STORYMIRROR

A. R. Sahil

Romance Tragedy

4  

A. R. Sahil

Romance Tragedy

डी पी

डी पी

19 mins
6

सर्दियों की वह सुबह बहुत शांत थी। हवा में हल्की सी ठंडक थी और आसमान बिल्कुल साफ था। कबीर अपने कमरे की खिड़की के पास खड़ा होकर बाहर की सड़क को देख रहा था। उसके हाथ में चाय का एक खाली कप था और आंखों में कई अधूरे सपने तैर रहे थे। कबीर एक बहुत ही साधारण परिवार का लड़का था। उसके दिल में किसी के लिए कोई छल नहीं था। वह जो भी सोचता था साफ सोचता था और जो भी करता था पूरे दिल से करता था। उसकी जिंदगी में सबसे खास जगह उसके दोस्त आरजू की थी। आरजू और कबीर बचपन से साथ थे। दोनों ने एक ही स्कूल में पढ़ाई की थी और अब एक ही कॉलेज में आखिरी साल के छात्र थे।

आरजू स्वभाव से बहुत चंचल और हंसमुख था। वह हर गम को हंसी में उड़ा देना जानता था। कबीर थोड़ा शांत रहता था और अक्सर अपनी ही दुनिया में खोया रहता था। आरजू हमेशा कबीर को छेड़ता रहता था और कहता था कि तू इतना गंभीर क्यों रहता है। कबीर बस मुस्कुरा देता था और कहता था कि जिंदगी को समझने के लिए थोड़ा शांत रहना जरूरी होता है। दोनों की दोस्ती पूरे कॉलेज में मशहूर थी। अगर कहीं कबीर दिखता था तो आरजू जरूर उसके आसपास होता था।


उसी साल कॉलेज में एक नई लड़की ने दाखिला लिया था। उसका नाम सबा था। सबा दूसरे शहर से यहां पढ़ने आई थी। वह देखने में बहुत मासूम थी। उसकी आंखें बहुत बड़ी और गहरी थीं। जब वह बोलती थी तो उसकी आवाज में एक अजीब सी मिठास सुनाई देती थी। वह ज्यादा किसी से बात नहीं करती थी। वह हमेशा अपनी किताबों में खोई रहती थी और अपने काम से काम रखती थी। उसकी सादगी ही उसकी सबसे बड़ी खूबसूरती थी।


पहली बार कबीर ने सबा को कॉलेज की लाइब्रेरी में देखा था। बाहर तेज बारिश हो रही थी। लाइब्रेरी के अंदर सन्नाटा छाया हुआ था। सबा एक कोने की मेज पर बैठकर कोई पुरानी किताब पढ़ रही थी। खिड़की से आती हल्की रोशनी उसके चेहरे पर पड़ रही थी। कबीर एक किताब ढूंढने के लिए उस तरफ गया था। उसकी नजर अचानक सबा पर पड़ी। कबीर एक पल के लिए वहीं रुक गया। उसने पहले कभी इतनी सादगी और इतनी मासूमियत किसी के चेहरे पर नहीं देखी थी। सबा ने जब सिर उठाया तो दोनों की नजरें मिलीं। सबा ने हल्की सी नजरें झुका लीं और अपनी किताब के पन्ने पलटने लगी। कबीर बिना किताब लिए ही वहां से वापस आ गया। उस दिन कबीर के दिल में पहली बार एक अनजान सी हलचल हुई थी।


अगले कई दिनों तक कबीर लाइब्रेरी जाता रहा। वह किताबें कम पढ़ता था और सबा को ज्यादा देखता था। आरजू ने कबीर के इस बदलाव को तुरंत पकड़ लिया। एक दिन कैंटीन में बैठकर आरजू ने कबीर से पूछा कि आजकल तू लाइब्रेरी में इतना समय क्यों बिताता है। कबीर ने पहले तो बात टालने की कोशिश की। लेकिन आरजू के सामने कबीर का कोई झूठ नहीं टिक पाता था। कबीर ने धीरे से सबा का नाम लिया। आरजू जोर से हंस पड़ा और कबीर की पीठ थपथपाते हुए बोला कि आखिर मेरे भाई का दिल भी किसी पर आ ही गया।


