हम तो मुहब्बत करेगा दिन 6 — एक 'लगभग' डेट
हम तो मुहब्बत करेगा दिन 6 — एक 'लगभग' डेट
बेला की बस दूर निकलती जा रही थी; ठण्ड की वजह से शेरपाल अपनी मोटरसाईकिल को बस की स्पीड से नही दौड़ा पा रहा था ।
बेला की बस निकल जाने के बाद शेरपाल की मोटरसाइकिल सड़क पर फैली धुंध में घिर गई लेकिन उस धुंध के एकाकीपन के कारण उसके मन पर छाई धुंध छंटने लगी।
"क्या कर रहा है शेरपाल तू? लड़कियों के चक्कर में बिना मतलब पुलिस के डंडे खा चुका है, तेरे डंडे खाते हुए बनी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है, अब तू क्या मुँह लेकर कॉलेज जा रहा है? और ये बेला का क्या चक्कर है बे, उस दिन उसी ने बस में चूँटी काटने का हंगामा मचाया था, उसी की वजह से उसे उन दो बदमाशों फुफ्फा और सुनील के साथ बस से धक्के देकर निकाला गया था और उन दोनों बदमाशों से हाथापाई करके तूने पुलिस के डंडे खाये थे, अब तू उसी के चक्कर में पागलो की तरह धुंध में मोटरसाइकिल चलाते हुए सड़क पर चला जा रहा है, सुधर जा शेरपाल, कुछ अपने करियर की भी सोच, पाप्पा जी बड़े अरमान से तुझे पढ़ा रहे है, सोच रहे है कि छोरा पढ़ लिख कर कुछ बन जाएगा, लेकिन बेटा तू तो लड़कियों के चक्कर में पुलिस से पिटता फिर रहा है, क्या होगा तेरा कभी सोचा है? सोचा है खूब सोचा है, पढ़ लिख कर सिविल सर्विस का एग्जाम क्वालीफाई करूँगा और आई ए एस बनकर अपने पाप्पा का नाम ऊँचा करूँगा।"
तभी एक ट्रक तेज हॉर्न देता हुआ शेरपाल की मोटरसाइकिल के बगल से निकला और शेरपाल हड़बड़ा कर अपनी सोचो से बाहर आ गया।
शेरपाल का आगे का कॉलेज का सफर इस उहा पोह में निकला कि आज कॉलेज जाकर क्लासेज अटैंड की जाए या नहीं? अनिर्णय की स्थिति में शेरपाल सहारनपुर के शहरी क्षेत्र में दाखिल हुआ, तब तक धुंध छँट चुकी थी।
कुछ देर बाद वो अपने कॉलेज जा पहुँचा और अपनी मोटरसाइकिल को कॉलेज की पार्किंग में खड़ा करके कॉलेज के परिसर में जा पहुँचा, उसने चारो तरफ देखकर सकून की साँस ली कि कोई भी स्टूडेंट उसे गौर से नहीं देख रहा था।
उस सर्दी की दोपहर बड़ी मुश्किल से सूर्य देव ने दर्शन दिए और चटकीली पीली धूँप निकल आई और कॉलेज के ज्यादातर स्टूडेंट क्लास बंक करके कॉलेज के विशाल मैदान के किनारो पर लगी सीमेंट की बर्फ जैसी ठंडी बैंचो पर आ जमे थे और फालतू की बकवास का दौर चल रहा था।
तभी कॉलेज के विशाल मैदान में सर्दी की धूप का मजा लेते फालतू भटकते छात्र छात्राओं के बीच कोलाहल सा मच गया और शेरपाल ने बहुत ही गौर से उस कोलाहल की तरफ देखा।
कुछ ही क्षणों बाद छात्रों छात्राओं के उस हुजूम से दौड़ता हुआ छुन्नू निकला और उसके पीछे दौड़ती हुई प्रेमवती। प्रेमवती के हाथ में उसकी लकड़ी के मोटे सोल वाली सैंडिल थी जिसका निशाना लंबे कद के छुन्नू का घुटा हुआ सिर था जिस पर प्रेमवती की सैंडिल दनादन पड़ रही थी।
छुन्नू अपने लंबे कद का फायदा उठाकर तेजी से दौड़ रहा था लेकिन मोटी और गोलमटोल प्रेमवती भी तेजी से फुटबाल की तरह लुढ़कती हुई छुन्नू की खोपड़ी पर अपने सैंडिल के भयानक वार कर रही थी। प्रेमवती के सैंडिल के छुन्नू की खोपड़ी के टकराने से जो टका टक की आवाज हो रही थी उसे सुनकर कुछ छात्र हूटिंग कर करने लगे-
