सपाट सीना
सपाट सीना
सपाट सीने वाली लड़कियां हर जगह से ठुकराई गयीं
रिश्ते की बात करने आए लड़के वालों ने
जब नजर भर के उसे देखा तो फिर
उसका कोई और हुनर मायने न रहा
किसी चित्रकार ने अपने खूबसूरत चित्रों में
जगह नहीं दी उस स्त्री को
जिसके सीने पे उभार न था
चित्र बनाने के लिए सुडौल शरीर का बिम्ब सबसे आकर्षक था
आए दिन देखा तिरस्कार
सहेलियों के चुटकुलों में, पति की नज़रों में
अंतरंग क्षणों में भी वो प्रेमी के सामने सहमी-सहमी सी रही
कभी खुद को ही आईने में देख हुई शर्मिंदा
कभी पैडेड ब्रा में छिपाती रही खुद से खुद को ही
उसके लिए छाती पर दुपट्टा डालना
भरे बदन वाली लड़की जितना ही जरूरी था
ताकि वो बचा सके खुद को उस पर हंसती हुई लालची नज़रों से
हाँ, भरे बदन का मतलब भरी हुई छातियों से ही है शायद।
