STORYMIRROR

Kumar Vikrant

Comedy Romance

4  

Kumar Vikrant

Comedy Romance

हम तो मुहब्बत करेगा दिन 1 — नवंबर का एक यादगार दिन

हम तो मुहब्बत करेगा दिन 1 — नवंबर का एक यादगार दिन

5 mins
12

नवंबर की उस सुबह अपनी लम्बी पतली काया को लेदर की जैकेट और स्किन टाइट जींस में ढके हुए शेरपाल अपने बड़े भाई रिछपाल के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर उसके गांव खेड़े से सहारनपुर की तरफ जाने वाली सड़क की तरफ जा रहा था। मोटरसाइकिल को रिछपाल चला रहा था और बहुत ही चिड़ा हुआ था।

"शेरु जिब तन्नै या मोटरसाइकिल पाप्पा सै लिवा ही ली थी तो तेरे पै या चलाई क्यूँ नी जात्ती, आप्पो ही इसै चला कै कोलिज नी जाए जात्ता तेरे पे?" रिछपाल ठंढ से कांपते हुए बोला, "कुछ तो शर्म कर लै, तड़कै-तड़कै मेरी ऐसी-तैसी करने पै क्यूँ लगा हुआ तू।"

"भाई तुझे ही ठंड लगै, मैं तो लक्कड़-पत्थर का बना हुआ हूँ, मुझै तो ठंड लगने की ही नी?" शेरपाल ठंड से कांपते हुए बोला, "या सर्दी कट जा, फेर तंग नी करने का तुझै।"

"झूठ बोलता हुआ कुछ शरमा जाया कर निकम्मे, आज तै एक हफ्ते पहले तो ठंड बिलकुल न सता री थी तुझे।" रिछपाल मोटरसाइकिल को सड़क के गड्ढो से बचाकर धीरे-धीरे गहरी धुंध में आगे बढ़ता हुआ बोला, "मुझै तो तेरा कुछ होर ही चक्कर लग रा।"

"भाई इतनी ही ठंड लगै तुजै तो मुझे अपनी कार मैं छोड़ आए कर।" शेरपाल बात बदलते हुए बोला, "इब नी काम आवैगी तो फेर कब काम आवैगी?"

"बात ना बदलै शेरू, मुझे तेरे ढंग ठीक नी लग रे।" रिछपाल गुस्से से बोला, "रही कार की बात, उसकी चाब्बी रहै तेरी भाब्बी के पास, उस सै चाब्बी मांग का तड़कै-तड़कै मुझे तो राड करनी नी।"

"भाई मान्ना कार तुझै दहेज़ मैं मिली, उसै चला या ना चला, लेकिन भाब्बी का बहान्ना बना कै झूठ न बोल्लै।" शेरपाल ठंड से कांपते हुए बोला, "तुझै इतनी ही ठंड लगै तो कल सै मैं कल्लू के टैम्पू मैं बैठ कै आ जाया करूँगा, गाम तै लाल्लुहेड़ी पाँच किलोमीटर ही तो है।"

"इब बकवास तो करै ना, लै आगी तेरी लाल्लुहेड़ी।" रिछपाल सड़क के साथ बने उजाड़ बस स्टॉप के सामने मोटरसाइकिल रोकते हुए बोला, "बेट्टे तेरी इस बस यात्रा मैं कुछ ना कुछ भेद तो जरूर है, तेरे जैसा मोटरसाइकिल का लाहड़ी अचानक बस यात्री हो गया, यो तो नेक्स्ट टू इम्पॉसिबल है।"

"भाई या तो बिलकुल बेकार की सोच है, जाड़डा पड रा, मोटरसाइकिल न चलती इब मेरे पै।" शेरपाल मुँह से भाँप छोड़ते हुए बोला, "भाई जी इब आप भी घर जाओ, यहाँ ठंड में खड़े होकै के फायदा।"

"जा रा, तू कर लै बस यात्रा।" रिछपाल मोटरसाइकिल को वापिस मोड़ते हुए बोला और वापिस अपने गांव की तरफ चला गया।

बस स्टॉप उजाड़ था, शेरपाल सीटी बजाता हुआ बस स्टॉप पर इधर-उधर भटकने लगा।

२१ वर्षीय लंबा छरहरा शेरपाल सहारनपुर के के डी डिग्री कॉलेज में बी ए फ़ाइनल ईयर का छात्र था। उसके गांव से सहारनपुर में स्थित के डी डिग्री कॉलेज की दूरी २४  किलोमीटर थी। यह दूरी शेरपाल पिछले दो साल से अपनी मोटरसाइकिल पर मजे से तय कर रहा था लेकिन पिछले एक महीने से वो ठंड का बहाना बना कर बेहट से सहारनपुर चलने वाली प्राइवेट बसों में यात्रा करके सहारनपुर आ जा रहा था। उसे अचानक लगने वाली ठंड की वजह थी हीरा देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज वाली रूपिका। अपने नाम के अनुसार रूपिका रूपवती तो थी लेकिन उसका रूप तब तक ही सुहाना लगता था जब तक वो बोलती नहीं थी, उसकी आवाज बहुत ही कर्कश थी; जब वो बोलती थी तो ऐसा लगता था कि कोई कौआ बोल रहा हो।

