रोशनी के उस पार
रोशनी के उस पार
"रोशनी के उस पार" —कहानी
शहर में दीवाली की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही थीं। बाजार रंग-बिरंगी झालरों से सज चुके थे और मिठाइयों की दुकानों पर भी काफी भीड़ थी। हर घर में सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट का काम चल रहा था। बच्चे नए कपड़ों और पटाखों की जिद कर रहे थे।
लेकिन उसी शहर के एक कोने में बनी टूटी-फूटी झोपड़ी में रहने वाली दस वर्षीय गुड़िया के घर में न रोशनी थी, न मिठाई और न ही दीवाली की कोई तैयारी।
गुड़िया अपनी माँ के साथ रहती थी। पिता का देहांत दो वर्ष पहले एक बीमारी के कारण हो गया था। माँ लोगों के घरों में बर्तन साफ करके किसी तरह परिवार का पेट पालती थी। पिछले कुछ दिनों से माँ भी बीमार थी और काम पर नहीं जा पा रही थी।
दीवाली की सुबह गुड़िया ने अपनी माँ से पूछा,
"माँ! इस बार हम अपने घर में कितने दीये जलाएँगे?"
माँ ने अपनी कमजोर आँखों में मुस्कान लाने की कोशिश करते हुए कहा, "बेटी, इस बार हम एक ही दीया जलाएँगे। लेकिन ऐसा जलाएँगे कि हमारा पूरा घर रोशन हो जाएगा।"
गुड़िया खुशी से उछल पड़ी, उसने माँ को गले लगाकर कहा, "माँ, मैं आज ही बाजार से दीया लेकर आऊँगी।"
वह घर से निकली और बाजार की ओर चल पड़ी। रास्ते में उसने कई दुकानें देखी, जहाँ लोग हजारों रुपये की सजावट खरीद रहे थे। एक दुकान के बाहर रंग-बिरंगे दीयों की कतार लगी थी। गुड़िया कुछ देर उन्हें निहारती रही।
दुकानदार ने उसे देखते हुए पूछा, "क्या चाहिए बिटिया?"
गुड़िया ने धीरे से कहा, "चाचा, एक छोटा-सा दीया कितने का है?"
दुकानदार ने उसे जवाब दिया,"दस रुपये का।"
गुड़िया ने अपनी मुट्ठी खोली। उसमें केवल पाँच रुपये का एक सिक्का था।
वह मायूस होकर बोली, "चाचा, पाँच रुपये में मिल जाएगा क्या? मेरी माँ बीमार है। मैं उनके लिए दीया जलाना चाहती हूँ।"
दुकानदार ने उसकी बात अनसुनी कर दी। गुड़िया चुपचाप आगे बढ़ गई।
कुछ दूर चलने पर उसे मिठाई की दुकान के पीछे कूड़े के पास मिठाई का एक छोटा-सा डिब्बा दिखाई दिया। उसमें दो टूटे हुए लड्डू पड़े थे। उसने उन्हें उठाया, साफ किया और अपने दुपट्टे में बाँध लिया।
उसके चेहरे पर मुस्कान लौट आई, वह मन ही मन बोली, "आज माँ को मिठाई भी खिलाऊँगी।"
शाम होने लगी और पूरा शहर दिवाली की रोशनी से जगमगा उठा। आसमान आतिशबाजी की आवाजों से गूँजने लगा। लोग एक-दूसरे को मिठाइयाँ बाँट रहे थे।
गुड़िया घर पहुँची तो माँ खाँसते हुए चारपाई पर लेटी थी गुड़िया को देखकर वह बोली, "आ गई मेरी बिटिया? दीया लाई?"
गुड़िया ने अपनी मुट्ठी में रखा पाँच रुपये का सिक्का माँ को दिखाते हुए कहा, "माँ, दीया तो नहीं मिला, लेकिन देखो, आपके लिए मिठाई लाई हूँ।"
माँ ने डिब्बा खोला। टूटे हुए लड्डू देखकर उसकी आँखों से आँसू बह निकले, उसने बेटी को सीने से लगा लिया और कहा- "बेटी, तूने मेरे लिए इतना सब किया। तू ही मेरी दीवाली है।"
गुड़िया ने माँ के आँसू पोंछते हुए कहा, "माँ, रो मत। मैं हूँ न! अगले साल बहुत सारे दीये खरीदूँगी।"
तभी बाहर से पटाखे की तेज आवाज आई। गुड़िया डरकर माँ से लिपट गई।
उसी समय पड़ोस में रहने वाले एक बुजुर्ग शिक्षक वहाँ से गुजर रहे थे। वो बाजार से दीवाली की खरीददारी करके अपने घर लौट रहे थे, झोपड़ी के अंदर से आती सिसकियाँ सुनकर वे रुक गए। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और झोपड़ी के भीतर चले गए।
दीवाली में भी अंधेरे में डूबी झोपड़ी के अंदर का करुण दृश्य देखकर उनकी आँखें नम हो गईं।
उन्होंने गुड़िया के हाथ में पाँच रुपये का सिक्का देखा और पूछा, "बेटी, तुमने दीया क्यों नहीं खरीदा?"
गुड़िया ने मासूमियत से जवाब दिया, "दादाजी, पाँच रुपये में दीया नहीं मिलता। लेकिन माँ कहती हैं कि हमारे घर में एक दीया जल जाए तो भी दीवाली हो जाएगी।"
बुजुर्ग शिक्षक कुछ पल मौन रहे। फिर उन्होंने अपने थैले में से दीया, तेल, बाती, मिठाई और कुछ फल निकाले और गुड़िया को देते हुए उन्होंने कहा, "बेटी, आज तुम्हारे घर का दीया मैं जलाऊँगा। लेकिन एक वादा करो, जब तुम बड़ी हो जाओगी तो किसी गरीब के घर का अंधेरा जरूर मिटाना।"
गुड़िया ने सिर हिलाकर हामी भर दी और खुश होकर अपने झोपड़ी में दिया जलाया जिसकी रोशनी से वह अंधेरी झोपड़ी रोशन हो गई, उसके बाद उन्हें दीवाली की बधाई देकर वो बुजुर्ग अपने घर लौट गए।
माँ बेटी उन बुजुर्ग को दुआएँ दे रहे थे क्योंकि उनके कारण ही उस रात उस छोटी-सी झोपड़ी में एक मिट्टी का दीया जला। माँ के चेहरे पर सुकून था और गुड़िया की आँखों में भविष्य के सपने।
शहर में हजारों घर रोशन थे, लेकिन उस झोपड़ी में जल रहा एक छोटा-सा दीया शायद सबसे ज्यादा चमक रहा था। क्योंकि वह दीया केवल तेल और बाती से नहीं, बल्कि इंसानियत, प्रेम और करुणा से जल रहा था।
कहानी का संदेश-
दीवाली केवल अपने घर को रोशन करने का त्योहार नहीं है, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियों का उजाला भरने का अवसर भी है।
याद रखिए, जिस दीवाली पर हमारे आसपास में किसी गरीब के घर चूल्हा न जले, किसी भूखे बच्चे को मिठाई न मिले और किसी माँ की आँखों में आँसू हों, वहाँ हमारी जगमगाती रोशनी भी अधूरी है।
इस दीवाली अपने घर में भले कितने ही दिये जलाएँ, लेकिन एक दीया किसी जरूरतमंद के जीवन में जरूर जलाएं।
— ✍️ मुकेश कुमार सोनकर,
"सोनकरजी"
भाठागाँव रायपुर छत्तीसगढ़
