हम तो मुहब्बत करेगा दिन 2 — एक अनचाही मुलाक़ात
हम तो मुहब्बत करेगा दिन 2 — एक अनचाही मुलाक़ात
"क्या देखता?" शेरपाल रूपिका की तरफ देखता हुआ बोला, "यार तेरी आवाज और शकल का कम्बीनेशन कुछ गड़बड़ है।"
"भैन सै यार पै आ गया बावले।" रूपिका गुर्रा कर बोली, "इभी पैर की जुत्ती काढ़ कै तेरे सिर पै बजा दूँगी।"
रूपिका की बात सुनकर बस में सवार लड़के एक सुर में बोले, "बेट्टे हम भी के डी मैं ही पढ़ रे अर तेरे तै पहलै लाइन मैं लगे पडे, तू इसे बहन ही बना लै अर हमै अपने बहनोई बना लै।"
इसके बाद बस में एक जोर का ठहाका गुँजा।
इससे पहले शेरपाल कुछ बोलता रूपिका अपनी कर्कश आवाज में बोली, "तम सारे बावले हो अर थारा जिज्जा जिस दिन मेरी गैल इस बस मैं आ गया ना, थारी थूथड़ी तोड़ देगा।"
रूपिका की बात पर बस में एक जोर का ठहाका लगा।
इस तरह हँसी मजाक करते हुए शेरपाल पिछले एक महीने से बेहट से सहारनपुर जाने वाली बस में कॉलेज आ जा रहा था और रूपिका को आकर्षित करने का पूरा प्रयास कर रहा था।
तभी उसे कोहरे से निकल कर आती हुई बस दिखाई दी, तब तक बस स्टाप पर और सवारियां भी आ चुकी थी, बस ची की जोरदार आवाज करते हुए बस स्टॉप पर आकर रुक गई और शेरपाल अन्य सवारियों के साथ बस में घुस गया और उसकी आँखे रूपिका को तलाश करने लगी। रूपिका अपनी सहेली के साथ दो वाली सीट पर बस के बीच में बैठी हुई थी। बस में बैठने के लिए कोई सीट खाली नहीं थी। शेरपाल गैलरी में खड़ी सवारियों को धकियाता हुआ रूपिका की सीट के पास जा खड़ा हुआ।
"आ गया बावला।" रूपिका मुँह कड़वा करते हुए बोली।
शेरपाल ने रूपिका की बात को अनसुना करते हुए बस में चारो तरफ देखा तो उसे के डी के लड़के और दूसरी सवारिया नजर आई, शेरपाल ने कड़वा सा मुँह बनाया और रूपिका की तरफ देखने, तभी बस में ची की आवाज के साथ ब्रेक लगे; गैलरी में खड़ी सवारिया एक दूसरे पर गिरी और उन सबके मुँह से ड्राइवर के लिए गंदी - गंदी गालियां निकली।
बस जिस सवारी के लिए रोकी गई थी वो एक बहुत ही मोटी और लंबी - तगड़ी औरत या बड़ी उम्र की लड़की थी।
बस में घुसते ही वो लड़की चिढ़ते हुए बोली, "या तो भरी पड़ी, कंडक्टर जब तक तू मुझे बैठने की सीट ने देगा, मै तझे बस का भाड़ा नी देने की।"
"भैन जिब तुझै देख कै बस रोकी तो तुजै सीट भी देंगे।" कंडक्टर हँसते हुए बोला, "आ मेरी गेल आ जा।"
बस कंडक्टर बस की गैलरी में खड़ी सवारियों को धकियाता हुआ उस लम्बी - तगड़ी लड़की के साथ रूपिका और उसकी सहेली वाली सीट तक जा पहुँचा और कड़क आवाज में बोला, "खड़ी हो जा लाल्ली।"
कंडक्टर की बात सुनकर रूपिका तैश में आकर बोली, "क्यूँ खड़ी हो? भाड़ा दे के बैठी हम, तू हमै म्हारी सीट तै खड़ा नी कर सकता।"
"अरी लाल मैं तम्है बस तै नी तार रा, बस इस बब्बो खातर थोड़ी जगह बना रा।" कंडक्टर अपनी फटे बांस जैसी आवाज में बोला, "तम भी यही बैठी रहियो अर या बब्बो भी यही बैठ जा गी।"
अभी रूपिका और उसकी सहेली उठ भी नहीं पाई थी की कंडक्टर ने उनके नीचे की सीट खींच कर बाहर निकाल और उस मोटी लड़की से बोला, "लै मिलगी तुझै सीट, इब चैन सै बैठ जा अर बस का भाड़ा निकाल दै।"
उस मोटी लड़की ने अपनी जलती निगाहो से रूपिका और उसकी सहेली की तरफ देखा और गरज कर बोली, "थम तो सारी सीट पै ऐसे कब्जा करकै बैठ गी जैसे तम्है इस बस मैं ही डेरा डालना है, चलो थोड़ा और खिसक जाओ।"
रूपिका और उसकी सहेली अपनी जगह से टस से मस न हुई। वो मोटी लड़की पहले तो उनकी तरफ देखती रही और उसके बाद उसने उन दोनों को जोर का धक्का दिया और लगभग आधी सीट पर कब्जा कर लिया।
"अरी पहलवान तुजै सीट तो दे दी।" कंडक्टर चिढ़ते हुए बोला, "इब उन छोरियो का कचूमर निकाल लिया हो तो बस का भाड़ा भी दे दै।"
उस मोटी लड़की ने गुस्से से बस कंडक्टर की तरफ देखा और अपने पर्स से निकाल कर पाँच रूपये का एक सिक्का बस कंडक्टर की खुली हथेली पर रख दिया।
"पांच रपये?" बस कंडक्टर अपनी हथेली पर रखे पाँच के सिक्के को देखकर गुर्राकर कर बोला, "शहर तक का भाड़ा पंद्रह रुपये है......"
