चैलेंज दिन 28 — हमारा अपना 'हमेशा के लिए'
चैलेंज दिन 28 — हमारा अपना 'हमेशा के लिए'
दोस्ती प्यार नाता
मोहित के जाने के बाद आराधना विवेक बात करने लगे विवेक ने बोला, "यह तो मोहित ने अजीब सी उलझन में डाल दिया है, शादी तो हमें करनी ही है, लेकिन सोनू से पूछना पड़ेगा उसके जीवन में कोई लड़की तो नहीं है?"
आराधना बोली, "ठीक है, बात कर लेंगे, सोनू जब आया था तो मैंने उस से एक दो बार शादी की बात की भी थी, तो उसने टाल दिया था, अब खुल कर बात करनी पड़ेगी।"
"हम लड़की की फोटो दिखाएंगे, अगर उसके जीवन में कोई होगा तो बोल भी सकता है, नहीं होगा तो शायद मान जाएगा, बाकी प्रभु इच्छा।" आराधना बोली।
विवेक ने कहा, "वैसे है वह बच्ची बहुत प्यारी, तुम्हारे साथ इतने अच्छे से बात कर रही थी।"
"बेटी के साथ अपनी फोटो खिंचवाई थी ना, सोनू को वही भेज कर कोई बात छोड़ कर देखो।"
"हां ठीक है मैं कुछ करती हूं, रुको थोड़ा काम समेट लूँ फिर मैसेज करती हूं।"
आराधना ने अपनी और चारु की फोटो अपने बेटे सोनू को भेजते हुए मैसेज किया- "देखो बेटा यह पापा के फ्रेंड की बेटी है, इसको भी यू. एस. पढ़ने आना है, अगर तुम्हारी तरफ ही कहीं उसका एडमिशन हो जाए तो इसकी मदद करना जितना सब पॉसिबल हो सके।"
बच्चों की एक बात बहुत अच्छी है कि वह रिप्लाई तुरंत करते हैं, इसलिए तुरंत ही आराधना की बेटे का रिप्लाई आ गया-
सोनू -अच्छा मम्मी...पापा के फ्रेंड की बेटी है, ओ.के. नाइस गर्ल!! ठीक है, जब एडमिशन हो तो बताइएगा देखेगा क्या करना है।
आराधना - क्या बोले तुम नाइस गर्ल?
सोनू - अरे मम्मी आपको बुरा लग गया क्या? आपसे कम सुंदर है।
आराधना- पागल कहीं के मुझे क्यों बुरा लगेगा, वह तो तुमने नाइस बोला तो पूछ रही हूं, तुम्हें अच्छी लग रही है क्या?
सोनू -हां, अच्छी लग रही है।
आराधना- बेटा ठीक है!!! अभी तुम ऑफिस जाने की तैयारी करो हम लोग भी सोते हैं।
आराधना ने विवेक से बोला, "सोनू को अच्छी लग रही है, भगवान चाहेगा तो बात बन जाएगी।"
आराधना और विवेक आज अपनी बहू के ख्यालों में सोएंगे, ऐसा लग रहा है दोनों ही शादी के नाम से बहुत उत्साहित है।
अगले दिन मोहित ने आराधना को फोन किया वह बहुत खुश दिख रहा था उसने बोला, "मैं हमेशा तुम्हारे साथ प्रेम और रोमांस के बारे में सोचता रहा, लेकिन यह बात तो मुझे और भी अच्छी लग रही है, तुम मेरी बेटी सास और मेरी समधन बन जाओगी हमारा तो रिश्ता जुड़ जाएगा, मेरी बेटी को इतना अच्छा घर मिलेगा और मुझे क्या चाहिए।"
"सच कहूं तो मुझे भी बहुत अच्छा लग रहा है, क्योंकि मैं चारु से मिली मुझे बहुत अच्छी लगी, मैं जानती भी हूं कि बच्ची की माँ नहीं है तो मुझे लग रहा है मैं उसको मां का प्यार दे पाऊं, तुम्हारी बेटी के लिए कुछ कर पाऊं।" आराधना बोली।
मोहित ने बोला, "तुम अपने बेटे की फोटो मुझे भेज देना, मैं मौका निकाल कर चारु से बात करूंगा चारु को स्कॉलरशिप मिल गई है, वह भी अमेरिका पढ़ने जाएगी और यह हमारे बच्चों के लिए अच्छा ही है, दोनों अमेरिका में रहेंगे मिल भी लेंगे, एक दूसरे को पसंद कर लेंगे, चारु तुमसे बहुत इंप्रेस थी उसको तुम बहुत अच्छी लगी थी।"
"वैसे मेरी पसंद है ही अच्छी, मेरी बेटी को क्यों नहीं पसंद आएगी।" मोहित ने चुटकी ली। "अच्छा सुनो नाराज मत होना, अब समधन बन जाओगी तब विवेक के सामने भी तुमसे हंसी मजाक कर लिया करूंगा।"
"हां हां ठीक है, कर लिया करना, वह तो तुम्हारा हक होगा, पहले समधन बनने तो दो।" कहते हुए आराधना नहीं फोन रख दिया।

