इश्क़, दोस्ती, खंजर और सन्नाटा : एक बे-नाम कत्ल-ए-आम
इश्क़, दोस्ती, खंजर और सन्नाटा : एक बे-नाम कत्ल-ए-आम
शहर की इस भीड़भाड़ भरी आबोहवा में, जहाँ हर शख्स अपनी किसी न किसी तलाश में दर-ब-दर भटक रहा है, कबीर का वजूद महज़ एक ऐसी दास्तान बनकर रह गया था जिसके पन्नों पर स्याही कम और खून के कतरे ज़्यादा बिखरे हुए थे। कबीर उस मिट्टी का परिंदा था जो परिंदों की तरह आसमान की ऊंचाइयों को छूना तो चाहता था, मगर जिसकी उड़ान के पर उसके अपने ही अजीज़ों ने कतर डाले थे। ज़िंदगी का फलसफा बहुत सादा था उसका। दोस्त को खुदा का दर्जा देना, महबूबा को अपनी इबादत बनाना और अपने उसूलों पर अपनी जान कुर्बान कर देना। लेकिन उसे क्या मालूम था कि जिस कायनात को उसने बड़े करीने से, अपनी पलकों की छांव में बसाया था, वह महज़ एक ऐसा धोखा थी जिसका अंत एक भयानक सन्नाटे पर जाकर खत्म होता था।
कहानी की इब्तदा होती है उस दोस्ती से, जिसे इस शहर के लोग 'साहिल और कश्ती' की मिसाल मानते थे। कबीर और मोहसिन। ये दोनों नाम महज़ दो इंसानों के नहीं थे, बल्कि एक ही रूह के दो अलग-अलग हिस्सों के नाम थे। कॉलेज के वो पुराने दिन, जब धूप छांव की तरह ज़िंदगी पर मेहरबान हुआ करती थी, तब कबीर और मोहसिन की रिफाक़त (दोस्ती) पर हर कोई रश्क करता था। दोनों का उठना-बैठना, एक ही थाली में लुक़मा साझा करना, रात के सन्नाटों में भविष्य के हसीन ख्वाब बुनना और हर मुसीबत के वक्त चट्टान की तरह एक-दूसरे के शाने-ब-शान खड़े रहना, यही उनका मक़सद-ए-हयात था। मोहसिन सिर्फ एक दोस्त नहीं था, वह कबीर की जिंदगी का वह मुहाफिज़ (रक्षक) था जिस पर कबीर अपनी आंखें बंद करके भरोसा कर सकता था। अगर कबीर की जिंदगी कोई खुली किताब थी, तो मोहसिन उस किताब का वह अहम तरीन सफा था जिसे वह अपने दिल के सबसे करीब रखता था। किसी को क्या इल्म था कि जिस शख्स को वह अपनी ढाल समझ रहा है, वही उसकी पीठ में खंजर भोंकने की मुकम्मल तैयारी कर रहा है।
फिर उस महफिल में आमद हुई ग़ज़ाला की।
ग़ज़ाला का इस दुनिया में आना ऐसा था मानो किसी बंजर ज़मीन पर अचानक सावन की पहली फुहार बरस पड़ी हो। वह कोई आम लड़की नहीं थी; उसकी चाल में नज़ाकत थी, उसकी आँखों में एक अजीब सी कशिश थी, और उसके लबों की हँसी किसी मरहम का काम करती थी। कबीर जब पहली बार ग़ज़ाला से मिला, तो उसका दिल जैसे उसकी मुट्ठी में आ गया। वह इश्क़ का वह शुरुआती दौर था जहाँ कायनात की हर खूबसूरत चीज़ फीकी लगने लगती है और सिर्फ महबूब का चेहरा ही पूरी कायनात बन जाता है। कबीर ने ग़ज़ाला को अपनी रूह सौंप दी थी। उसके दिल की धड़कनों पर अब ग़ज़ाला का नाम लिखा जा चुका था। हर शाम कॉलेज के बाद कैंटीन के कोने वाली मेज़ पर बैठकर घंटों बातें करना, ठंडी हवाओं के दरमियान खामोश आँखों से एक-दूसरे को पढ़ते रहना और जिंदगी के हर मोड़ पर साथ चलने की कसमें खाना, ये सब उनके रोज़मर्रा के मामूल बन चुके थे।
