STORYMIRROR

Arunima Thakur

Inspirational

4  

Arunima Thakur

Inspirational

जीवन के नवरंग (हरा रंग)

जीवन के नवरंग (हरा रंग)

13 mins
459

नवरात्रि के नव रंग 

(पांचवां दिवस - हरा रंग)


नौ देवियों के रूप में पाँचवी नारी शक्ति बहन को प्रणाम है । नवरात्रि का पाँचवा दिवस माँ स्कंदमाता के नाम है। हरा रंग प्रकृति के विभिन्न रूपों और पौष्टिक गुणों का प्रतिनिधित्व करता है। 

आज व्हाट्सएप पर एक संदेश पढ़ा। संदेश लोगों को मजाकिया लगा होगा तभी तो भेज रहे हैं । संदेश लम्बा था पर आखिर में था कि जीवन में समस्याएं आए तो किसान के पास जाना उसके पास हल होता है । संदेश भेजने वाले खुद नहीं जानते थे कि उन्होंने कितनी गूढ़ बात को मजाक में उड़ा दिया है। आज के समाज के परिवेश में सच में ही सभी समस्याओं का समाधान किसान के पास ही है । वह किसान और खेती जिसे हम भारतवासी नजरअंदाज करते हैं । अन्य देशों की बात करें या ना करें पर इतना तो है विकासशील हो या विकसित देश कोई भी देश मशीन खा कर या पेट्रोल पीकर जिंदा नहीं रह सकता। यह जानते हुए भी हम उनको महत्व देते हैं, खेती और किसान को अनदेखा करते हैं। आज महंगाई, प्रदूषण इन सभी समस्याओं का हल किसान के पास ही है। खेती को उन्नत बनाना है। पेड़ लगाना है । पेड़ों की अंधाधुंध कटाई रोकना है । हम प्रकृति को माता कहते हैं और माता का विनाश करके कौन सा पुत्र सुख से रह सकता है । चलिए आज की कहानी पढ़ते हैं।


सालों बाद इंडिया (हिंदूस्तान) आया हूँ । माँ पापा तो अब रहे नहीं, जो कि उनके रहने पर भी कहा आ पाता था । माँ पापा का बैंक खाता बंद करवाना है I जो थोड़े बहुत पैसे हैं वह बहन के खाते में डाल कर लगता है अब इस धरती से नाता हमेशा के लिए छूट जाएगा । नाता कैसे छूटेगा . . ? गाँव का घर जमीन अभी इन सब को भी देखना है । बहन भी जिम्मेदारी लेने से ना बोल रही है । पुरखों का घर, जमीन बेचने का मन भी नहीं करता पर ऐसे लावारिस भी छोड़ नहीं सकते। इतना बड़ा दिल भी नहीं है कि जो लोग खेत जोत बो रहे हैं उनको ही देकर खत्म करुँ।  


    यह बैंक वाले भी ना सब काम ऑनलाइन कर दिया था पर हस्ताक्षर के लिए आना पड़ा। मैनेजर के केबिन में प्रवेश करते समय अंदर से एक महिला निकली, सुंदर सुरुचिपूर्ण साड़ी पहने, बालो का ढीला सा जुड़ा, रोबीली पर संभ्रांत । हमारी नजरें मिली, वह बाहर निकल गयी और मैं मैनेजर से बातें करने के लिए अंदर चला गया। बातें करने के बाद जब मैं बाहर निकला वह बाहर ही खड़ीं थी। आगे बढ़कर उन्होंने मुझे पूछा,"आप संजय है ना"। मेरे दुविधा में हाँ ना कहने के साथ ही वह मेरा हाथ पकड़ते हुए बोली, "इस डिजिटल दुनिया में जहां सारे बिछड़े मिल जाते हैं तू ना जाने कहां खो गया था । मैं आवाक हो कर सोच रहा था कौन है यह ? है तो कोई सहपाठिन ही, वरना इतने अपनत्व से कोई रिश्तेदार या परिचित तो नहीं मिलते हैं। मेरी आँखों में अपरिचय के भाव देखते ही वह बोली, "नहीं पहचान पाया ना तू सॉरी आप। मैं कौशल्या .....कौशल, हम दोनों साथ ही उतरते थे पहली बैटिंग के लिए । इतना सुनते ही दिमाग ने तुरंत डाटा निकाल कर रख दिया । कौशल मेरी सहपाठिंन, लड़की होकर भी खेल में लड़कों से आगे थी। उसका नाम कौशल्या था पर उसे कौशल कहलाना पसंद था। पढ़ने में मैं जितना अच्छा था वह उतनी ही फिसड्डी तो नहीं पर ठीक-ठाक थी | दसवीं तक हम दोनों साथ ही पढ़े थे । उसके बाद शायद उसने स्कूल बदल लिया था, या उसकी शादी हो गयी थी, ऐसा सुनने में आया था । 


