मेरा घर कहाँ है!
मेरा घर कहाँ है!
"मम्मी को अरूई के पत्ते का रिकवच बहुत पसंद था!"
'..कढ़ी और दल-भरी पूरी भी। '
''उड़द की दाल भी बनानी चाहिए!"
"बाजार से समोसा और भूनी मूँगफली भी मँगवा लेना!"
'--हाँ मम्मी जी की पसंद की हर चीज खाने में होनी चाहिए। '
''आखिरी भोजन होगा उनका। अपनी पसंद की चीजें खाकर उनकी आत्मा तृप्त होगी। ''
मेरी दोनों ननदें और दोनों देवरानियां मम्मी जी की पसंद की चीजें बनाने में लगी हुई हैं। मुझे इस अभियान में शामिल नहीं किया जा रहा है। मैं कुछ हाथ बँटाना चाहती हूँ तो साफ मना कर दिया जा रहा है जैसे मैं कोई अछूत होऊँ और मेरे छूने से मृतक आत्मा को कष्ट होगा।
तीन दिन पहले ही मम्मी जी का देहांत हुआ है। वे लंबे समय से बीमार थीं। शुगर लास्ट स्टेज पर था और एक-एक कर उनके अंग जवाब देने लगे थे। दुर्भाग्य-वश उनकी मृत्यु के समय मैं उनके पास नहीं थी। साक्षात्कार देने इलाहाबाद गयी हुई थी। मेरे पति भी साथ थे ,जो इस घर के सबसे बड़े बेटे हैं। मम्मी के देहावसान की खबर सुनते ही हम रिजर्वेशन कैंसिल कराकर निकल पड़े थे पर घर पहुँचते-पहुँचते रात हो गयी और घरवालों ने दुपहर बाद ही उनका दाह-संस्कार कर दिया था। उनके अंतिम दर्शन न कर सकने के कारण मन दुखी था। हमें आया देखकर सबने मुंह फेर लिया। पापा जी ने कहा –अपने घर जाओ परसों पूजा है तब आ जाना।
पति मुझे लेकर घर आ गए। यहाँ यह बता दूँ कि ससुराल में मुझे जगह नहीं दी गयी थी,इसलिए हम किराए के मकान में रहते थे।
दूसरे दिन सुबह ही हम वहाँ पहुँच गए पर किसी ने मुझसे बात न की। मेरे पति जबर्दस्ती भीतर जाकर भाई-बहनों के बीच बैठ गए तो वहाँ से ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने की आवाज आने लगी। मैं बाहर के बारामदे में चुपचाप अकेली बैठी हुई थी। बहन की तेज आवाज आई-तुम घर के सबसे बड़े बेटे थे। तुमने माँ की चिता में आग तक नहीं लगाई। मम्मी को कितना कष्ट हुआ होगा। वह तुम्हें कितना प्यार करती थी। तुम औरत के पीछे-पीछे चले गए। कोई जरूरी था जाना ,उन्हें अकेले भेज दिए होते या फिर इंटरव्यू नहीं देतीं तो क्या बिगड़ जाता।
मेरे पति सफाई दे रहे थे पर वे अपराध-बोध से भी भरे हुए थे। उन्हें भी मुझ पर ही गुस्सा आ रहा था कि मेरे कारण वे अंतिम बार अपनी माँ का मुंह नहीं देख पाए। मैं सोच नहीं पा रही थी कि मेरा दोष क्या है ?मम्मी लंबे समय से बीमार थीं। कई बार अस्पताल से ठीक होकर आ चुकी थीं। एक दिन की तो बात थी। रात की गाड़ी से हम गए थे तीसरे दिन सुबह तक आ जाते। अब यह किसको पता था कि जिस दिन मेरा इंटरव्यू है ,उसी सुबह मम्मी जी चली जाएंगी।
मम्मी जी की सारी विधियाँ आर्य-समाज विधि से हो रही थीं। तेरह दिन का बवाल किसी को नहीं पसंद था। तीन अन्य बेटे और उनकी बहुएं व दो बेटियाँ और उनके पति सब आए थे और जल्द से जल्द वापस जाना चाहते थे। तीसरे दिन सुबह हवन था और साथ ही रात में मृतक-भोज भी। मैं सुबह ही आ गयी थी। पर मुझे कोई काम नहीं करने दिया जा रहा था ,कोई मुझसे बात तक नहीं कर रहा था। मैं घर की बड़ी बहू थी ,पर मुझे जैसे इस घर का माना ही नहीं जा रहा था। सभी मम्मी की पसंद की चीजें बना रही थीं ,पर कोई मुझसे कोई राय नहीं ले रहा था। उल्टा-सीधा बस खाना बनाया जा रहा था। मैं मम्मी की पसंद को उनलोगों से ज्यादा जानती थी। उनकी पसंद की चीजें बनाकर खिलाती जो रही हूँ। ये लोग तो कभी रसोईघर में जाती ही नहीं थी। नौकर –दाई के भरोसे जिनका खाना पकता हो ,वे क्या खाना बनाएँगी ?पर नहीं ,आज वे लगी हुई थीं।
