मेरी जन्मभूमि
मेरी जन्मभूमि
सिंधु से सिंधु पर्यन्त है हमारी जन्मभूमि,
वैदिक ऋषियों से लेकर बुद्ध तक, नानक से गोविंद तक
चैतन्य से रामदास तक,
दयानंद से विवेकानंद तक,
महापुरुष, इसी पावन भूमि में जन्मे, पले और फले फूले,
इस भूमि की रज के प्रत्येक कण से उनके पद स्पर्श की प्रतिध्वनि सुनाई देती है,
पृथ्वी, प्रताप,शिवाजी, छत्रसाल और गुरु गोविंद सिंह जो ढाल थे हिंदवाने की,
हम एक राष्ट्र, एक जाति, एक संस्कृति हैं,
हमारी स्थिति एक थी, हमारी गति एक थी, हमारी हार एक थी,
हमारी जीत भी एक थी,
इस भूमि के प्रत्येक गिरि और कंदराओं में शिव, कपिल, व्यास, बुद्ध, शंकराचार्य और रामदास की स्मृति समीर आज भी बह रही है,
कहीं भागीरथ ने राज्य किया, कहीं है कुरुक्षेत्र विद्यमान, कहीं रामचंद्र के वनवास के वो स्थान,
कहीं जानकी के स्वर्ण मृग दर्शन का वह स्थान,
कहीं यमुना का वो तट जहां गोपाल ने विश्व मोहिनी मुरली बजाई,
कहीं बोधवृक्ष है खड़ा,
कहीं वह तपोवन है विद्यमान महावीर के निवार्ण का,
यहां के हर स्थान और पाषाण में किसी न किसी हुतात्मा की
पुण्य कथा संचित है,
हे ! जन्मभूमि तुम्हारी प्रत्येक रज कणिका यज्ञ भूमि हो गई है,
तभी तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत भूमि पुण्यभूमि बन गई है।।
