हमें गर्व है हम कहलाएँ हिंदी भाषी
हमें गर्व है हम कहलाएँ हिंदी भाषी
हिंदी का हम पग -पग पर सम्मान करेंगे।
हिंदी भाषा बोलेंगे औ" मान करेंगे ।
हमें गर्व है हम कहलाएँ हिंदी भाषी,
हिंदी की महिमा का जग में गान करेंगे।
बहुत सरल है सारे बोलो हिंदी भाषा।
सारी दुनिया बोले हिंदी ,है अभिलाषा।
खुशी-खुशी अपनाएँ गे सब मिलकर हिंदी,
मिट जाएगी सारे जग की ज्ञान-पिपासा।
हर पल हम तो हिंदी का ही ध्यान धरें गे ,
हिंदी का हम पग-पग पर सम्मान करेंगे।
हिंदी सबकी माता है ,है सबकी बहना ।
सब को लेकर साथ चले इसका क्या कहना।
राज्य-भाषा राष्ट्र-भाषा हो अब हिंदी,
हिंदी का विस्तार करेगी हिंदी सैना ।
पछताएँगे हिंदी का अपमान करेंगे,
हिंदी का हम पग-पग पर सम्मान करेंगे।
बंगला हो, मलयालम हो, या हो फिर सिंधी।
सबको मीत बना लेती है अपनी हिंदी ।
हिंदी कौमी एकता का आधार बनेगी,
है यह भारत माता के माथे की बिंदी।
सारे मिलकर हिंदी का रसपान करेंगे,
हिंदी का हम पग -पग पर सम्मान करेंगे।
भाषा से भाषा टकराना भूलो यारों।
झूला एक बनाओ उसमें झूलो यारों।
एक हुए हम, एक रहें हम ,बड़ी बात है,
अपने जीवन में खुशियों को छू लो यारों।
हर भाषा का भारत में उत्थान करेंगे,
हिंदी का हम पग- पग पर सम्मान करेंगे।
क्यारी फूलों की हैं ये सारी भाषाएँ।
जुड़ी हुई हैं हिंदी से इनकी आशाएँ।
सब मिल जाओ हिंदी को अपना कर देखो,
पूरी होंगी सबके मन की अभिलाषाएँ ।
सब मिल भारत माँ का जय -जय कार करेंगे।
हिंदी का हम पग पग पर सम्मान करेंगे।
