"धरती मेरी माता " -कविता
"धरती मेरी माता " -कविता
नमन :StoryMirror प्रस्तुति : आज के परिवेश में आज का संकलन विधा: मुक्त-छंद शीर्षक :“धरती मेरी माता है”घोषणा : स्वरचित मौलिक और अप्रकाशित
भूमिका: धरती को हम माँ कहते हैं, पर क्या हमने कभी माँ की पीड़ा सुनी है?यह कविता धरती माँ की ही वाणी है। वह हमसे पूछ रही है — मेरे जल को तुमने क्यों सुखाया, मेरे जंगलों को क्यों काटा, मेरे सीने को क्यों बेधा?आज धरती प्यासी है, घायल है, आई.सी.यू. में पड़ी है। और उसका उपचार किसी दवा से नहीं, बल्कि हमारे सँभलने से होगा। यह कविता नारा नहीं, पुत्रों से माँ की एक करुण पुकार है — मुझे सिर्फ माँ मत कहो, मुझे सँभाल भी लो।
दिनांक : 22 नवम्बर 2026
--------------------------
“धरती मेरी माता है”— डॉ. लक्ष्मण झा ‘परिमल’==================कब तक मेरे शरीर को यूँ रौंदोगे,तुम्हारे लिए कब तक मैं कष्ट सहूँगी?मेरे जल के स्रोतों को तुम बचा न पाए,बड़ी-बड़ी इमारतें तुमने खड़ी कर डालीं।कल-कारखाने चलाकर मुझे प्रदूषित कर दिया,जीवाश्म ईंधन से मेरा दम घुटने लगा है।करूँ तो क्या करूँ, कहूँ तो किससे कहूँ,मुझे धरती माँ कहकर मुझ पर ही अत्याचार करते हो।जो पेड़-पौधे और जंगल हमारी रक्षा करते थे,वर्षा के जल से मेरे तप्त वक्ष को शांत करते थे,उन्हें तुमने काट डाला।आज तुम्हें पानी चाहिए तो,मेरे सीने में गहरे-गहरे बोरिंग करके पानी निकालते हो।कुएँ-तालाब अब रहे नहीं, स्रोत सूख गए,मैं स्वयं अब प्यासी हूँ,कहाँ तक मैं तुम्हें पानी दूँगी?मेरे अंग-अंग को तुम बेध रहे हो,कब तक मुझे यूँ बेधोगे?इसका सामना तो तुम्हें ही करना पड़ेगा,कब तक यह दर्द मैं सहूँगी?अब मैं आई.सी.यू. में पड़ी हूँ,डीहाइड्रेशन का उपचार किसी से हो नहीं रहा है।तुम सब मेरे ही पुत्र हो,सिर्फ नारा मत लगाओ,मुझे अब सँभाल लो॥=================डॉ. लक्ष्मण झा ‘परिमल’दुमका, झारखंड