और इस पूरे माजरे में जो शख्स सबसे ज़्यादा खुश दिखाई देता था, जो हर कदम पर कबीर की हौसला-अफजाई करता था, वह मोहसिन ही था। मोहसिन ही वह शख्स था जिसने पहली बार कबीर को मीरा से मिलने का रास्ता दिखाया था, जो दोनों के बीच की दूरियों को मिटाने के लिए पुल का काम करता था। जब कभी कबीर ग़ज़ाला की मोहब्बत में थोड़ा झिझकता, तो आरव हँसकर उसके कंधे पर हाथ रखता और कहता, "अरे कबीर ! तू किस फिक्र में डूबा है? ग़ज़ाला जैसी लड़की सिर्फ नसीब वालों को मिलती है, और तू खुशनसीब है कि वो तेरी ज़िंदगी में आई है। जा, बेफिक्र होकर इश्क़ कर, तेरा भाई हर कदम पर तेरे साथ खड़ा है।"
कबीर मोहसिन की इन बातों पर अपनी जान छिड़कता था। उसे लगता था कि दुनिया में अगर खुदा ने उसे बेहतरीन मोहब्बत दी है, तो उससे भी बेहतरीन दोस्त अता किया है। उसे क्या खबर थी कि यह हमदर्दी महज़ एक मुखौटा है, जिसके पीछे एक ऐसी शातिर और खामोश साजिश पल रही है जो उसकी पूरी दुनिया को मटियामेट करने वाली थी।
वक्त अपनी रफ्तार से आगे बढ़ता रहा। मोहब्बत का नशा धीरे-धीरे उतरने लगा और उसकी जगह एक गहरे मुतमईन सुकून ने ले ली। कबीर ने ग़ज़ाला को अपने परिवार के बारे में बता दिया था, अपने सपनों का हर कोना उसके नाम कर दिया था। लेकिन कुदरत को शायद कुछ और ही मंजूर था। रिश्तों की इस मखमली चादर में धीरे-धीरे धुंधलका छाने लगा।
शुरुआत हुई ग़ज़ाला के रवैये में आए उस अचानक बदलाव से जिसे कोई भी संवेदनशील इंसान महसूस कर सकता था। पहले जो ग़ज़ाला दिन में दस बार फोन करके कबीर का हालचाल पूछती थी, जिसके बिना कबीर की एक रात भी मुकम्मल नहीं होती थी, अब उसके तेवर बदलने लगे थे।
कबीर के पैगामों (messages) के जवाब घंटों बाद आने लगे, और वो भी इतने रूखे और बेजान होते थे कि पढ़ने वाले का दिल बैठ जाए।
जब कभी कबीर उससे मिलने की जिद करता या लंबी बात करने की ख्वाहिश जताता, तो ग़ज़ाला के पास हमेशा एक ही रटा-रटाया जवाब होता... "कबीर, मैं आज बहुत थक गई हूँ, कल बात करते हैं," या फिर "आज यूनिवर्सिटी का बहुत काम है, मुझे डिस्टर्ब मत करो।"
शुरुआत में कबीर ने इसे उसकी मसरूफ़ियत समझकर नजरअंदाज कर दिया। उसने सोचा कि शायद ग़ज़ाला अपने किसी घरेलू काम में उलझी होगी या पढ़ाई का दबाव होगा। लेकिन इंसान का दिल कच्चा धागा नहीं होता, वह अपनों की बेरुखी की महक को बहुत दूर से पहचान लेता है। धीरे-धीरे वह दूरियां जो पहले महज़ कम गुफ्तगू तक महदूद थीं, अब एक गहरी खाइयों में तब्दील होने लगीं। ग़ज़ाला ने कबीर से आँखें मिलाना छोड़ दिया था। जब भी वे साथ होते, ग़ज़ाला का जिस्म तो वहां मौजूद होता था, लेकिन उसकी रूह कहीं और भटक रही होती थी। उसकी नज़रें हमेशा अपने फोन की स्क्रीन पर टिकी रहती थीं, और जब भी कोई नोटिफिकेशन बजता, उसके चेहरे पर एक अजीब सी चमक आ जाती, वह चमक जो कभी कबीर को देखकर उसके चेहरे पर उभरा करती थी।
कबीर घुटने लगा था। उसके अंदर एक अजीब सा डर घर कर रहा था, वह डर जो किसी अपने को खोने के अहसास से पैदा होता है। उसने कई बार ग़ज़ाला से पूछना चाहा, उसके सामने हाथ जोड़े, उससे गुजारिश की कि अगर कोई बात है तो खुलकर बताए। लेकिन मीरा हर बार बात को टाल देती, कभी गुस्से का बहाना बनाती तो कभी कबीर पर शक करने का इल्म मढ़ देती। "तुम मुझ पर एतबार नहीं करते कबीर! " ग़ज़ाला एक रोज़ झुंझलाकर बोल उठी थी।
