चिता
चिता
आज सुबह से ही बहुत चहल पहल थी। कुछ लोग नयी लकड़ियाँ काट के ला रहे थे। कुछ लोग बहुत सारी चिताएँ तैयार करने में लगे थे। मैं अभी अभी कट के आया था। मेरे पास एक पुराना लकड़ी का गट्ठर पड़ा हुआ था। मैंने पुछा - " क्या हो रहा है यहाँ ?" इतनी सारी चिता?"
उस गट्ठर में से एक पुरानी लकड़ी बोली- " हाँ, मानव जाती पर आपदा आयी है। कोई बीमारी है जिसके कारण काफी लोगों की मृत्यु हो रही है। सिर्फ इस मरघट का ही नहीं सभी मरघटों का यही हाल है।"
मैं देखने लगा। कैसे पन्नियों में लिपटे लोग काम में जुटे हुए हैं। यहाँ तक की जिसकी मृत्यु हुई है और उसके परिजन भी पन्नियों में थे। बड़ा आश्चर्य लगा।
"यहाँ तो शांति रहती थी। अब तो आग बुझती ही नहीं है ।"
वह लकड़ी बोली "कर्मों का खेल है। कभी कोई आगे कभी कोई। दुःख की बात है, प्रदूषण, बढ़ती आबादी, कटते जंगल, और जाने कितने कर्म किये हैं मानव जाति ने, प्रकृति अब धीरे धीरे बदला ले रही है।
तभी कुछ लोग आये और उस पुराने गट्ठर को उठा के ले गए। मैं वहां बैठे बैठे अपनी बारी का इंतज़ार करने लगा। थोड़ी देर में मुझे भी लेने आये।
"अरे यह पानी कैसे गिरा है?" एक आदमी मुझे उठाते हुए बोला।
वो कुछ बूँदें थी, जो आज की दशा को देख कर, इतनी सारी चिता को देख कर मेरे हृदय से बह गयी थी।