आरजू ने ठान लिया था कि वह कबीर और सबा की दोस्ती करवा कर ही रहेगा। कुछ दिनों बाद कॉलेज में एक साहित्यिक कार्यक्रम हुआ। आरजू ने जानबूझकर सबा की टीम में कबीर का नाम लिखवा दिया। सबा को जब पता चला कि कबीर उसके साथ काम करेगा तो वह थोड़ा झिझकी। लेकिन कबीर के शांत स्वभाव और सम्मान भरे व्यवहार ने सबा का डर दूर कर दिया। दोनों ने मिलकर कार्यक्रम की तैयारी शुरू की।


तैयारी के दौरान दोनों के बीच बातें होने लगीं। कबीर बहुत संभलकर बात करता था ताकि सबा को कोई बात बुरी न लगे। सबा को भी कबीर की यही बात सबसे ज्यादा पसंद आई। धीरे धीरे सबा की झिझक खत्म होने लगी। वह कबीर से अपने घर की बातें करने लगी। उसने बताया कि उसके घर में उसके अब्बू बहुत सख्त हैं। उसके भाई भी उसकी बहुत परवाह करते हैं और उसे लेकर काफी सतर्क रहते हैं। सबा ने बताया कि उसे कविताएं पढ़ने और लिखने का बहुत शौक है। कबीर ने भी बताया कि उसे भी किताबें पढ़ना और शांत जगहों पर बैठना अच्छा लगता है।


कार्यक्रम बहुत सफल रहा और दोनों की टीम को पहला पुरस्कार मिला। उस दिन सबा बहुत खुश थी। उसकी खुशी देखकर कबीर का दिल भर आया। आरजू दूर खड़ा होकर दोनों को मुस्कुराते हुए देख रहा था। उस दिन के बाद से कबीर सबा और आरजू की एक छोटी सी दुनिया बन गई। तीनों रोज कॉलेज के बाद बाहर की पुरानी टपरी पर चाय पीने जाते थे। सबा को अदरक वाली चाय बहुत पसंद थी। कबीर हमेशा उसके पहुंचने से पहले ही चाय वाले को अदरक वाली चाय बनाने के लिए बोल देता था। सबा जब चाय का पहला घूंट लेती थी तो उसकी आंखें चमक उठती थीं। वह कबीर की तरफ देखकर कहती थी कि तुम्हें मेरी हर पसंद का ख्याल रहता है। कबीर बस मुस्कुरा देता था और कहता था कि कुछ लोगों का ख्याल रखना अच्छा लगता है।
समय बीतता गया और दोनों के बीच का रिश्ता गहरा होता चला गया। सबा अब कबीर पर पूरी तरह निर्भर होने लगी थी। अगर किसी दिन कबीर कॉलेज नहीं आता था तो सबा बेचैन हो जाती थी। वह बार बार आरजू से पूछती थी कि कबीर क्यों नहीं आया। आरजू उसे चिढ़ाता था और कहता था कि लगता है किसी को कबीर की आदत हो गई है। सबा शर्मा जाती थी और अपना चेहरा किताबों में छुपा लेती थी।


एक दिन कबीर को तेज बुखार हो गया। वह दो दिनों तक कॉलेज नहीं जा सका। तीसरे दिन शाम को जब कबीर अपने कमरे में सो रहा था तो दरवाजे पर दस्तक हुई। कबीर ने उठकर दरवाजा खोला तो सामने आरजू और सबा खड़े थे। सबा के हाथ में एक छोटा सा टिफिन था। कबीर उन्हें देखकर हैरान रह गया। सबा ने अंदर आते ही कबीर के माथे पर हाथ रखकर बुखार देखा। उसकी आंखों में आंसू भरे हुए थे। उसने कांपती हुई आवाज में कहा कि तुमने मुझे बताया क्यों नहीं कि तुम्हारी तबीयत इतनी खराब है। मैं दो दिनों से कितनी परेशान थी तुम्हें अंदाजा भी है।


कबीर ने सबा की आंखों में अपने लिए जो तड़प देखी उसने कबीर के दिल के सारे बांध तोड़ दिए। सबा ने अपने हाथ से बनाया हुआ सूप कबीर को पिलाया। आरजू चुपचाप कमरे से बाहर चला गया ताकि दोनों एक दूसरे से अपने दिल की बात कह सकें। सबा कबीर के पास बैठ गई और धीरे धीरे रोने लगी। कबीर ने उसका हाथ अपने हाथों में लिया और कहा कि मैं बिल्कुल ठीक हूं सबा। तुम इस तरह मत रो। तुम्हारी आंखों में आंसू देखकर मेरी जान निकल जाती है।


