कलम की आवाज
कलम की आवाज
सच कहता था, सच लिखता था, जो तुमको मंजूर नहीं था।
जो तुम चाहो.... वहीं लिखूँ मैं...यह मुझको मंजूर नहीं था।
सत्य नहीं लिख पाऊँ मैं, इसलिए हाथ मेरा तोड़ा।
पर मेरे दृढ़ निश्चय ने मेरा...... संकल्प नहीं तोड़ा।
सिर्फ हाथ ही टूटा है, आवाज़ अभी भी बाकी है।
देश प्रेम की चिंगारी, कुछ और अधिक ही जागी है।
देश बेच खाया तुमने, बस कोरा भाषण झाड़ा है।
जिसने भी आवाज़ उठाई, उसको जिंदा गाड़ा है।
मेरे साथ यही होगा, लेकिन मुझको परवाह नहीं।
मर जाऊँगा, पर होंठों पर होगी कोई आह नहीं।
अलख जगाई है मैंने, वो कभी नहीं बुझ पायेगी,
सोई जनता जाग गई तो, तुझको सबक सिखाएगी।