उस दिन कबीर की जुबान पर ताला लग गया। उसे लगा कि शायद उसका इश्क़ ही गुनहगार है, शायद वह ग़ज़ाला को कुछ ज्यादा ही चाहने लगा है जिसकी वजह से वह उससे दूर हो रही है। उसने खुद को ही कसूरवार ठहराना शुरू कर दिया। वह रात-रात भर जागकर अपनी उन गलतियों को ढूंढता जो उसने कभी की ही नहीं थीं। वह ग़ज़ाला को मनाने के लिए नए-नए तरीके सोचता, उसके पसंदीदा फूल खरीदता, उसके दरवाजे पर घंटों इंतजार करता, मगर ग़ज़ाला के दिल पर पड़ी बर्फ पिघलने का नाम नहीं ले रही थी।
और फिर वह कयामत की सुबह आई जिसने कबीर की जिंदगी की बुनियाद ही हिलाकर रख दी।
उस दिन इतवार था। कबीर ने सुबह उठते ही ग़ज़ाला को फोन मिलाया। हमेशा की तरह घंटी जाती रही, लेकिन फोन उठाया नहीं गया। कबीर ने सोचा कि शायद ग़ज़ाला सो रही होगी। उसने दोपहर को फिर कोशिश की, शाम को ट्राई किया, रात तक लगातार नंबर घुमाता रहा। मगर हर बार एक ही बेजान सी आवाज सुनाई दी... "The number you have dialed is switched off..."
कबीर के सीने में एक खौफनाक सुई सी चुभ गई। उसका दिल तेजी से धड़कने लगा। उसने तुरंत सोशल मीडिया पर ग़ज़ाला का प्रोफाइल खंगालने की कोशिश की। लेकिन वहाँ जो मंज़र था, उसने उसकी आँखों के सामने अंधेरा कर दिया। ग़ज़ाला का अकाउंट डीएक्टिवेट हो चुका था। उसके सारे सोशल मीडिया हैंडल्स से वो तमाम तस्वीरें, वो सारे कमैंट्स, वो अनगिनत यादें गायब थीं जो उन्होंने मिलकर बनाई थीं। उसकी प्रोफाइल अब एक वीरान कब्रिस्तान जैसी लग रही थी जहाँ सिवाय सन्नाटे के कुछ नहीं था।
मीरा ने अपने तमाम निशानात मिटा दिए... न नंबर, न ठिकाना, न कोई पैग़ाम। कबीर दीवानों की तरह सड़कों पर भटकता रहा, अपनी बरबादी का मातम मनाता रहा।
कबीर पागलों की तरह अपनी बाइक लेकर ग़ज़ाला के घर की तरफ भागा। रास्ते भर उसके कान सुन्न हो चुके थे, आँखों से बेकाबू आंसू बह रहे थे। जब वह ग़ज़ाला के घर पहुँचा और दरवाजा खटखटाया, तो वहाँ एक अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ था। थोड़ी देर बाद पड़ोसी बाहर निकले और उन्होंने जो बताया, उससे कबीर के पैरों तले जमीन खिसक गई।
"अरे बेटा कबीर! तुम नहीं जानते? ग़ज़ाला के घर वाले तो कल रात ही सारा सामान समेट कर हमेशा के लिए शहर छोड़कर जा चुके हैं। ग़ज़ाला के वालिद का ट्रांसफर किसी दूसरे सूबे में हो गया है, और वो लोग अचानक ही सब कुछ समेट कर चले गए।"
बिला किसी अलविदा के, बिना किसी आखिरी खत के, बिना एक लफ्ज़ बताए ग़ज़ाला इस तरह गायब हो चुकी थी जैसे आसमान से कोई तारा टूटकर ज़मीन में कहीं जज्ब हो गया हो। यह वह वह खामोश अलविदा था जो इंसान को जीते-जी मुर्दा बना देता है। कबीर उस वीरान दरवाजे के सामने घंटों बुत बना खड़ा रहा। उसके गले में कोई चीख नहीं अटकी थी, उसके पास रोने के लिए भी अब आंसू नहीं बचे थे। उसका पूरा वजूद जैसे शून्य हो चुका था।