सबा ने अपनी भीगी हुई पलकें उठाईं और कबीर की आंखों में देखते हुए कहा कि अगर तुम्हें कुछ हो गया तो मैं जी नहीं पाऊंगी कबीर। तुम मेरी आदत नहीं हो तुम मेरी जिंदगी बन गए हो। कबीर ने सबा के आंसू पोंछे और कहा कि मैं भी तुम्हारे बिना एक पल नहीं रह सकता। उस शाम उन दोनों ने बिना किसी बड़े वादे के एक दूसरे को हमेशा के लिए अपना मान लिया। वह मोहब्बत बहुत पाक थी। उसमें किसी तरह का कोई स्वार्थ नहीं था। बस एक दूसरे को खुश देखने की चाहत थी।


उस दिन के बाद सबा का प्यार कबीर के लिए और भी गहरा हो गया। वह कबीर को लेकर किसी छोटे बच्चे की तरह जिद्दी हो गई थी। उसे कबीर का किसी और लड़की से बात करना बिल्कुल पसंद नहीं था। अगर कोई लड़की कबीर से नोट्स भी मांगती थी तो सबा का चेहरा उतर जाता था। वह पूरे दिन कबीर से बात नहीं करती थी। कबीर को जब पता चलता कि सबा नाराज है तो वह उसे मनाने के लिए तरह तरह के जतन करता था। कभी वह सबा के लिए उसकी पसंदीदा चॉकलेट लाता था तो कभी उसकी कॉपी के आखिरी पन्ने पर कोई प्यारी सी शायरी लिख देता था।


सबा की नाराजगी भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाती थी। वह कबीर के मनाने का इंतजार करती थी और जैसे ही कबीर प्यार से उसका नाम पुकारता था वह पिघल जाती थी। आरजू अक्सर कबीर से कहता था कि यार तू बहुत किस्मत वाला है जो तुझे सबा जैसी लड़की मिली है। वह तुझ पर अपनी जान छिड़कती है। कबीर भी इस बात को महसूस करता था। सबा हर छोटी बड़ी बात कबीर से पूछकर करती थी। वह कौन से रंग के कपड़े पहनेगी यह भी कबीर तय करता था। जब कबीर उसकी तारीफ करता था तो सबा के चेहरे पर एक अनोखी लाली छा जाती थी।
कॉलेज के दिन कब खत्म हो गए पता ही नहीं चला।

आखिरी परीक्षा के दिन सभी छात्र बहुत भावुक थे। सबा और कबीर कॉलेज के बगीचे में एक पेड़ के नीचे बैठे थे। सबा बहुत उदास थी। उसने कबीर से पूछा कि अब हम रोज कैसे मिलेंगे। कबीर ने उसे भरोसा दिलाया कि चाहे कुछ भी हो जाए वह उससे मिलने जरूर आएगा। लेकिन कबीर जानता था कि अब असली इम्तिहान शुरू होने वाला है। कबीर के घर की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। उसके पिता की उम्र हो चुकी थी और घर की सारी जिम्मेदारी अब कबीर के कंधों पर आने वाली थी।


