STORYMIRROR

Kumar Vikrant

Comedy Romance

4  

Kumar Vikrant

Comedy Romance

हम तो मुहब्बत करेगा दिन 5 — नज़रों का कुछ ज़्यादा ही मिलना

हम तो मुहब्बत करेगा दिन 5 — नज़रों का कुछ ज़्यादा ही मिलना

4 mins
7

"अरै शेरपाल, कब तक सोवैगा?" रिछपाल की आवाज सोये हुए शेरपाल के कानो में गूँज उठी। 

आवाज को अनसुना करके शेरपाल करवट बदल कर सोने की कोशिश करने लगा। 

"उठ जा बावले, तेरी बेहट सै आन वाली बस छूट जागी।" रिछपाल हँसते हुए बोला। 

"भाई मैं नी जा रा कॉलेज।" शेरपाल बिना आँखे खोले बिस्तर में लेटा - लेटा बोला, "मेरा जी नी है कॉलेज जाने का।"

"या बात तो तू पिछले एक हफ्ते तै कह रा।" रिछपाल बिस्तर पर शेरपाल के पास बैठता हुआ हुआ बोला, "तू सारा दिन घर मैं पड़ा रह, ना तू ढंग से खा रा, ना म्हारी बात सुणता, तेरे के इरादे है? इभी बाप्पू कू तेरी इन हरकतों की खबर नी, उन्है पता लग गा तो घणा लठ बजेगा तेरे पै।"

"ठीक है, ठीक है, इब घणा उपदेश ना देवै।" शेरपाल बिस्तर से उठता हुआ बोला, "जा रा मै कॉलिज।"

"तो चला जा कॉलिज।" रिछपाल बुरा सा मूँह करते हुए बोला, "म्हारे पै कुछ एहसान कर रा पढ़ कै।"

एक घंटे बाद जब शेरपाल अपने घर से मोटरसाइकिल लेकर कॉलेज के लिए निकला तो उसके चेहरे पर एक हफ्ते की बढ़ी हुई दाढ़ी और उलझे हुए बाल थे। अपनी इस हालत को छुपाने के लिए शेरपाल ने हेलमेट पहन लिया और धीमी गति से कॉलेज जाने वाली सड़क पर चल पड़ा। पुलिस के लठ वाले वीडियो की वजह से शेरपाल ने तय कर लिया था कि अब वो कभी भी बस से कॉलेज नहीं जाएगा। उस दिन कॉलेज कैंटीन में वीरू सही कह रहा था कि लड़की के चक्कर में पुलिस के लठ भी खाने पड़ते है। 

'ना इश्क ना आशिकी ना कोई सनम फिर भी पड़े हम पर पुलिस के लठ धमाधम।'

'हद हो गई बेवकूफी की।' शेरपाल खुद से बोला, 'इब या बेवकूफी की शायरी भी बनने लगी वो भी मेरे जैसे इंसान के मन में। 

'ये इश्क के चक्कर भी बड़े मनहूस होते है, कभी आशिक दुनिया से भिड़ता है, कभी पुलिस के डंडे उसका पिछवाड़ा लाल कर देते है।'

"लगता है मेरा दिमाग चल गया है।" शेरपाल  मन ही मन बड़बड़ाया, "आशिकी तो हुई नी, पागल खाने का टिकट और कटता दिखै, फालतू के शेर बन रे दिमाग मैं।"

लालूहेड़ी के बस स्टैंड पर पहुँचकर शेरपाल ने अपनी सोचो पर रोक लगाई और उसने अपनी मोटरसाइकिल एक तरफ खड़ी करके अपना हेलमेट उसके हैंडिल पर लटकाया और अंगड़ाई लेकर विचार करने लगा कि अब कॉलेज जाया जाए या सड़को पर यूही भटका जाए। पिछले हफ्ते पुलिस के लठ वाला वीडियो खूब वायरल हो चुका था, उसके दोस्त और दुश्मन सब उसे वीडियो भेज रहे थे। अचानक कॉलेज के इंग्लिश के प्रोफ़ेसर की बीवी उसके ट्यूशन  स्टूडेंट के साथ भाग गई और शेरपाल वाला वीडियो कहीं पीछे छूट गया था। शेरपाल के मैसेज बॉक्स में अब सामान्य बोरिंग गुडमॉर्निंग वाले मैसेज आने शुरू हो चुके थे। 

शेरपाल अपनी सोचो में खोया हुआ था तभी वहाँ एक स्कूटी आकर रुकी और स्कूटी से लंबी - तगड़ी बेला उतरी और उसने उसे छोड़ने आने वाली लड़की को अजीब लहजे में धन्यवाद दिया। 

"तू मुझै छोड़ने आई या इधर - उधर हाण्डन आई, सुधी अपने घर चली जा नहीं तो मैं चाच्ची को बता दूँगी कि मुझै बस स्टैंड छोड़ने के बहाने तू इधर - उधर हाण्डती फिरै है।"

"ज्यादा बकवास ना करै।" बेला को छोड़ने आई लड़की तीखी आवाज में बोली, "तेरे भी ढंग सही नी लग रे मुझै, कार छोड़ कै तुझै भी बस तै कॉलिज आने - जाने का नया शौंक चढ़ा है न, यो भी कुछ ठीक नी है।"

"जा चली जा, बकवास ना करै।" बेला उस लड़की को डांटते हुए बोली और तभी उसकी निगाह बस स्टैंड पर खड़े शेरपाल पर पड़ी और उसी वक्त बस स्टैंड पर सहारनपुर जाने वाली बस आकर रुक गई, और कंडक्टर चिल्ला कर बोला- "जल्दी चढ़ जा लाल आज हमे पहले ही देर हो री।"

बेला ने एक बार फिर से बस स्टैंड पर खड़े शेरपाल की तरफ देखा। 

"चढ़ती क्यूँ नी बस पै?" स्कूटी वाली लड़की चिल्ला कर बोली, "तेरे ढंग ठीक नी लगरे।"

बेला ने स्कूटी वाली लड़की को अनमने ढंग से बाय कहा और बस में चढ़ गई। 

शेरपाल की निगाह बेला और बस दोनों पर थी। बेला के चलते ही बस चल पड़ी। शेरपाल निर्विकार भाव से बस की तरफ देखता रहा, थोड़ी देर में बस की एक खिड़की खुली और खिड़की से जो चेहरा बाहर झांक रहा था वो बेला का था और बेला बस स्टैंड पर खड़े शेरपाल की तरफ देख रही थी। 

शेरपाल बिजली की गति से उछल कर अपनी मोटरसाइकिल पर जा बैठा और मोटरसाइकिल स्टार्ट करके बेला वाली बस के पीछे चल पड़ा, बस में बैठी बेला अब भी शेरपाल की तरफ देख रही थी और उन दोनों की निगाहे कुछ ज्यादा ही मिल रही थी। 

तभी किसी ने बस की खिड़की बंद कर दी और बेला बस की खिड़की के पीछे गायब हो गई। 

'निगाहो ने निगाहो से कुछ ऐसे मुलाकात की जैसे बरसो पहले बिछड़े मुसाफिरों ने एक साथ बैठ कर घंटो बकवास की। '

एक बेढंगी शायरी फिर से शेरपाल के दिमाग से प्रकट हुई और वो लगातार बेला की बस का पीछा करता रहा। 


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Comedy