लाए हैं जाने कैसे इसे....
लाए हैं जाने कैसे इसे....
उसके जवाब में है, जो चाहे सवाल कर
सीने से रख दिया है कलेजा निकाल कर
दुनिया के इस फ़रेब में दिल फँस गया मेरा
कब से रखा हुआ था इसे देखभाल कर
कुर्बत नसीब थी कभी फ़ुर्कत नसीब है
सब कुछ दिया खुदा ने भी क़िस्मत में डाल कर
वो उड़ के पंछी कब का मेरी छत से जा चुका
दाना जिसे देता था कटोरी में डालकर
मरते हैं जाने लोग भला कैसे इश्क़ में
जीने लगे हैं हम तो तेरा दर्द पाल कर
मालिक तेरी पुकार सुनेगा ज़रूर तू
अपने धरम करम को ज़रा बेमिसाल कर
करनी थी पूरी ज़िद तो मैं बच्चे सा हो गया
क़ामिल हुई हैं ख्वाहिशें अक्सर बवाल कर
तस्वीर बन गई जो तेरी ख़ुद ही रात में
लाए हैं जाने कैसे इसे अश्क़ ढाल कर
क़िस्मत के फ़ैसले कभी होते नहीं हैं यूँ
हारे हो तुम ये कह दिया सिक्का उछाल कर
फिर तीरगी का डर न सताए तुम्हें कभी
आँखों में तुम रखो जो ये ‘दीपक’ उजाल कर