पढ़ाई खत्म होने के दो महीने बाद कबीर को एक दूसरे बड़े शहर में अच्छी नौकरी मिल गई। यह खबर कबीर के परिवार के लिए बहुत खुशी की थी। लेकिन जब कबीर ने यह बात सबा को बताई तो सबा सन्न रह गई। उसकी आंखों से आंसुओं की धारा बह निकली। उसने कबीर का हाथ कसकर पकड़ लिया और कहा कि तुम मुझे छोड़कर मत जाओ कबीर। मैं तुम्हारे बिना इस शहर में कैसे रहूंगी। कबीर का दिल भी टूट रहा था। उसने सबा को समझाया कि अगर वह आज नहीं जाएगा तो वह कभी भी सबा के घरवालों के सामने एक काबिल इंसान बनकर नहीं जा पाएगा। सबा के घरवाले एक अच्छी नौकरी और सुरक्षित भविष्य देखने के बाद ही उनकी शादी के लिए मानेंगे।
सबा ने रोते हुए कबीर की बात मान ली। जाने वाले दिन कबीर स्टेशन पर खड़ा था। आरजू उसका सामान रखवा रहा था। सबा बुर्के में छिपकर स्टेशन आई थी ताकि कोई पहचान वाला उसे देख न ले। जब ट्रेन चलने का समय हुआ तो सबा खुद को रोक नहीं पाई। वह भीड़ की परवाह किए बिना कबीर के सीने से लगकर रोने लगी। कबीर ने उसे संभाला और उसके माथे को चूमते हुए कहा कि अपना ख्याल रखना और रोना मत। मैं बहुत जल्द लौट कर आऊंगा। आरजू ने सबा को संभाला और कबीर को भरोसा दिलाया कि वह सबा का पूरा ध्यान रखेगा। ट्रेन चल पड़ी और सबा वहीं खड़ी होकर तब तक हाथ हिलाती रही जब तक ट्रेन आंखों से ओझल नहीं हो गई।


नए शहर में कबीर की जिंदगी बहुत भागदौड़ भरी हो गई। सुबह से रात तक ऑफिस का काम रहता था। नई जगह और नए लोगों के बीच कबीर खुद को बहुत अकेला महसूस करता था। रात को जब वह अपने छोटे से कमरे में लौटता था तो सबा की यादें उसे घेर लेती थीं। दोनों के बीच अब बात करने का एक ही जरिया था और वह था मोबाइल फोन। सबा दिन भर कबीर के फोन का इंतजार करती थी। वह हर थोड़ी देर में अपना फोन चेक करती थी कि कहीं कबीर का कोई संदेश तो नहीं आया।


कबीर भी जैसे ही काम से थोड़ा खाली होता था तुरंत सबा को फोन करता था। सबा की आवाज सुनते ही कबीर की दिन भर की सारी थकान गायब हो जाती थी। सबा उसे अपने दिन भर की छोटी छोटी बातें बताती थी। वह बताती थी कि आज उसने क्या खाया और आज उसकी अम्मी ने क्या कहा। कबीर बड़े प्यार से उसकी सारी बातें सुनता था। कभी कभी काम के दबाव की वजह से कबीर समय पर फोन नहीं कर पाता था। ऐसे दिनों में सबा बहुत परेशान हो जाती थी। वह बार बार कबीर की तस्वीर देखती थी और रोने लगती थी।


जब रात को देर से कबीर का फोन आता था तो सबा गुस्से में फोन नहीं उठाती थी। कबीर लगातार फोन करता रहता था। आखिरकार सबा फोन उठाती थी और गुस्से से कहती थी कि तुम्हें मेरी कोई परवाह ही नहीं है। तुम अपने काम में इतने व्यस्त हो गए हो कि तुम्हारे पास मेरे लिए दो मिनट भी नहीं हैं। कबीर बहुत प्यार से उसे मनाता था और कहता था कि मेरी जान मैं जो कुछ भी कर रहा हूं वह हमारे भविष्य के लिए ही कर रहा हूं। सबा का गुस्सा तुरंत शांत हो जाता था और वह माफी मांगने लगती थी कि उसने कबीर को परेशान किया।


इस तरह समय का पहिया घूमता रहा। एक साल बीत गया। कबीर ने अपनी मेहनत से ऑफिस में अच्छी पहचान बना ली थी। उसकी तनख्वाह भी बढ़ गई थी। कबीर ने सोचा कि अब वह कुछ महीने और पैसे बचा लेगा और फिर अपने माता पिता को लेकर सबा के घर शादी का रिश्ता लेकर जाएगा। उसने यह बात सबा को बताई तो सबा खुशी से झूम उठी। उसने कहा कि वह इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रही है।


लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सबा के घर में उसकी शादी की चर्चा शुरू हो गई थी। सबा के अब्बू के एक पुराने दोस्त ने अपने बेटे के लिए सबा का हाथ मांगा था। लड़का विदेश में काम करता था और परिवार बहुत अमीर था। सबा के अब्बू को यह रिश्ता बहुत पसंद आया। उन्होंने बिना सबा की राय लिए ही इस रिश्ते के लिए हां करने का मन बना लिया।