मेरा मन भरा हुआ था। मैं सबके गले मिलकर रोना चाहती थी ,पर किसी की आँखों में आँसू नहीं थे। हाँ ,वे मेरी निंदा में जरूर लगी हुई थीं। बार-बार मुझे बोली-टिबोली मार रही थीं कि मुझमें बड़ों के प्रति जरा भी श्र्द्धा नहीं है ।अपने फर्ज को नहीं समझती हूँ ।तभी तो सास की बुरी हालत जानकर भी इंटरव्यू देने चली गयी। अब इनसे कौन पूछे कि मुझे तो इस घर से कब का निकाल दिया था ,वह तो मैं थी कि सास को बीमार सुनकर बार-बार देखने आ जाती थी। मुझे कैसे पता चलता कि वे इस बार ज्यादा सीरियस हैं। कई बार तो सीरियस होकर ठीक हो गयी थीं। मैं प्राइवेट नौकरी कर घर चलाती हूँ बेहतरी के लिए इन्टरव्यू देने भी नहीं जाती?अपने घर में तो कोई रखेगा नहीं मेरा खर्चा तो कोई उठाएगा नहीं। अपने पति की परवरिश भी तो मुझे ही करनी पड़ती है। वे तो बस नेतागिरी करते हैं।
पर समय इन बातों को कहने का नहीं था और मैं कह भी नहीं सकती थी पर उनलोगों की उपेक्षा और तानों पर गुस्सा आ रहा था। अधिकार कोई मिला नहीं कर्तव्य सब गिना रहे हैं। आखिर इन लोगों को हक ही क्या है,मुझे यह सब सुनाने का ?इस तरह ताना कसने और उलाहना देने का ?क्यों ये लोग इस अवसर पर भी अपनी छिछली मानसिकता दिखा रही हैं। यह वही ससुराल तो है ,जहां रिश्ते पैसों से तौले जाते रहे हैं और चूंकि हम आर्थिक रूप से सबसे कमज़ोर थे ,घर छोड़ने के लिए विवश कर दिए गए थे। हवेलीनुमा ससुराल के होते हुए किराए के छोटे-से घर में जीवन गुजार रहे थे। मेरे दो देवर उच्च पदों पर हैं ,पर उनके विचार बहुत ही छोटे हैं। उनलोगों ने कभी मुझे भाभी कहकर भी सम्मान नहीं दिया। सभी अपने परिवार के साथ दूसरे शहरों में रहते हैं। दो ननदों में से एक शादीशुदा है दूसरी की शादी तय हो चुकी है। वह इसी शहर के मेडिकल कालेज से एम एस कर रही है। इस घर में दोनों ननदों और देवरों की ही चलती है।
आज मृतक –भोज है। सभी काम में व्यस्त हैं। मैं बाहर का काम संभाले हुए हूँ। कोई मुझसे काम करने को कहता नहीं है,मुझे ही कोई काम दिखता है तो कर देती हूँ। घर के बाहर बहुत बड़ा टेंट लगा है ,जहां खिलाने-पिलाने की व्यवस्था है। रिश्तेदार और मेहमान आ –जा रहे हैं। मैं सबको यथोचित जगह बैठा रही हूँ। सभी मुझसे मम्मी जी की बात कर रहे हैं ,मैं भी उनके जवाब दे रही हूँ। जब भी घर के भीतर आती हूँ चारों औरतों में कनबतिया शुरू हो जाती है। मुंह बनाकर वे आपस में बात करती हुई काम में जुट जाती हैं। मैं फिर बाहर आ जाती हूँ जैसे मैं बाहर की ही हूँ और बाहर वालों के साथ मुझे भी चले ही जाना है।