    जितने अपनत्व से वह मुझे तू करके बात कर रही थी, मैं उतना ही उसके साथ बात करने में असुविधा महसूस कर रहा था ।


 वह बोली, "चल ना घर चल ना । माँ पापा तुझे मिलकर खुश होंगे" । 


मन में एक टीस सी उठी। कितने नसीब वाली है माँ पापा अभी तक जिंदा है । और एक मेरे माता पिता सच कहूं तो मेरी याद में तड़प तड़प कर मर गए । मुझे याद आया उसके पापा हमेशा चाहते थे वह भी मेरी तरह पढ़ने में कुछ ध्यान दें और बड़ी होकर डॉक्टर इंजीनियर ना सही शिक्षिका तो बन ही जाए । औपचारिकता वश सब का कुशल क्षेम पूछा और पूछा, "तो आप कहां रहती है ? पति क्या करते है" ? अब महिला थी तो शादी के बाद ससुराल में पति के साथ ही रहती होगी। माँ पापा शायद सास ससुर को कह रही होगी। पर उसने जो बोला वह सुनकर तो मैं अचंभित सा रह गया I 


वह बोली,"गाँव में ही रहती हूँ। यहां से कुछ नौ किलोमीटर पर, वही खेती करती हूँ"। 


 थोड़ी दया आई उसके पति पर और उसके गाँव की याद भी आई । एक बार हम सब बच्चे स्कूल की तरफ से एक कार्यक्रम के लिए उसके गाँव गए थे । खस्ताहाल सड़कें घोड़ा गाड़ी जिसे खड़खड़ा कहते हैं उस में बैठकर और कोई सुविधा भी नहीं थी, लाइट थी पर आती नहीं थी । मुझे लगा बेचारी ढंग से पढ़ लिख नहीं पायी तो देखो किस हालत में रहना पड़ रहा है । शायद पति भी पढ़ा लिखा नही होगा इसलिए गाँव मे रहना पड़ रहा है।


      मेरा काम सब खत्म हो गया था। मैं शहर में अकेला ही था । दूसरे दिन शाम को निकलना था । उसके बहुत कहने पर उसके साथ चल दिया। वह बोली शाम को जो दोस्त सहपाठी अभी शहर में है उनको भी बुला लूंगी । कहाँ . . ? वहाँ गाँव में, रात को . . ना, मैं रुकूंगा नहीं । 


वह हँसी और बोली, "तू चल तो सही"। 


वह आज भी वैसी ही थी निश्चल, धाकड़। बाहर निकल कर वह सामने खड़ी एक बड़ी सी गाड़ी की तरफ बढ़ी और मुझे देखकर बोली, "ऐसे क्या देख रहा है आ ना अपनी ही है"। 


हम इतने सालों के अंतराल को पूरने की कोशिश करते हुए छिटपुट बातें कर रहे थे । अब गाड़ी मुख्य सड़क छोड़कर दाएं मुड़ गई थी । मुझे याद था यह तो उसके गाँव का मोड़ था (क्या उसकी ससुराल उसके गाँव के पास में ही है ?)। आगे रेलवे लाइन तक सड़क पक्की थी पर उसके बाद. . . . | पर यह क्या खूबसूरत पक्की सड़क दोनों तरफ साइकिल वालों के लिए पतली सी सड़क वाह भाई ऐसी सड़क तो शहरों में भी नहीं रहती है I


 वह बोली, "हां जरूरी है क्योंकि हमारे गाँव के बच्चे पढ़ने के लिए कॉलेज जाते हैं ना"।


 मैं बोला, "आज भी तेरे गांव में कॉलेज नहीं है"। 


वह बोली, "ऐसी बात नहीं है । तू चल अपनी आँखों से देख लेना" । 


मैं कार से बाहर की हरियाली को मंत्रमुग्ध सा देखता हुआ बोला, "इतने सालों बाद किसी गाँव में आया हूँ । खूब हरियाली दिख रही है"। 


