STORYMIRROR

Priyanka Shukla

Inspirational

4  

Priyanka Shukla

Inspirational

यह कैसा अँधेरा!!

यह कैसा अँधेरा!!

3 mins
341

‘‘कौन है?‘‘ मैंने दरवाजे पर आहट सुनकर पूछा।

‘‘मैं हूँ, आप मुझे जानती हैं।‘‘ उस आवाज ने कहा।

मैंने पहचानने से इंकार कर दिया। भला बरसों से यहाँ इतना घना अँधेरा रहा है और यह आवाज। कोई नहीं आया आज तक मुझसे मिलने।

‘‘आप मुझे जानती हैं, कृप्या पहचानिये।‘‘ वह आवाज पुनः बोली। अजीब जबरदस्ती है। पर हाँ आवाज कुछ जानी-पहचानी थी।

‘‘अच्छा आपसे मुझे बात करनी है।‘‘ 

मुझसे कोई बात करने आया है। इतने सालों के बाद। मैंने जाके दरवाजे की कुण्डी खोल दी आवाज धीरे से अंदर आ गयी। मैंने कमरे के चार कोनों मे से एक मे दिया जला दिया। दूसरे कोने मे मैं बैठी थी, तीसरे मे मेरा मेहमान और चौथा कोना...वह अँधेरे मे ही था।

‘‘आप बाहर क्यों नहीं आती?‘‘ उस आवाज ने पूछा।

मैंने भिड़े हुए दरवाजे से आ रही बुझी-सी रोशनी को देखते हुए पूछा-

‘‘बाहर जा के मैं क्या देखूं? बादल को गरजकर एक हँसते खेलते नगर को पानी मे डूबता हुआ देखूं, तूफान मे उड़कर जाते हुए बूढ़े किसान की झोपड़ी के तिनकों को देखूं। जहाँ बिजली कड़क के, पल भर मे ही एक बसे बसाये घर को राख कर देती है और फिर लुप्त हो जाती है। कोई जवाबदेही नहीं।‘‘ 

‘‘उस समाज मे वापस आने को कह रहे हैं, जहाँ लोग सिर्फ अपने ही दुखों को देखते हैं। अन्य लोगों के हृदय के टुकड़े-टुकड़े करके, उसे रौंदते हुए चले जाते हैं। एक तरफ तो भव्य मंदिरों मे मूक मूर्ति को हजारों का चढ़ावा चढ़ाते हैं और बाहर चीत्कार करते गरीबों को धुत्तकार देते हैं...नहीं मुझे नहीं जाना।‘‘

‘‘आप समाज को, प्रकृति को इस अँधेरे मे रहकर देख रही हैं। क्या आप जानती हैं आपके इस घर के आगे पर्वतों की माला है, उनकी बर्फीली चोटियों पर जब सूर्य की प्रथम किरण गिरती है तो लगता है जैसे शांत तपस्वी की पूजा सफल हुई हो। ईश्वर के वरदान से उसका मुख मंडल प्रकाशमय हो गया हो। जिन मेघों पर आपने तबाही की मोहर लगाई है उनकी बूंदों से आपकी प्यास बुझती है। वो जब बरसती है तो उसी किसान के अनाज को हरा करती है। 

प्रकृति तो हमेशा ही संतुलन से चली है। और रही बात समाज की, तो वो इंसानों से बनता है और इंसान कैसा है, यह आपका नजरिया तय करता है। इस अँधेरे मे बैठकर आप बस तबाही सोचेंगी और वो ही देखेंगी। उस चौथे कोने पे एक खिड़की है, उसे खोलिये।‘‘

इतना कहकर आवाज चली गयी। शायद वह सच कह रही थी। मैंने चैथे कोने मे देखा, एक खिड़की थी। उसे खोला तो पूरा कमरा रोशनी से भर गया।

मैंने धूल की चादर ओढ़े बक्से मे से दिए, मोमबत्तियां जिन्हे सालों पहले मैंने रख दिया था, निकाली और अँधेरे को हमेशा के लिए अपने कमरे से विदा कर दिया।


क्या आप जानते हैं की वह कमरा क्या था।? मैं कौन हूँ और वह आवाज कौन थी? वह कमरा मेरा मन है। मैं आत्मा हूँ और वह आवाज जीवन थी।



विषय का मूल्यांकन करें
लॉग इन

Similar hindi story from Inspirational