हाँ,जो बात मैं शुरू में कह रही थी ,वह तो पीछे ही छूट गयी। आज मम्मी जी की पसंद की चीजें बन रही हैं पर मुझे उसमें शामिल नहीं किया जा रहा है। शायद यह मृतात्मा के आशीष से मुझे वंचित रखने का उपक्रम है। मुझे मन ही मन इन पढे-लिखों की सोच पर हँसी आ रही है। मरने के बाद भला कोई कुछ खाता है ?जब वे जिंदा थीं ...किसी ने उनकी इच्छा नहीं पूछी। सभी अपने-आप में मस्त रहे। कभी-कभार ही उनके पास आते और जब वे आते तो मम्मी जी ही अपनी बीमारी भूलकर उनके लिए किचन में खटा करतीं। छोटी बेटी ने तो उन्हें और भी परेशान किया। नाश्ता लेकर उसके पीछे-पीछे घूमतीं। कई बार वे गिर भी जाती थीं। मुझे बहुत गुस्सा आता था कि कैसी बेटी है जो बीमार माँ को इस तरह सताती है ?मम्मी जी को भी सिर्फ अपनी बेटियों और अफसर बेटों पर ही भरोसा था। हम दोनों तो किसी गिनती में ही न थे।
आज वे ही मम्मी जी कि पसंद का खाना बना रही हैं ,जिनसे मम्मी डरा करती थीं। उनको मुझे इस आयोजन में शामिल करने से एतराज था। एतराज का असली कारण तो वे ही बता सकती हैं पर मुझे इस बात का अफसोस नहीं है क्योंकि मैं मम्मी जी को जीते-जी तृप्त कर चुकी हूँ।
मेरे घर छोड़ने के साल-दो साल बाद जब वे बुरी तरह बीमार पड़ीं ,तो मुझसे नहीं रहा गया। सारे अपमान भूलकर मैं उन्हें देखने आई ,तो फिर आने-जाने का सिलसिला चल निकला। जहां मैं रहती हूँ ,उस घर से इस घर का फासला लगभग चार किलोमीटर है। दिन-भर स्कूल में खटकर फिर पैदल चलकर मैं उनके पास आती थी। हमारे पास कोई सवारी नहीं थी और न कोई साधन ही जल्दी मिलता था।
पहले दिन जब मैं यहाँ आई तो मम्मी जी को देखकर दंग रह गयी। हमेशा अच्छी साड़ी और साज-सज्जा के साथ चमकती रहने वाली मम्मी जी बिखरे बालों और गंदी मैक्सी में बिस्तर पर लेटी कराह रही थीं। पापा जी ड्राइंगरूम में बैठकर टीवी देख रहे थे। घर भी धूल-धूसरित था मानो कोई चमन वीरान पड़ा हो। मुझे बहुत दुख हुआ। तीन-तीन बहुओं और दो बेटियों वाली माँ की यह क्या हालत है ?मैंने उन्हें तेल लगाकर अच्छी तरह नहलाया फिर उनकी कंघी की|जब उनके मुंह पर क्रीम लगाकर बिंदी लगाई तो वे रो पड़ीं। मैंने उनसे कहा कि अब मैं रोज आऊँगी ।आपको जो कुछ खाने का मन हो मुझे बता दिया कीजिए। वे खुश हो गईं और पहले की दिन अरूई के पत्ते की रिकवच की फरमाइश की। दूसरे दिन स्कूल से लौकर मैंने रिकवच बनाकर तैयार किया और ढेर –सारा लेकर गईं। वे मेरे हाथ से लेकर खाने लगीं। अभी दो-तीन ही खाई होंगी कि पापा जी आ गए और उनसे बर्तन ले लिया –बाद में खाना। एक बार ही खा लोगी तो पेट खराब हो जाएगा। वे मन मारकर रह जगईं। दूसरे दिन दाल भरी पूड़ी –खीर बनाकर ले गयी तो वे मुझे देखते ही रोने लगी कि-तुम्हारे जाते ही सब आए और सारा रिकवच खा गए। वे बच्ची की तरह हो गईं थीं ,जिसकी चीज कोई ले ले तो वह चीखने लगती है। मैंने उनकी खूब सेवा की ।उनकी पसंद की चीजें बनाई-खिलाई तरह-तरह से उनका मन बहलाया ,इसलिए नहीं कि मुझे कोई लोभ था। उनकी जगह कोई और भी होता तो मैं यही करती। हालांकि उनका व्यवहार तब भी मेरे प्रति साफ नहीं था। मैं जब तक उस घर में रहती ,वे सोती नहीं थीं। जब मैं उनके किचन में काम कर रही होती ,तो वे बराबर इस बात पर नजर रखतीं कि मैं किसी दूसरे कमरे में न जाऊँ। कहीं कोई कीमती चीज उठा न ले जाऊँ। मैं सब समझती थी पर मुझे उनपर गुस्सा नहीं आता था। वे अपनी दूसरी बहुओं से बहुत डरती थीं। बहुएं आतीं तो अपने नौकर को लेकर आतीं। एकाध दिन रूककर वापस चली जातीं। वे कभी सास के पैर नहीं छूती थीं। हाँ,घर को जरूरत की चीजों से जरूर भर देतीं।
