गंगा दशहरा
गंगा दशहरा
मैं गंगा गंगोत्री को पवित्र कर
हिमालय के हृदय चीर कर !
अविरल बहती हूं मैं उन्मत्त अविराम ,
हृदय में व्यथा, वेदना, विरह अपार लिए ,
कलकल निनाद करती है सुबह शाम !
हृदय में लिए लाखों संताप को,
जल में जलाती अपने आप को ,
तप्त दग्ध हृदय को देती हूं आराम !
मचलती रही मैं शिवालिक धाम में,
उथल उठी मैं भगीरथ के आह्वान में ,
बन गई पवित्र और नयन अभिराम !
मलीनता लिए फिरती हूं मैं जग में,
मैला मुझे करते है सब चराचर में ,
अंततः भी पवित्र गंगा है मेरा नाम !
तट पर है मेरा हरित कानन की छाया ,
पुष्प से वन उपवन में सुगंध समाया,
है कितने पवित्र पुण्य तीर्थ धाम !
तीर्थ से ही धन्य हूं मैं जगत में,
पूर्ण हूं मैं संतों के आओ भगत में,
जग का कल्याण ही है मेरा काम !