वह बोली, "हां और यह सारे पेड़ यहां के बच्चों ने लगाए हैं । पहले यहां इतने पेड़ नहीं थे"। 

बातों बातों में हम पहुँच गए। यह तो उसका घर था। क्या वह आज कल मायके आयी हुई है ? उसका घर पहले भी बहुत बड़ा था। पर यह मेरे गाँव के घर की तरह जर्जर नहीं था। बाहर का बैठका ड्राइंग रूम में तब्दील हो चुका था । एसी भी लगा था बिजली भी आ रही थी। बाहर दुवार में छप्पर डालकर बना बड़ा सा मर्दो का बैठका आज भी वैसा ही था । कुछ चारपाईयाँ और कुर्सियाँ वगैरह रखी थी । वहाँ उसके दादाजी लेटे हुए थे । तीन- चार आदमी उनको घेर कर बैठे थे । उसके पापा भी वहीं बैठे थे। बातें हो रही थी । मुझे अपने पापा की याद आ गई जो शहर में फ्लैट में एकाकी जीवन बिताते हुए चल बसे थे । उसके पापा और दादा जी कितने खुश और स्वस्थ लग रहे थे । थोड़ी देर बैठा बातें की फिर अंदर घर जाकर उसकी मम्मी, बेटा और बहू से मिला। जैसा कि मैंने अंदाजा लगाया था मैं किसी गवांर महिला और बच्चों से मिलूंगा वैसा बिलकुल नहीं था उसकी बहु लैपटॉप पर बैठकर कुछ काम कर रही थी। उसने बताया उसकी बहु शादी से पहले से काम करती है । शादी के बाद उसने work-from-home ले रखा है । पास वाले शहर में ही उसके ऑफिस की ब्रांच है । कभी काम पड़ता है तो कार लेकर निकल जाती है । बच्चे स्कूल में पढ़ने गए हैं। वह मुझे लेकर स्कूल में गयी । खूबसूरत व्यवस्थित क्यारियां सुंदर बहुत ही नैसर्गिक वातावरण था स्कूल का। वह बोली यहां हम बच्चों को उतना ही पढ़ाते हैं जो उन्हें शिक्षित और सभ्य बनाए, बेहतर नागरिक बनाएं । हम अभी से बच्चों को बिजली की व अन्न की बचत करना सिखाते हैं । बिजली की बचत . . . ? हां यार ज्यादा बिजली का प्रयोग वातावरण का तापमान बढ़ा देता है । जो कि बारिश को प्रभावित करता हैँ , खेती के लिए अच्छा नहीं रहता है । घर में भी एसी, कूलर होते हुए भी हम बच्चों को नैसर्गिक हवा का आनंद लेना सिखाते हैं। रात को टीवी देखने की जगह बच्चों और महिलाओं की भी चौपाल लगती है । जहां गप्पे मारो, खेल खेलो, नाचो गाओ कुछ भी करो । हम लौट कर घर आए और खाना खाया शुद्ध सात्विक , लगा कि बरसों बाद आत्मा तृप्त हुई । बाद में उसने पूछा, "आराम करना चाहता है या मेरी कहानी सुनेगा"। 

अब तक मेरे अंदर का दसवीं वाला संजय जीवित हो गया था। मैंने कहा, "यार तेरी कहानी, तेरे स्कूल छोड़कर जाने के बाद क्या हुआ ? तेरे बेटा बहु यहाँ है तो तेरी ससुराल पति ....? 


 वह बोली, "हां जब मैं दसवीं में द्वितीय श्रेणी में पास हुई तो पापा बहुत मायूस हुए। ग्यारहवीं में प्राइवेट ट्यूशन ना जाने क्या-क्या करने की कोशिश की और थक हार कर बारहवीं के बाद शादी करवा दी । मैं भी खुश थी कि चलो पढ़ाई से छुट्टी मिली। सब अच्छा था पति भी ससुराल भी। फिर एक दिन भाग्य ने पलटी खाई। पति चले गए। तब तक मुझे मेरे गर्भवती होने का अंदाजा नही था। मैं ज्यादा पढ़ी लिखी नही थी तो पति की नौकरी देवर को दिलवा दी गयी। अभी तक घरवालों की लाडली थी तो मुझे सपने में भी शक नही हुआ कि मेरे पति के नाम का पैसा नौकरी सब मुझसे बहला फुसला कर ले लेने के बाद मुझे नौकरानी से बदतर ज़िन्दगी जीनी पड़ेगी। एक दिन जब पता चला मैं माँ बनने वाली हूँ तब तो भूचाल आ गया। मुझे तो लगा था मृत बेटे की आखिरी निशानी को सिर माथे पर रखेंगे। पर वहाँ तो वो डर गए लड़की हुई तो जिम्मेदारी लड़का हुआ तो हिस्से में भागीदार होगा। वो लोग मेरे साथ कुछ बुरा कर पाते उससे पहले पापा मुझे लिवाने आ गए। पता नही सास का होने वाले बच्चे के प्रति मोह था या मेरे पति के प्रति, जो भी हो उन्होंने मुझे सकुशल मायके भेज दिया। घर आ कर मैंने सारी बाते माँ पापा को बतलाई। तबसे ना उन्होंने बुलाया ना पापा ने भेजा। ना वहाँ से कोई मिलने और बेटा होने पर देखने आया।


