डियर दी : हीरो
डियर दी : हीरो
"मम्मी हीरो क्या होता है? हम तो फ़िल्म में जो मेन लीड होता है उसको हीरो कहते है।" चारु ने प्रिया से सवाल किया।प्रिया की १२ साल की बेटी चारु कुछ पढ़ रही थी कि प्रिया से ये सवाल कर बैठी।
थोड़ी देर चुप रहने के बाद प्रिया बोली, "हीरो एक ऐसा शब्द जो अपने अंदर लाखो भावनाए छुपाए हुए है जो हर सिचुएशन में हमे प्रेरणा दे वही हीरो। जैसे फ़िल्म के मेन लीड रोल की तुमने बात की वैसे ही हमारे जीवन की फ़िल्म में जिसका लीड रोल हो वही हमारा हीरो।"
"अच्छा मतलब मेरे हीरो पापा है।" चारु चहकी।
प्रिया उसके सर पे हाथ फेरते हुए बोली, "सही कहा हर बेटी का पहला हीरो पापा ही होता है; फिर जीवन मे और भी लोग जुड़ जाते है।"
प्रिया अपने बारे में सोचने लगी; बच्चे भी सोचने पर मजबूर कर देते है। अचानक से सोचते हुए उसको लगा कि पिछले दिनों फोन पर बात करते हुये उसने अपने एक हीरो को शायद दुखी और नाराज कर दिया था। उसको हमेशा प्रेम खुशी और संरक्षण मिला जिस से उसको ही दुखी किया लेकिन वो ऐसा कभी चाहती नही थी।वो पेन पेपर उठा लाई और चिट्ठी लिखने लगी, भले आज कल चिट्ठी का रिवाज नही रहा पर वो लिखेगी।
डियर दी (दीदी)
बहुत सी बातें ऐसी हैं जो मैं आज तक तुम से कह नहीं पाई, सोचा तुम को एक पत्र लिख दूँ । पहली बात ये की तुम मेरे जीवन की मेरी हीरो हो।
दीदी... यह रिश्ता, यह शब्द कितना मायने रखता है मेरे लिए; मैं कह कर नहीं समझा सकती हूँ। एक बहन के साथ; माँ, सहेली सब रूप हैं तुम्हारे और एक बड़े भाई की तरह आपने सदैव मेरे चारों तरफ एक सुरक्षा कवच भी बना के रखा।
सुरक्षा से याद आया दी; तुम ने उस लड़के को क्यों पीटा था....याद आया तुम को? जब हम दोनों कही जा रहे थे, वो क्या बोला मैं सुन भी नहीं पाई थी…..शायद वह अपने शहर का पहला और आखिरी किस्सा होगा जब लड़कियों के बड़े भाइयों की तरह पीटा था तुमने उस छिछोरे को।
जब तुम होस्टल गईं थी और सख्त हिदायत थी कि हफ्ते एक चिट्ठी तुम को जरूर लिखी जाए पर कई बार लेट हो जाता था, इसमें मम्मी की नहीं, हमेशा मेरी ही गलती होती थी। क्या लिखूँ समझ ही कहाँ आता था मुझे और तुम देरी के लिए मम्मी पर गुस्सा करती और मैं बच जाती थी।
जब तुम होस्टल में थी, भैया मुझे यह कह कर परेशान करता था कि- दीदी नहीं है तो ये दुखी है कि अब किस की पूँछ बन के घूमे।
तुम त्योहारों की छुट्टियों में आती; मुझे हिंदी के श्लोक, दोहा पढ़ा के जाती। अपने बेटे को पढ़ाते समय वो सब याद आता तो तुम्हारी ही आवाज गूँजने लगती थी उस समय।
तुम और मम्मी काला चूर्ण खाने को मना करती थीं लेकिन कई बार मैंने छुप कर खाया था। एक बार कम्पटीशन किया- जीभ की नोक पर कौन देर तक रखता है, मेरी जीभ कट गई, पर मैं जीत गई थी; घर में झूठ बोला कि दांत से कटी है।
अब मैं अंतरराष्ट्रीय यात्राएं अकेले करती हूँ फिर भी एयरपोर्ट के बाहर आते ही तुम मेरा हाथ पकड़ लेती हो, ये अहसास कैसा है? बता नहीं सकती, आज उन्नीस साल के बेटे और बारह साल की बेटी की माँ होने के बावजूद भी तुम्हारे सामने खुद को सत्रह-अठारह साल की किशोरी समझती हूँ।
आज तक जो कुछ तुम से अनकहा था; लिख दिया है.... शायद सब।मेरे कहने से तुम ने पिछले दिनों अपने पचासवें जन्मदिन की पार्टी की थी, ऐसे ही सौवें व एक सौ पचासवें जन्म दिन की पार्टी करती रहो भगवान तुम को लंबी आयु दे और हर जन्म में मेरी बहन बनाये यही कामना है।
तुम्हारी,
प्रिया
आज अपने हीरो के सामने अपनी भावनाएं व्यक्त करने के बाद प्रिया बहुत खुश थी वो पत्र को पैक करते हुए सोच रही थी हम सब को समय-समय पर अपने जीवन के हीरो को अपने दिल के भाव बताते रहने चाहिये।
