STORYMIRROR

हौसला

हौसला

1 min
27.2K


देने वाले मुझे इतना ही हौसला देना

कि जब कोई बच्चा मुझे देख कर

मुस्काए

तो मैं भी मुस्कुरा सकूँ विमुक्त हो कर

जी भर कर

निःसंकोच हो कर!


जब कोई फूल मुझे नजर आए खिलता हुआ

तो दो क्षण ठहर कर

उसे निहारने का समय निकाल लूँ

ऐसा हौसला मुझे देना

देने वाले।


जब प्रार्थना में

जुड़े हो मेरे हाथ

तब मेरा ध्यान लगा रहे थोड़ी देर के लिए ही सही

उसी जगह

जहां मैं बैठा हूँ

नेत्र बन्द किए

किसी अनजान की खोज में,

तब मुझे इतना हौसला देना कि

उचट न जाए मेरा ध्यान!


जब कोई मुझे

अकस्मात् आकर गले लगा ले

तब मैं भी उसे गले लगने दूँ

ऐसा हौसला मुझे देना

कि

कोई बच्चा फल तोड़े

पेड़ की डाल झुक जाए

और किसी को पता ही न चले।


ऐसा हौसला देना मुझे कि

कोई मुझे देख हाथ जोड़े और झुके

तो मुझे मन ही मन कोई पछतावा न हो

कोई शर्म न आये

कि मेरे आचरण

सदा इस योग्य रहे।


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi poem from Drama