‘मार और जोर से मार, आज इसकी गंजी खोपड़ी का बैंड बजा दे।’
ये मार पिटाई क्यों हो रही थी, किनके बीच हो रही थी किसी को कोई मतलब नहीं था लेकिन फालतू का इम्प्रेशन जमाने के लिए कॉलेज के कुछ दादा टाइप लड़के भी छुन्नू के पीछे दौड़ पड़े लेकिन जब तक वो छुन्नू तक पहुँच पाते छुन्नू तेजी से दौड़ता हुआ कमान से निकले तीर के समान कॉलेज के मेन गेट से होकर कॉलेज से बाहर भाग चुका था। प्रेमवती एक हाथ में अपना भयानक हथियार अपना सैंडिल लेकर वापिस कॉलेज के विशाल मैदान में आ चुकी थी और बिलख - बिलख कर अपनी सखियों को कुछ बता रही थी। क्या बता रही थी ये सुनने के लिए शेरपाल लपक कर लड़कियों के उस झुण्ड की तरफ बढ़ चला लेकिन जब तक वो उस झुण्ड तक पहुँचता तब तक उस आकस्मिक सभा का विसर्जन हो चुका था और एक मिनट पहले भयानक तेजी से दौड़ती लेकिन फ़िलहाल निढाल हुई प्रेमवती को कुछ लड़किया सहारा देते हुए कॉलेज से बाहर की तरफ ले जा रही थी।
‘जा बहन अब तू अपने घर जा, लड़के तो ऐसे ही होते है, अब गलती से भी किसी लड़के के चक्कर में मत पड़ना।’
‘बहन जब तुझे पता लग गया था ये लड़का आवारा है तो तूने उसकी खोपड़ी का बैंड पहले ही क्यों नहीं बजाया था?’
‘बहन अभी तेरी उम्र ही क्या है जो इन बखेड़ों में पड़ गई, चल जूती मार उस आवारा को बस अब अपनी पढ़ाई पर ही ध्यान लगाना।’
सलाहों के इस गर्म बाजार के बीच प्रेमवती और उसकी सहेलियों के झुण्ड ने कॉलेज से कूँच किया और उनके पीछे पीछे छुन्नू जैसे बदमाश लड़के से लड़कियों के उस झुण्ड की रक्षा करने को आतुर कॉलेज के दादा टाइप लड़को के एक झुण्ड ने भी लड़कियों के उस झुण्ड के पीछे पीछे कॉलेज से कूँच किया।
अचानक ही इतना कुछ हो गया कि शेरपाल समझ भी न पाया कि यह सब क्या था, लेकिन उसे याद आया कि उसकी क्लास का बांस जैसा पतला और लंबा चुन्नू अपनी सहपाठी गोलमटोल छोटे कद की भारीभरकम लड़की प्रेमवती से प्रेम कर बैठा था। प्रेमवती और छुन्नू अकसर एक साथ देखे जाने लगे, कभी कॉलेज की कैंटीन में एक साथ चाय के साथ समोसा खाते हुए, कभी सड़क पर पैदल चलते हुए और कभी कभी क्लास से गुठली मारकर बाजार में यूँही भटकते हुए।
“तेरी तो निकल पड़ी छुन्नू के बच्चे, बेटे संभल के रहियो किसी दिन प्रेमवती तेरे ऊपर बैठ गयी न तो तेरा कुचुमर निकाल देगी।”
कॉलेज के लड़के छुन्नु को छेड़ते हुए कहते जिसके जवाब में छुन्नू खे खे करके हँस देता।
मारपीट के इस सारे कारनामें में मुश्किल से एक मिनट का समय लगा लेकिन कॉलेज के छात्र छात्राओं के बीच इस कारनामें के कारणों पर जोरदार बकवास का एक दौर शुरू हो गया।
लड़के लड़कियां उस विशाल मैदान में अलग अलग झुंडो में बंटकर इस कॉलेज में हुए इस कारनामें की विवेचना अपने-अपने ढंग से करने लगे। लड़कियों के झुण्ड में कॉलेज में हुए इस कारनामें की विवेचना का स्तर सभ्यता के दायरे में ही रहा, लड़कियां अपनी महीन आवाजों में फुसफुसाते हुए कह रही थी-