एक महीने पहले शेरपाल की मोटरसाइकिल पंचर हुई तो उसने कॉलेज जाने की जल्दी में अपनी मोटरसाइकिल लालूहेडी के मलखान के घर खड़ी की और बेहट से सहारनपुर जाने वाली बस में चढ़ गया। बस में कंडक्टर ने जब टिकट का पैसा माँगा तो शेरपाल ने खुद को स्टाफ बताया और कंडक्टर के ज्यादा जोर देने पर बताया कि वो मारा - पिट्टी और बस तोड़ने वाला स्टाफ था, शेरपाल ने गुंडा टाइप कंडक्टर को धमकी दी थी- 'बेट्टे बस का भाड़ा तो तुझे दे दूँगा, अर तूने माँ का दूध पिया हो तो  रुट पै बस चला कै दिखा दिये।'

कंडक्टर जानता था कि आज ये बस का भाड़ा दे देगा लेकिन कल कॉलेज के लड़के लाकर उसकी बस के शीशो को तोड़ डालेगा और उसकी और ड्राइवर की भी खूब पिटाई करेगा। कड़वा सा मुँह बना कर कंडक्टर ने मन ही मन शेरपाल को गाली दी और बिना बस का भाड़ा लिए आगे बढ़ गया।

"इनके तो मजे है, दिखे यो तो बस मै फ्री चल रा अर म्हारे तै यो कंडक्टर पूरा भाड़ा ले रा।" शेरपाल के कानो में एक लड़की नुमा कर्कश आवाज पड़ी।

"अपनी - अपनी ताकत है भैन, तेरे मैं ताकत हो तो तू भी फ्री चल लै।" शेरपाल ने पीछे मुड़ते हुए जवाब दिया। जैसे ही उसकी निगाह कर्कश आवाज वाली रूपिका पर पड़ी तो वो उसे देखता ही रह गया।

"क्या देख रा बावले?" रूपिका अपनी कर्कश आवाज में बोली।

"क्या देखता?" शेरपाल रूपिका की तरफ देखता हुआ बोला, "यार तेरी आवाज और शकल का कम्बीनेशन कुछ गड़बड़ है।"

"भैन सै यार पै आ गया बावले।" रूपिका गुर्रा कर बोली, "इभी पैर की जुत्ती काढ़ कै तेरे सिर पै बजा दूँगी।"

रूपिका की बात सुनकर बस में सवार लड़के एक सुर में बोले, "बेट्टे हम भी के डी मैं ही पढ़ रे अर तेरे तै पहलै लाइन मैं लगे पडे, तू इसे बहन ही बना लै अर हमै अपने बहनोई बना लै।"

इसके बाद बस में एक जोर का ठहाका गुँजा।

इससे पहले शेरपाल कुछ बोलता रूपिका अपनी कर्कश आवाज में बोली, "तम सारे बावले हो अर थारा जिज्जा जिस दिन मेरी गैल इस बस मैं आ गया ना, थारी थूथड़ी तोड़ देगा।"

रूपिका की बात पर बस में एक जोर का ठहाका लगा।

इस तरह हँसी मजाक करते हुए शेरपाल पिछले एक महीने से बेहट से सहारनपुर जाने वाली बस में कॉलेज आ जा रहा था और रूपिका को आकर्षित करने का पूरा प्रयास कर रहा था।

तभी उसे कोहरे से निकल कर आती हुई बस दिखाई दी, तब तक बस स्टाप पर और सवारियां भी आ चुकी थी, बस ची की जोरदार आवाज करते हुए बस स्टॉप पर आकर रुक गई और शेरपाल अन्य सवारियों के साथ बस में घुस गया और उसकी आँखे रूपिका को तलाश करने लगी। रूपिका अपनी सहेली के साथ दो वाली सीट पर बस के बीच में बैठी हुई थी। बस में बैठने के लिए कोई सीट खाली नहीं थी। शेरपाल गैलरी में खड़ी सवारियों को धकियाता हुआ रूपिका की सीट के पास जा खड़ा हुआ।

"आ गया बावला।" रूपिका मुँह कड़वा करते हुए बोली।


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Comedy