अगले कई हफ़्ते कबीर के लिए किसी अज़ाब से कम नहीं थे। वह जिंदा लाश बनकर जी रहा था। ना खाना भाता था, ना सोना मुमकिन था। वह बस उन्हीं गलियों में भटकता रहता जहाँ उसने ग़ज़ाला के साथ हसीन पल बिताए थे। उसकी आँखें हर गुजरते चेहरे में ग़ज़ाला को तलाशतीं, उसके कान हर अजनबी आहट पर ग़ज़ाला की आवाज सुनने के लिए तड़पते। वह अंदर से पूरी तरह टूट चुका था, उसका हौसला, उसका यकीन, उसकी जिंदगी की सारी रौनक कहीं मलबे के नीचे दब चुकी थी।
इस टूटते हुए, बिखरते हुए कबीर के पास अगर कोई एक सहारा बचा था, तो वह सिर्फ और सिर्फ उसका दोस्त मोहसिन था।
मोहसिन इस मुश्किल वक्त में परछाई की तरह कबीर के साथ खड़ा रहा। वह रोज शाम को कबीर के कमरे पर आता, उसे जबरन खाना खिलाता, उसके माथे पर हाथ फेरता और दिलासा देते हुए कहता... "देख कबीर! अगर वो लड़की इतनी खुदगर्ज थी कि बिना बताए चली गई, तो शुक्र मना कि वो तेरी जिंदगी से निकल गई। जो इंसान तेरी कदर नहीं कर सकता, वो तेरे इश्क़ के काबिल ही नहीं था।अगर वो बेवफ़ा थी, तो तेरा नसीब अच्छा था कि वक़्त रहते पहचान हो गई। रो मत यार, मैं हूँ ना तेरे साथ! हम इस गम से मिलकर बाहर निकलेंगे।"
मोहसिन के ये अल्फाज़ कबीर के जख्मों पर मरहम का काम करते थे। कबीर अपनी उजड़ी हुई दुनिया के मलबे पर बैठकर सिर्फ मोहसिन के कंधे पर सिर रखकर रोता और सोचता... "अगर मेरे पास मोहसिन जैसा दोस्त ना होता, तो शायद मैं इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाता।" मोहसिन की मौजूदगी ही अब कबीर के जीने का एकमात्र जरिया थी। वह अपनी हर तकलीफ, हर टूटन, हर रात के जागने की कहानी सिर्फ मोहसिन के साथ साझा करता था। मोहसिन उसकी हर बात बड़े गौर से सुनता, उसे गले लगाता और हमेशा यही कहता कि उसे सिर्फ अपने काम पर और अपनी जिंदगी पर ध्यान देना चाहिए।
लेकिन कुदरत की साजिशें कभी-कभी इतनी खामोश और शातिर होती हैं कि इंसान को भनक तक नहीं लगती कि उसका कातिल कौन है।
वह एक सर्द शाम थी। आसमान में काले बादल छाए हुए थे और हल्की-हल्की फुहार पड़ रही थी। कबीर कॉलेज के कुछ जरूरी कागजात लेने के लिए यूनिवर्सिटी गया हुआ था। वापसी में उसे याद आया कि उसके कुछ नोट्स मोहसिन के कमरे पर छूटे हुए थे, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से कबीर ज्यादातर वक्त मोहसिन के ही फ्लैट पर गुजार रहा था।
कबीर बिना किसी इत्तला के मोहसिन के आशियाने की तरफ बढ़ गया। जब वह मोहसिन की बिल्डिंग के नीचे पहुँचा, तो उसने देखा कि मोहसिन की बाइक वहीं नीचे पार्क थी, जिसका मतलब था कि वह कमरे पर ही मौजूद है। कबीर सीढ़ियाँ चढ़कर ऊपर पहुँचा। मोहसिन के कमरे का दरवाजा अंदर से थोड़ा सा खुला हुआ था, उस पर हल्का सा धक्का देने से ही वह चीखते हुए खुल गया।
कबीर अंदर कदम रखने ही वाला था कि उसके कदम ज़मीन पर जम गए। उसके गले में सांस अटक गई, उसकी आँखें फटी की फटी रह गईं और उसका दिल मानो एक सेकंड के लिए धड़कना भूल गया।
कमरे के अंदर का मंज़र किसी हॉरर फिल्म के क्लाइमेक्स से भी ज्यादा भयानक और दिल दहलाने वाला था।
सामने वाले सोफे पर वही ग़ज़ाला बैठी थी। वही ग़ज़ाला जिसके जाने के गम में कबीर पिछले महीनों से खून के आंसू रो रहा था, जिसके नाम पर उसने अपनी पूरी जिंदगी दांव पर लगा दी थी। और ग़ज़ाला के ठीक बगल में, उसके कंधे पर हाथ रखे हुए, मोहसिन खड़ा था।