‘बहन उस प्रेमवती के ढंग देखकर मैं पहले ही समझ गई थी कि उस आवारा लड़के के चक्कर में पड़कर वो बदनाम हो जाएगी, और देखो आज तो जिसे पता नहीं था उसे भी पता लग गया कि उसका किसी लड़के से चक्कर था।’
‘अरे एक तो ये कॉलेज पहले से आवारागर्दी के लिए बदनाम है अब तो कल प्रेमवती के नाम का पर्चा ही छप जाएगा, बुरे फंसे हम तो इस कॉलेज में एडमिशन लेकर।’
‘वैसे एक बात समझ नहीं आई उस सीक सलाई जैसे लड़के में प्रेमवती ने क्या देखा जो उसके चक्कर में पड़ गई, देखो तो सही कैसा दुबला सा है वो और प्रेमवती पूरी भैंस।’
‘चलो अब यहाँ से चलो देखो तो सही वो पागल लड़के हमे कैसे देख रहे है? बहनो जिस दुकान से प्रेमवती ने सैंडिल ली है न उसी से सैंडिल खरीद लो, लगता है इन दो चार लफंगो की खोपड़ी हमे भी चटकानी पड़ेगी।’
विवेचना तो लड़को के झुंडो में भी जारी थी लेकिन विवेचना सभ्यता के दायरे लाँघ चुकी थी और लड़के खे खे दाँत फाड़ते हुए छुन्नू और प्रेमवती का चरित्र चित्रण कर रहे थे।
‘ओ भाई वो छुन्नू का बच्चा नंबरी लफंगा है उसकी आवारा निगाहे तो पूरे कॉलेज में बदनाम है, वो साल में छत्तीस बार लड़कियों के साथ आशिकी का खेल खेलता है और हर बार वही लड़कियां उसकी गंजी खोपड़ी पर अपनी चप्पलें बरसाती है।’
‘लगता है पट्ठे के सिर के बाल इन्ही चप्पलो की मार से उड़ गए है।’
‘पट्ठे की खोपड़ी लोहे की बनी लगती है, देखा जब उसकी खोपड़ी पर प्रेमवती के सैंडल पड़ रहे थे तो कैसी टनाटन आवाजे आ रही थी।’
‘छुन्नू तो है ही लफंगा, लेकिन प्रेमवती भी कौनसी दूध की धूलि है, भले ही आज उसने छुन्नू की खोपड़ी का तबला बजा दिया लेकिन वो भी तो उसके साथ उडी उडी फिरती थी।’
‘सही बात, प्रेमवती को भी प्रेम की पींग बढ़ाने से पहले उस छुन्नू जैसे लफंगे के बारे में कुछ जानकारी निकाल लेनी चाहिए थी।’
‘छोड़ो भी यार अपना क्या जाता है, दोनों के बारे में पूरा कॉलेज जान चुका है, कालिख पुत गई है दोनों के मुँह पर।’
बकवास और अफवाहों का बाज़ार गर्म था और कॉलेज प्रेम के ऊपर बनी बॉलीवुड की फिल्मो का सच शेरपाल को पता लग चुका था और कॉलेज प्रेम के विषय में मेरे ख्यालात बदल चुके थे। नहीं बाबा नहीं पड़ना इस कॉलेज प्रेम के चक्कर में, नहीं पड़वाने लड़कियों के सैंडिल अपनी खोपड़ी पर।
छुन्नू कांड को देखने के बाद शेरपाल को कॉलेज की आशिकी के अनेको रूप याद आए । कहीं माशूक के हाथो आशिक को पिटते देखना याद आया, कहीं आशिक को कॉलेज के दादाओ के हाथ देखना याद आया, कहीं दो आशिको को एक दूसरे के हाथ पिटते देखना याद आया। कॉलेज की आशिकी का सबसे खराब चेहरा तब सामने आया था जब कॉलेज का एक छात्र जो कॉलेज के एक प्रोफेसर के घर जाकर ट्यूशन ले रहा था, वो प्रोफेसर की बीवी को लेकर भाग गया। उस घटना के पर्चे बनाकर कुछ शरारती छात्रों ने कॉलेज के नोटिश बोर्ड पर और कॉलेज में जगह जगह चिपका दिए तो कॉलेज में हंगामा सा हो गया।
कॉलेज के प्रेम के ये ड्रामे देखने के बाद कॉलेज की आशिकी का शेरपाल का भरम टूट चुका था, प्रेम के ढोल की पोल उसके सामने खुल चुकी थी।

