जग के हित में कुछ कार्य करें
जग के हित में कुछ कार्य करें
है दिया समाज ने हमें सदा
देने की अपनी बारी अब ,
कुछ तो कर्तव्य हमारे भी
जग के हित में कुछ कार्य करें।
सुख चैन सभी के जीवन में
बेरोक - टोक , हर वक्त मिले
ना किसी का जीवन धूमिल हो
अन्याय का सब प्रतिकार करें ।
सब शिक्षित हों, सुरक्षित हों
कर्त्तव्य के प्रति वे लक्षित हों,
अनजान जो थे अब तक हमसे
अपनेपन से आचार करें।
ना हो बच्चों का शोषण अब
ना दुर्व्यवहार बुजुर्गों से,
अधिकार मिले हर नारी को
पशुओं से सही व्यवहार करें।
सृष्टि ने दिया जो दान हमें
कैसे वो कर्ज चुकाएंगे?
करें हिफाजत कुदरत की
प्रकृति को व्यक्त आभार करें।
सौभाग्यशाली हैं वे मनुष्य
औरों के लिए जो जीतें हैं,
हैं मानवता के गुण उनमें
जीवनभर जो परोपकार करें।
योगदान अपना भी कुछ
दायित्व समाज के प्रति भी हो ,
सुंदर, खुशहाल, सुदृढ़ समाज का
स्वप्न हो सच , ये विचार करें।