जब सबा को इस बात का पता चला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने अपनी अम्मी से रोते हुए कहा कि वह अभी शादी नहीं करना चाहती। उसकी अम्मी ने उसे समझाया कि लड़कियों की शादी सही समय पर हो जानी चाहिए और ऐसा अच्छा रिश्ता बार बार नहीं मिलता। सबा ने हिम्मत जुटाकर अपनी अम्मी को कबीर के बारे में बताना चाहा। लेकिन अम्मी ने उसकी बात बीच में ही काट दी और कहा कि अगर तुम्हारे अब्बू को पता चला कि तुम्हारे दिमाग में ऐसा कोई ख्याल है तो वह जीते जी मर जाएंगे। हमारे खानदान की इज्जत तुम्हारे हाथ में है।


सबा बुरी तरह से टूट गई। उसने रात को कबीर को फोन किया। फोन पर सबा की सिसकियां सुनकर कबीर घबरा गया। सबा ने रोते हुए सारी बात कबीर को बताई। उसने कहा कि कबीर अगर तुम जल्दी नहीं आए तो यह लोग मेरी शादी कहीं और कर देंगे। मैं तुम्हारे सिवा किसी और की होने का सोच भी नहीं सकती। कबीर ने सबा को हिम्मत दी और कहा कि मैं कल ही छुट्टी लेकर घर आ रहा हूं। तुम बिल्कुल मत घबराना। मैं तुम्हारे अब्बू से बात करूंगा और उन्हें मना लूंगा।


अगले ही दिन कबीर अपने शहर वापस आ गया। उसने स्टेशन से सीधे आरजू को फोन किया। आरजू भी इस खबर से बहुत परेशान था। दोनों ने मिलकर तय किया कि कबीर के माता पिता पहले सबा के घर रिश्ता लेकर जाएंगे। कबीर के माता पिता बहुत सीधे और नेक इंसान थे। वे अपने बेटे की खुशी के लिए सबा के घर जाने को तैयार हो गए।


दो दिन बाद कबीर के माता पिता सबा के घर गए। सबा के अब्बू ने उनका स्वागत तो अच्छे से किया लेकिन जब शादी की बात चली तो उन्होंने साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि वे अपनी बेटी की शादी अपने ही खानदान के एक अमीर लड़के से तय कर चुके हैं। कबीर के पिता ने बहुत समझाने की कोशिश की लेकिन सबा के अब्बू अपने फैसले से टस से मस नहीं हुए। कबीर के माता पिता निराश होकर वापस लौट आए।


जब कबीर को इस बात का पता चला तो उसका दिल बैठ गया। उधर सबा के घर में इस बात को लेकर बहुत हंगामा हुआ। सबा के अब्बू को शक हो गया कि ग़ज़ाला पहले से कबीर को जानती है। उन्होंने सबा का बाहर निकलना बंद कर दिया और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। सबा एक कमरे में कैद होकर रह गई। वह दिन रात बस रोती रहती थी। उसने खाना पीना सब छोड़ दिया था। उसकी हालत देखकर उसकी अम्मी का दिल पसीज गया लेकिन वह भी अपने पति के सामने बेबस थीं।


कबीर पागलों की तरह सबा से बात करने की कोशिश कर रहा था। वह आरजू के साथ मिलकर सबा के घर के आसपास चक्कर लगाता रहता था ताकि एक झलक सबा को देख सके। लेकिन घर के दरवाजे बंद रहते थे। सबा की शादी की तारीख तय हो गई थी। अब शादी में सिर्फ पंद्रह दिन बाकी थे। कबीर के पास अब कोई रास्ता नहीं बचा था। वह हर पल अंदर ही अंदर मर रहा था।


एक रात सबा की छोटी बहन ने चुपके से अपनी अम्मी का फोन सबा को दिया। सबा ने कांपते हाथों से कबीर का नंबर मिलाया। कबीर ने पहली घंटी पर ही फोन उठा लिया। सबा की आवाज सुनकर कबीर फूट फूट कर रोने लगा। सबा भी दूसरी तरफ सिसक रही थी। सबा ने कहा कि कबीर मैंने बहुत कोशिश की लेकिन मेरे अब्बू नहीं माने। उन्होंने मुझे अपनी कसम दे दी है। अगर मैंने कोई गलत कदम उठाया तो मेरे अब्बू समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे। मैं अपनी मोहब्बत के लिए अपने मां बाप की जान नहीं ले सकती कबीर। मुझे माफ कर देना।