पापा चाहते थे कि मैं पढ़ाई फिर से शुरू करूँ। अपने पैरों पर खड़ी हो जाऊं। तब मैंने एक दिन पापा को समझाया । पापा मैं पढ़ना नहीं चाहती ऐसा नहीं है । पर मैं डॉक्टर इंजीनियर नहीं बनना चाहती हूँ। मैं अपने खेत, अपनी खेती संभालना चाहती हूँ। पापा जरा सोचिए इतने सालों से दादू अकेले खेतों को संभाल रहे हैं। मैं कहना नहीं चाहती पर दादू के बाद. . . क्या होगा इन खेतों का. . ? कौन संभालेगा ? पापा इतनी सारी प्राइवेट स्कूल की फीस यह प्राइवेट ट्यूशन की फीस और आप जो मुझे कोटा भेजना चाहते हो यह सब और अगर सिलेक्शन हो भी गया तो पाँच साल की पढ़ाई का लाखों का खर्चा उसके बाद भी नौकरी मिलने की गारंटी भी नहीं । पापा मैं दादू के साथ जुड़ना चाहती हूँ। पापा मैं विश्वास दिलाती हूँ मैं पढ़ाई नहीं छोडूंगी। पर पढ़ाई सिर्फ शिक्षित बनने के लिए करूंगी नौकरी के लिए नहीं । और यही पैसा जो आप मेरी पढ़ाई में लगाना चाहते हो मुझे दे दो । मैं इसे खेती में लगाऊंगी । खैर पापा पैसे देने को तो राजी नहीं हुए पर मैं दादू के पास गाँव आ गयी । दादी बेटे को संभाल लेती थी । मैं दिनभर दादू के साथ खेत में काम सीखती, खेती के बारे में, बीजों के बारे में और रात को पढ़ाई करती । मेरी लगन देखकर दादू ने बोला, "तेरा मन है ना अपने खेतों में ट्यूबवेल लगवाने का तो ठीक है चल लगवा लेते हैं। अभी तक मैं सोचता था कि बहुत लगवा लिया तो मेरे बाद बेकार ही होगा क्योंकि तेरे पापा और तेरा भाई तो गाँव आकर खेती करने से रहे I आज नहीं तो कल इन खेतों को वह बेच ही देते पर अब तू आ गयी है तो मुझे संतोष हो गया है" । दादू ने अपनी बचत के पैसों से ट्यूबवेल लगवा दिया । हमने मिलकर खेतों के चारों तरफ बहुत सारे पेड़ लगाए । पसीना माटी में मिलता है तो खेती लहलहाती है सच साबित हुआ । उस साल भगवान की कृपा से जबरदस्त फसल हुई । मेरे नंबर भी ठीक आएँ। पापा ने परमिशन तो नहीं दी पर अंड़गा भी नही लगाया । बस उसके बाद से दादू के अनुभव और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाती रही सरकार की योजनाएं बहुत है पर लिखा पढ़ी भागदौड़ के कारण लोग कतराते हैं , घबराते हैं। मैंने साथ जा जाकर गांव के हर किसान को योजनाओं का लाभ दिलवाया । गाँव के तालाब सूख रहे थे । उन सब तालाबों को गहरा करवाया जिससे अधिक बारिश का पानी खेतों में ना रूक सके । वह बह कर तालाबों में जाए। इससे जमीन के पानी का स्तर भी बढ़ा और गाँव के लोगों को रोजगार मिला। अब हम किसान खेती के लिए बारिश पर निर्भर नहीं है । हम बारिश के पानी को एकत्र कर लेते हैं । मैंने पूछा, "और बेमौसम की बारिश का क्या वह तो फसल खराब कर देती है ना"। 


वह बोली, " हम मौसम विभाग की जानकारी पर नजर रखते हैं। मौसम विभाग हमेशा सूचना देता है । हम ही ध्यान नहीं देते । अब सूचना के आधार पर जितना हो सकता है बचाने की कोशिश करते हैं। तो नुकसान कम से कम होता है। तुम्हें अपना राकेश याद है ना "? 