मोहसिन के चेहरे पर वो उदासी या परेशानी का कोई नामोनिशान नहीं था जो वो कबीर के सामने दिखाया करता था। बल्कि उसके चेहरे पर एक सुकून भरी मुस्कान थी, और उसकी बाहें ग़ज़ाला के बेहद करीब थीं। ग़ज़ाला ने भी जैसे ही मुड़कर दरवाजे की तरफ देखा, उसकी आँखों में थोड़ी सी झिझक जरूर आई, लेकिन तुरंत ही उसने अपने चेहरे पर एक अजीब सी बेपरवाह हंसी सजा ली।
कबीर अपनी जगह पर बुत बना खड़ा रहा। उसकी नस-नस में खून खौल उठा, लेकिन उसके मुंह से एक उफ़ तक नहीं निकली। उसके पैर जैसे जमीन में धंस चुके थे।
मोहसिन ने जरा भी शर्मिंदा हुए बिना, बिना किसी हचक या पछतावे के, कबीर की तरफ देखा। उसकी आँखों में वो मक्कारी और फरेब साफ झलक रहा था जो इतने महीनों से उसकी हमदर्दी के नकाब के पीछे छुपा हुआ था। मोहसिन ने बड़े आराम से, एक ठंडी और बेरहम मुस्कान के साथ कहा...
“देख कबीर! जानता हूँ कि तू बहुत आहत है, बहुत गुज़ारिशें करेगा, सवाल पूछेगा... लेकिन सच यह है कि हम दोनों एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते थे। ग़ज़ाला और मेरी कहानी तुमसे मिलने से बहुत पहले की है, बस हालात ऐसे थे कि हम तुझे बता नहीं पाए। ग़ज़ाला तेरी जिंदगी में कभी आई ही नहीं थी, वह हमेशा से मेरी थी। बस हमने तुझे बीच में मोहरा बना दिया ताकि किसी को शक न हो।”
मोहसिन के ये अलफ़ाज़ कबीर के जिस्म में किसी गर्म सुई की तरह चुभ गए। वह सिर्फ एक धोखा नहीं था, यह एक ऐसा सुनियोजित कत्ल था जिसे उसके अपने ही साए ने, उसके जिगरी दोस्त ने, बहुत करीने से अंजाम दिया था। वो रातों की दूरियां, वो अचानक गायब होना, कोई इत्तेफ़ाक नहीं था। यह सब कुछ मोहसिन और ग़ज़ाला की मिली-भगत से रचा गया वो खूनी खेल था जिसमें कबीर की मासूमियत का गला घोंट दिया गया था।
कबीर ने एक नजर ग़ज़ाला की तरफ देखा, जिसने नजरें झुका ली थीं, और फिर अपनी नजरें मोहसिन के उस चेहरे पर टिका दीं जिस पर उसने अपनी जान छिड़की थी। उसके दिल में अब कोई गुस्सा नहीं था, कोई चीख नहीं थी, कोई शिकायत नहीं बची थी। उसे समझ आ गया था कि इस दुनिया में भरोसे की कोई कीमत नहीं होती, और सबसे खतरनाक खंजर वो होता है जो पीठ पीछे से नहीं, बल्कि सीने पर हाथ रखकर सामने से घोंपा जाता है।
कबीर ने बिना एक भी लफ्ज़ बोले, बिना अपनी पलकें झपकाए, धीरे से पीछे कदम उठाए। उसने कमरे का दरवाजा वैसे ही बंद कर दिया जैसे कोई किसी मय्यत को छोड़कर बाहर निकलता है।
वह सीढ़ियों से नीचे उतरा, बाहर सड़क पर आया जहाँ मूसलाधार बारिश शुरू हो चुकी थी। बारिश का पानी उसके आंसुओं के साथ मिलकर बह रहा था, लेकिन इस बार वह रो नहीं रहा था। उसके अंदर का इंसान हमेशा के लिए मर चुका था। उसके पास अब न कोई शिकायत थी, न कोई सवाल, और न ही किसी अपने पर भरोसा करने की कोई उम्मीद।
वह अकेला उस अंधेरी रात में आगे बढ़ता चला गया, और पीछे छूट गया सिर्फ एक ऐसा सन्नाटा... जो चीख-चीखकर गवाही दे रहा था कि इस दौर में वफ़ा की उम्मीद करना सबसे बड़ा गुनाह है।
©A. R. Sahil