कबीर ने रोते हुए कहा कि मैं तुम्हारे बिना कैसे जिऊंगा सबा। तुम मेरी सांस हो। सबा ने कहा कि मुझे भी नहीं पता कि मैं कैसे जिऊंगी। मेरा शरीर जरूर किसी और के घर जाएगा लेकिन मेरी रूह हमेशा तुम्हारे पास रहेगी। तुम अपना ख्याल रखना कबीर। यह कहकर सबा ने फोन काट दिया। वह उन दोनों की आखिरी बातचीत थी।


शादी का दिन भी आ गया। सबा के घर में रोशनी और शहनाई की आवाज गूंज रही थी। मेहमानों की भीड़ थी और हर तरफ खुशियां मनाई जा रही थीं। लेकिन दुल्हन के कमरे में बैठी सबा एक जिंदा लाश की तरह लग रही थी। उसकी आंखों से आंसू सूख चुके थे। उधर घर से थोड़ी दूरी पर एक अंधेरे कोने में कबीर खड़ा था। आरजू ने कबीर का हाथ कसकर पकड़ रखा था ताकि कबीर खुद को कोई नुकसान न पहुंचा ले। कबीर ने अपनी आंखों के सामने सबा की विदाई होते देखी। जब सबा की गाड़ी वहां से निकली तो कबीर घुटनों के बल जमीन पर गिर पड़ा और आसमान की तरफ देखकर चीखने लगा। आरजू ने कबीर को गले से लगा लिया और खुद भी रोने लगा।


सबा की शादी को कई महीने बीत गए। सबा अपने पति के साथ दूसरे देश चली गई थी। कबीर वापस अपने काम पर लौट गया था लेकिन वह पहले जैसा कबीर नहीं रहा था। वह अब किसी से बात नहीं करता था। वह घंटों अपने कमरे की खिड़की के पास बैठकर आसमान को देखता रहता था। आरजू हर हफ्ते कबीर से मिलने आता था और उसे सामान्य जिंदगी में वापस लाने की कोशिश करता था। लेकिन कबीर के दिल का जख्म इतना गहरा था कि वह भरने का नाम ही नहीं ले रहा था।


कबीर के पास सबा की यादों के रूप में सिर्फ कुछ पुरानी तस्वीरें और मैसेज बचे थे। कबीर के फोन में सबा का पुराना नंबर अभी भी सेव था। हालांकि वह नंबर अब बंद हो चुका था लेकिन उस नंबर पर बना सोशल मीडिया अकाउंट अभी भी सक्रिय था। उस अकाउंट की प्रोफाइल फोटो यानी डी पी पर सबा की वही पुरानी तस्वीर लगी थी जो कबीर ने कॉलेज के दिनों में खींची थी। उस तस्वीर में सबा पीले रंग के सूट में मुस्कुरा रही थी। कबीर रोज रात को सोने से पहले उस डी पी को देखता था और उससे बातें करता था। कबीर को लगता था कि सबा अभी भी उस तस्वीर के जरिए उसे देख रही है।


उधर सात समंदर पार बैठी सबा का हाल भी कबीर से अलग नहीं था। उसका पति बहुत अच्छा इंसान था और उसका बहुत ख्याल रखता था। सबा भी एक अच्छी पत्नी बनने की पूरी कोशिश कर रही थी। वह अपने घर की सारी जिम्मेदारियां निभाती थी। लेकिन जब रात को सब सो जाते थे तो सबा अपने तकिए में मुंह छुपाकर घंटों रोती थी। वह कबीर को एक पल के लिए भी नहीं भूल पाई थी। उसके फोन में आज भी कबीर की तस्वीरें छिपी हुई थीं। उसने जानबूझकर अपने पुराने सोशल मीडिया अकाउंट की डी पी नहीं बदली थी क्योंकि वह जानती थी कि कबीर रोज उस तस्वीर को देखता होगा।


एक दिन सबा को लगा कि वह अपने पति के साथ अन्याय कर रही है। उसका पति उसे इतना प्यार करता है और वह आज भी किसी और की यादों में खोई रहती है। सबा ने अपने दिल पर पत्थर रखकर फैसला किया कि वह अब अतीत की सारी यादों को मिटा देगी। उसने तय किया कि वह सबसे पहले अपने उस पुराने अकाउंट की डी पी हटा देगी ताकि कबीर भी उसे भूलकर अपनी जिंदगी में आगे बढ़ सके।


