वो खौफ़नाक सपना

वो खौफ़नाक सपना

2 mins
538


राशि आज बहुत खुश थी। पहली बार उसे घर से बाहर निकलने और हॉस्टल में रहने का मौका मिला था।

हॉस्टल का ये कमरा उसे बेहद सुकून दे रहा था।


रात का खाना खत्म करने के बाद कमरे में सामान लगाते हुए लगभग आधी रात हो चुकी थी। अचानक उसे बेहद तेज प्यास लगी। उसने देखा उसका बोतल खाली था। वो पानी लेने बाहर निकली।


बाहर एक कोने में उसे एक लड़की दिखी। उसके रोने की धीमी-धीमी आवाज़ राशि के कानों में आयी। वो एक पल के लिए तो डरी, पर फिर हिम्मत करके उस लड़की के पास गयी।


उस लड़की की आँखों से लाल रंग के आँसू गिर रहे थे।

डरते-डरते राशि ने पूछा, "कौन हो तुम?"

उस लड़की ने कहा, "मैं कभी इसी हॉस्टल में रहती थी। उसी कमरे में जिसमें तुम हो। पर एक दिन..."

राशि ने डरते हुए फिर पूछा, "क्या एक दिन...???"


उस लड़की ने जवाब दिया, "अचानक एक दुर्घटना में मेरी मौत हो गयी और मेरा कमरा मुझसे छीन गया।"

ये सुनकर राशि को लगा वो बेहोश हो जायेगी। फिर भी उसने हिम्मत करके एक अंतिम सवाल उस लड़की से पूछा, "कैसे हुयी थी तुम्हारी मौत?"

ये सवाल सुनकर उस लड़की ने अचानक ही अपने तेज लंबे नाख़ून राशि के गले पर चुभाए और बोली, "ऐसे..."

इसके साथ ही हवाओं में एक डरावनी हँसी गूँज गयी... और राशि की झट से आँख खुली। उसने चौंककर इधर-उधर देखा तो पाया वो अपने पलंग पर थी।


राशि ने डरकर अपने गले पर हाथ फेरा तो पाया वो ठीक था, लेकिन प्यास के मारे बुरी तरह सूख रहा था। पानी पीने के लिए उसने बोतल उठायी, लेकिन बोतल में पानी नहीं था।

राशि ने कमरे से बाहर झांका, और फिर उसे अपना वो डरावना सपना याद आ गया।


लेकिन वातावरण को शांत पाकर वो धीरे-धीरे कमरे से निकली और मन ही मन भगवान को याद करते हुए पानी लेकर वापस कमरे में आ गयी।

आँखों ही आँखों में सारी रात काटने के बाद सुबह होते ही राशि हॉस्टल-वार्डन के पास पहुँची और कमरा बदलने की अर्जी देते हुए स्वयं को उस डरावने सपने के असर से मुक्त करने के लिए मंदिर की तरफ बढ़ गयी।


Rate this content
Log in

Similar hindi story from Thriller