मैं
मैं
मैं मेले की सजी सजाई दुकान नहीं
मेरे अंदर एक कबाड़खाना है
इस कबाड़खाने की मैं कबाड़ी हूँ
आना जब भी मेरे आसपास
अपनी तीसरी आँख लिये आना
बेमतलब की चीज़ों के बीच ही
बहुत कुछ मतलब का छिपा है
उस दिमाग को भी साथ लाना
जिसने पत्तों के खड़कने पर
यह बताया हो
कभी यहाँ से साँप गुज़रा है
अभी अभी त्वचा पर रेंगती चींटियों के
रेंगने का पता जिस चमड़ी को हो
उन्हीं बाजूओं को साथ रखना
ये जो रेंगने की अदा है न...
बहुत करामाती है
भूत के फंदे पर नाच रहे लोगों को
आभास तक नहीं होता
एक नदी बहती है बेनाम बिन धार
जिसको देखा नहीं जा सकता
पास से गुज़र कर केवल भीगा जा सकता है
उन्हीं फुहारों में नमी के साथ जीती हूँ मैं
दशरथ माँझी और उस पहाड़ के बीच
जो फासला रह गया था समय के माथे पर
पहली चोट पड़ते ही छौनी और हथौडे़ के बीच
घन घन घन की आवाज़ हूँ मैं।
