंद लेना चाहते हैं।
इसीलिए तो,
अवतार लेकर,
धरा पर आते हैं।
बालक बन,
मां की गोद में,
खेलते हैं।
मां में अपना रूप,
देखते हैं।