उस रात सबा अपने कमरे में अकेली बैठी थी। बाहर तेज हवा चल रही थी। सबा ने कांपते हाथों से अपना फोन उठाया। उसने अपना पुराना सोशल मीडिया अकाउंट खोला। स्क्रीन पर अपनी वही पीले सूट वाली तस्वीर देखकर सबा की आंखें भर आईं। उसे वह दिन याद आ गया जब कबीर ने यह तस्वीर खींची थी। कबीर ने कहा था कि इस तस्वीर में तुम किसी परी से कम नहीं लग रही हो। सबा की आंखों से एक आंसू टपक कर फोन की स्क्रीन पर गिरा।


सबा ने खुद को संभाला और अपनी उंगली डी पी हटाने वाले बटन पर रखी। उसका दिल जोर जोर से धड़क रहा था। उसे लग रहा था जैसे वह अपनी ही सांसों को रोकने जा रही है। एक गहरी सांस लेकर सबा ने डी पी हटा दी। अब वहां सिर्फ एक खाली गोला नजर आ रहा था। सबा ने फोन को बिस्तर पर रख दिया। उसे लगा था कि डी पी हटाने के बाद उसे सुकून मिलेगा और वह सब कुछ भूल जाएगी।


लेकिन ऐसा नहीं हुआ। डी पी हटाते ही सबा के दिल में एक अजीब सी बेचैनी शुरू हो गई। उसे लगा जैसे उसने कबीर से जुड़ा आखिरी धागा भी तोड़ दिया है। अब कबीर उसे कभी नहीं देख पाएगा। यह ख्याल आते ही सबा का सब्र टूट गया। वह दोनों हाथों से अपना चेहरा छुपाकर फूट फूट कर रोने लगी। उसकी सिसकियां पूरे कमरे में गूंजने लगीं। वह खुद को रोकने की जितनी कोशिश कर रही थी आंसू उतनी ही तेजी से बह रहे थे। वह बार बार फोन उठाती और उस खाली डी पी वाली जगह को देखकर और भी ज्यादा रोने लगती। उसकी दीवानगी और कबीर के प्रति उसका पागलपन आज भी वैसा ही था जैसा कॉलेज के दिनों में था। वह कबीर पर इस कदर मरती थी कि खुद ही डी पी हटाने के बाद बच्चों की तरह बिलख बिलख कर रोने लगी थी।


उधर अपने शहर में बैठे कबीर ने जब रात को अपना फोन खोला तो उसने देखा कि सबा के अकाउंट से डी पी हट चुकी है। उस खाली जगह को देखकर कबीर का दिल एक पल के लिए रुक सा गया। कबीर की आंखों में भी आंसू आ गए। लेकिन कबीर सबा की रग रग से वाकिफ था। वह जानता था कि सबा ने यह कदम अपनी मर्जी से नहीं बल्कि अपनी मजबूरी और उसके प्यार में ही उठाया है। कबीर ने महसूस किया कि इस वक्त सबा भी वहां बैठकर जरूर रो रही होगी। क्योंकि कबीर जानता था कि वह पगली उस पर किस कदर मरती है और खुद ही डी पी हटाने के बाद किस तरह रोने लगती है।


कबीर ने अपनी डायरी उठाई और एक कलम लेकर उस रात के इस गहरे एहसास को शब्दों में पिरोने लगा। कबीर के आंसू डायरी के पन्नों पर गिर रहे थे। आरजू जो उस रात कबीर के पास ही रुका हुआ था चुपचाप कबीर को लिखते हुए देख रहा था। आरजू ने जब कबीर की डायरी के उस पन्ने को पढ़ा तो उसकी आंखें भी नम हो गईं। कबीर ने उस पन्ने पर ए आर साहिल का वह मशहूर शेर लिखा था जो उसकी और सबा की अधूरी मोहब्बत की पूरी कहानी बयां कर रहा था।


इस क़दर मुझ पे मरती है पगली कोई
रोने लगती है डी पी हटाने के बाद
 (ए आर साहिल)

©ए. आर. साहिल 

©A. R. Sahil


विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Romance