"मेरा तो इतना ही लगै।" वो मोटी लड़की गुस्से से बोली, "लेना है तो ले लै, नहीं तो इन्है भी वापिस कर दै।"
"थारी इन्ही हरकतों की वजह सै कोई भी ट्रांसपोर्टर इस रूट पै बस नी चलाता।" बस कंडक्टर चिढ़ते हुए बोला, "जल्दी ही या बस भी बंद हो जा गी फेर मजे लियो रोडवेज की ऐसी बसों का, बस भाड़ा भी पूरा देना और वो भी बस कंडक्टर के धोरे जा कै।"
तभी बस अगले स्टॉप पर रुकी और बस कंडक्टर पाँच का सिक्का अपनी जेब में डालते हुए बस में आगे की तरफ बढ़ गया।
बस में चढ़ने वाली सवारियों में एक अधेड़ आदमी और युवा आदमी थे दोनों ने बिलकुल सफ़ेद कुर्ते और पायजामे पहन रखे थे और वो दोनों बिना मतलब हँसते हुए, सवारियों को धकियाते हुए बस की गैलरी के बीच आ गए।
"ओ सुनील।" अधेड़ जोर से हँसते हुए बोला।
"हाँ फुफ्फा।" युवा आदमी हँसते हुए बोला, "के होया?"
"अरै यहाँ तो जाड्डे मैं भी लू चल री।" अधेड़ बूढ़ा जोर से बोला।
"हाँ लू तो चल री फुफ्फा।" युवा आदमी हँसते हुए बोला।
"तो आँख ही सेकेगा?" अधेड़ आदमी जोर से बोला, "हाथ सेकने तो आगे कू आजा।"
"आ गया फुफ्फा।" युवा आदमी आगे आते हुए बोला, "फेर दू हाथ लू के ज्वालामुखी पै?"
"फेर दै बेट्टे।" अधेड़ आदमी हँसते हुए बोला, "आगे की मैं संभाल लूँगा।"
उन दोनों की बातों का निशाना रूपिका, उसकी सहेली और वो मोटी लड़की थी। जैसे - जैसे वो दोनों भीड़ को चीरते हुए उन तीनों की तरफ बढ़ते जा रहे थे उन तीनों की चिंता बढ़ती जा रही थी। खुद को नार्मल दिखाने के लिए रूपिका उस मोटी लड़की की तरफ देख कर बोली, "दीदी आप कौन हो? मन्नै तो तुझे आज पहली बार देखा।"
"बेला नाम है मेरा, मैं नवादे के प्रधान की छोरी हूँ, रोज बाप्पू या भाई मुझै कार तै कॉलिज छोड़ आवै।" बेला हँसते हुए बोली, "आज ना तो बाप्पू अर भाई घर पै ना थे, इसलिए आज इस खटारा बस तै कॉलिज जा री।"
"कौन से कॉलिज मैं पढ़ो दीदी तुम?" रूपिका की सहेली ने पुछा।
"के डी तै एम ए कर री।" बेला ने जवाब दिया।
"मैं भी के डी मैं ही पढ़ रा।" उन तीनों की सीट के पास खड़ा शेरपाल उत्सुकतावश बोला, "मन्नै तो तुझै कधी के डी में नी देखा।"
बेला ने कोई जवाब नहीं दिया बल्कि अपनी जलती निगाहों से शेरपाल की तरफ देखा, शेरपाल डरकर पीछे हट गया।

