सत्ता की चादर
सत्ता की चादर
शीश झुकाकर पूछा, नौजवान नेता ने
वरिष्ठ नेता से "आप गुरु हैं हमारे
राजनीति में सफलता के मंत्र बताइए"
वरिष्ठ नेता बोले "गरिष्ठ बनो, पचो मत जल्दी
या पचो ऐसे कि कि दस्त हो जाएं
जटिल बनो, कठिन बनो
किसी भी मीडियम के हो किन्तु मीडिया में बने रहो
बने रहने के लिए मीडिया में यानि जनता के दिमाग में
बकते रहो कुछ भी, भौंकते रहो कुत्ते की तरह
वक़्त आने पर काट भी लो कभी कभी
ताकि दो चार केस चलते रहें
कुछ गुंडों का लालन पालन करो
उन्हें झंडे और डंडे थमाओ
हर बात का विरोध करो
सही हो या गलत
आरोप लगाते रहो, गालियां बकते रहो
जब तक सत्ता की छप्पन व्यंजन की थाली न मिल जाए
कुर्सी के लिए किसी भी हद तक चले जाओ
विरोधियों को श्राप, खुद को वरदान कहो
दुश्मनों का अपमान, खुद का सम्मान करो
सब को चोर खुद को साहूकार कहते रहो
जब विरोध करने को कुछ न हो
तो हवा में गालियां उछालो
हर मुद्दे पर अपनी टांग अड़ा लो
अनशन न हो बस का तो चक्काजाम करो
हडताल करो, बंद करो, धरना दो
गड़े मुर्दे उखाड़ते रहो
कोई लतियाये तो हंसकर झाड़ते रहो
बकवास करो, बहस करो
हर सीधी बात को भी उल्टा करो
इससे मीडियावान बने रहोगे
राजनीति की चौसर पर चलना पड़े तो चल दो
बीबी, बच्चों को भी
दाव लगाना पड़े तो लगा दो माँ बाप को भी
ध्यान रहे कोई सगा नहीं होता राजनीति में
हर वक़्त दगा होता है राजनीति में
दगा देते रहो, अफ़वाहों को हवा देते रहो
धर्म की आड़ लो, जाति की आड़ लो, भाषा की आड़ लो
और भाड़ में झौंक दो सब कुछ
क्योंकि सत्ता से बड़ा कुछ नहीं होता
गुरु को दक्षिणा में अंगूठा देने का नहीं रहा चलन
गुरु का अंगूठा काटकर अपने चुनाव चिन्ह पर लगवा लो
वक़्त पड़ने पर गुरु को लघु कर दो
और बन जाओ उनके इकलौते वारिस "
शिष्य ने भी किया ग़ज़ब
वरिष्ठ नेता की पुत्री से भागकर विवाह किया अजब
और पुत्री की सलामती के लिए वरिष्ठ नेता से करवाया सन्यास
और खुद बन गए पार्टी अध्यक्ष बिना प्रयास
गुरु की बात मानी और सत्ता की मखमली चादर तानी।