मैं बोला, "वह अमीर बाप की बिगड़ी हुई औलाद "? 


वह मुस्कुराते हुए बोली, " नहीं यार अब वह बिगड़ी हुई औलाद नहीं है । उसका कोल्ड स्टोरेज है। हमारे गाँव की सब्जी हम अच्छे से धो काटकर पैक करके कोल्ड स्टोरेज में रखवा देते हैं जो कि बड़े-बड़े महानगरों के मॉल में भेजी जाती है। अक्सर फसल ज्यादा अच्छी होने पर यहां छोटे शहरों के मार्केट में भले ही सब्जियों को बराबर भाव ना मिले पर इस तरह से मॉल वगैरह में अच्छे दाम मिल जाते हैं और हमारे गाँव की महिलाओं को रोजगार भी"।


 मैं उसे एकटक देख रहा था। मैंने पूछा, "और यहां बच्चों के भविष्य का क्या" ?


वह बोली, " ऐसे मत देख इसमें कोई बुराई तो नहीं कि किसान का बेटा बड़े होकर किसान ही बने। यहाँ गाँव में बारहवीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद वैसे भी जिन बच्चों की पढ़ने में रुचि होती है वह शहर जाकर पढ़ते हैं । चाहे तो हम भी शहर के अभिभावकों की तरह उन्हें गाड़ी देकर बिगाड़ सकते हैं पर हम उनमें जिंदगी को फिट तरीके से जीने की चाह भरते हैं । हम उन्हें ज्यादा से ज्यादा साइकिल चलाने को प्रोत्साहित करते हैं। इतना ही नहीं मैंने लोगों को पशुपालन के लिए भी प्रेरित किया। इससे एक तो हमारे बच्चों को शुद्ध दूध घी मिलता हैं । दूसरा एक बड़े तबके को रोजगार तीसरा और सबसे प्रमुख खेती के लिए बेहतरीन ऑर्गेनिक खाद मिलती है। मेरे इन प्रयोगों से आज आसपास के लगभग पचास गाँव खुशहाल है। पढ़ लिखकर बेरोजगार होने से तो बेहतर है कि हम खेती करें । वैसे मैंने बारहवीं पास करने के बाद कृषि विज्ञान से स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई की हैं और अपनी उसी विद्या के बल पर आज मैं खेती की उन्नत विधियों का प्रयोग करती हूँ। आज गाँवो की आबादी शहरों की चकाचौंध में भाग रही है । लोग भी किसानों को, खेती को निकृष्ट, हेय दृष्टि से देखते हैं । कितना भी अन्नदाता कह लें या कुछ भी पर लोगों के मन में किसान के प्रति आदर नहीं है । इसीलिए खेती उपेक्षित हो रही है । मेरा और मेरे साथियों का प्रयास है कि नवयुवकों का शहरों की ओर पलायन रूक सके । हां जिसे पढ़ना है पढ़े लिखे, कलेक्टर बने, डॉक्टर बने पर वह भी यह याद रखें कि उससे कहीं बड़ा ओहदा किसानों का है I उनके उन दोस्तों का है जिन्होंने शहरों की चकाचौंध से दूर गाँव में बसने का निश्चय किया।   


     अब मुझे भी रास्ता दिख रहा था। सच में उसकी बात में दम था हम विकास के लिए हर बार सरकार पर ही निर्भर नहीं रह सकते I बहुत बार हमें खुद से भी प्रयास करने पड़ते हैं । मैं भी सोच रहा था दस साल बाद रिटायर होकर या अगले कुछ सालों में जिंदगी को थोड़ा समेट कर मैं भी अपने गाँव को दिशा देने का प्रयास कर सकता हूँ। मार्गदर्शक तो अब मेरे पास है ही। मैं मन मे कुछ निश्चय करके खुशी मन से शाम को दोस्तो से मिलने की तैयारी करने लगा


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Inspirational