सज्जन और सुजन
सज्जन और सुजन
कौन सरोवर से कहता है-
" तुम सबको पानी देना " ?
कौन फूल से कहता- " महको,
औरों को महका देना।" ?
रोज सवेरे आकर क्यों रवि
जग को उजियारा है देता..?
किसके कहने से शशि आकर
मधुर चाँदनी बिखराता...?
रोज रात को जलकर दीपक
अंधकार क्यों हरता है...?
वृक्ष.... फूल, फल, छाया देकर
व्यर्थ कष्ट क्यों सहता है...?
क्यों बागों में आकर कोयल
गीत मधुर गा जाती है...?
बिना कहे क्यों धरती बोलो
इतना कष्ट उठाती है...?
किसने कहा, बहो, नदिया से
जीवों का उद्धार करो....?
बाधाओं से जूझ-जूझ कर
जीवन का विस्तार करो।
ये सज्जन हैं और सुजन सब
करते हैं उपकार सभी का
बिना किसी के कहे सत्य जन
हर लेते हैं कष्ट सभी का........।