और आज वे ही मम्मी जी की पसंद की चीजें बना रही हैं और मुझे उसमें शामिल नहीं कर रही हैं। मम्मी के मरने के बाद सभी की श्र्द्धा उनके प्रति उमड़ पड़ी है। वे मुझसे बताए बिना कुछ रश्में कर रही हैं और मैं बाहर मेहमानों कि देख-भाल में लगी हूँ। थोड़ी देर में देखा सभी देवरानियां सोलहों शृंगार किए हुए हैं। नयी साड़ी ,नयी चूड़ियाँ ,सिंदूर –महावर सब। इस अवसर पर इतना शृंगार मेरी समझ में नहीं आया। एक बूढ़ी रिश्तेदार ने बताया कि –सास सुहागिन मरी हैं इसलिए आज के दिन उनका आशीष लेकर बहुएँ सुहाग की सारी चीजें धारण करती हैं। इस रश्म का फल यह होता है कि बहुएं भी सुहागिन मरती हैं। 'मैं भी तो बहूँ थी फिर मुझे क्यों नहीं बताया? ‘-यह पूछने का अधिकार उन्होंने मुझे नहीं दिया था और न मैंने अधिकार जताया ही। चुपचाप अपने सादे कपड़ों में मेहमानों को खाना खिलाती रही। रात के ग्यारह बजे तक पंडाल खाली हो गया। बाहरी सभी लोग जा चुके थे। घर के लोगों ने भी पंडाल में ही खाना खाया। खाना खाने के बाद जब हम पति-पत्नी भीतर की तरह मुड़े तो किसी ने भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। ईशारा साफ था कि बस आप लोगों का काम खत्म ...अब घर जाइए। भीतर कमरे से कुछ आवाजें आ रही थीं। शायद मम्मी के वस्त्राभूषणों का बंटवारा होने वाला था और उसमें मुझे शामिल नहीं करना था। पर मुझे उसका कोई लोभ भी नहीं था। इस घर की किसी चीज पर मैं अपना अधिकार नहीं मानती थी। मैं तो सिर्फ मम्मी जी की बीमारी के कारण यहाँ आ रही थी। आज से वह भी खत्म।
अब कहाँ मैं इस घर में आऊँगी ।ये लोग भी बुलाने से रहे। इस बीच ही जब मैंने आना-जाना शुरू किया ,इन्हें अच्छा नहीं लगा था। इनलोगों को लगता था कि कहीं मम्मी जी सेवा के बदले मुझे कुछ उठाकर न दे दें। जबकि मम्मी खुद भी बहुत चालाक थीं। वे सिर्फ मुझसे मीठी-मीठी बातें ही करती थीं। एक दिन मैंने देखा कि मम्मी के गले की चैन ,कानों के कुंडल तथा हाथों की सोने की चूड़ियाँ गायब है। जब मैंने इस बारे में पूछा तो वे खुद ही सफाई देने लगीं –गुड़िया ने लाकर में रखवा दिया। वैसे भी इस बीमारी में जेवर क्या पहनना ?मैं समझ ज्ञी कि ननद ने मेरी वजह से यह सब किया है।
मम्मी जी की तबीयत जब ज्यादा खराब रहने लगी तो ननदें स्थायी रूप से उनके पास रहने लगी थीं और मेरा आना-जाना कम हो गया था|इसी कारण मम्मी जी के हास्पिटल में भर्ती होने की बात मुझे पता नहीं चली। किसी ने फोन करके बताया भी नहीं और मैं इंटरव्यू देने चली गयी ,जिसे मेरा अपराध मान लिया गया।
अब तो दरवाजा ही बंद कर दिया गया। मैंने पति से कहा –"घर चलें ?"
"पर इतनी रात को ...?"
"तो क्या बेहया की तरह दरवाजा खुलवाएँ !"
मैंने कहा-"वाक करते हुए चलते हैं वैसे भी गर्मी के दिन हैं। कुत्ते भूँक रहे थे और दिन-भर के हारे-थके हम अपनी राम- मड़ैया लौट रहे थे।"
मैं सोच रही थी कैसा है मेरा ससुराल ,जहां सब कुछ होते हुए भी प्रेम,हमदर्दी ,लगाव जैसी कोई चीज नहीं। जहां बड़ों का नहीं धन का सम्मान किया जाता है। कितना ढोंग,कितना दिखावा और बनावटीपन है यहाँ। इतना धन होते हुए भी कितनी धन-लिप्सा है इन लोगों में। यह घर मेरा नहीं हो सकता।
