उन्हें बचा लो
उन्हें बचा लो
"जल्दी करो, जल्दी।" नर्स एक बूढ़े आदमी को स्ट्रेचर पर लेके भागी जा रही थी।
"इन्हे अटैक आया है। एमर्जेन्सी में लेके जाओ जल्दी।"
डॉक्टर शरण शर्मा एमर्जेन्सी वार्ड के इंचार्ज थे।
"डॉक्टर इनका ऑपरेशन करना है।" उन्होंने मरीज़ को गौर से देखा । उनकी आँखें कुछ पल के लिए चमक गयी।
"इन्हे बचाना होगा। ऑपरेशन की तैयारी करो।"
नर्स और बाकि के स्टाफ तैयारी में जुट जाते हैं।
"शरण, क्या कर रहे हो तुम। तुम्हे इसे बचाना है। इस लड़के को।" उनकी पत्नी, जो वहाँ हॉस्पिटल मैनेजमेंट में थी, एक लड़के की तरफ इशारा करते हुए बोली।
वह लड़का भी एमर्जेन्सी वार्ड में भर्ती था। उसका एक्सीडेंट हुआ था। अपनी साँसों के लिए लड़ रहा था।
शरण ने एक नज़र उस बच्चे को देखा और फिर अपनी पत्नी को देखते हुए बोले - " स्टाफ जो कर सकता है वो इसके लिए करेगा। पर अभी मुझे उन्हें बचाना है।" कहते हुए वो ऑपरेशन थिएटर में चले गए।
कुछ देर ऑपरेशन के बाद उन्हें बचा लिया गया।
शरण अपने रूम में आके बैठ गया। उसकी आँखों से आंसू गिरने लगे।
"शरण, मुझे बताओ क्या हुआ?" उनकी पत्नी आके बोली ।
"दिव्या, आज से बहुत साल पहले जब में उस बच्चे....अपने रोनित की उम्र का था तब मुझे एक स्ट्रोक आया था। उस समय मेरी जान एक स्पेशलिस्ट ही बचा सकता था। तब एक डॉक्टर ने मेरी जान बचाई थी। उसके बदले उन्होंने अपनी माँ को ऑपरेट नहीं किया जिससे उनकी जान चली गयी। वह अकेले रह गए थे। सारी उम्र अकेले निकली। मैं बड़ा हुआ डॉक्टर बना। उन्हें ढूंढ़ने का बहुत प्रयास किया। पर....आज अचानक वो मेरे सामने आये। तो ऐसी हालत में में उन्हें कैसे छोड़ देता।"
शरण रोने लगे। हमारे बच्चे को....
"डॉक्टर साहब जल्दी चलिए रोनित को होश आ गया है।"
शरण और दिव्या एमर्जेन्सी रूम में गए। उनके सीनियर डॉक्टर ने कहा- " तुमने अपने फ़र्ज़ और बेटे में से फ़र्ज़ को चुना। हमसे जो बना हमने रोनित के लिए किया, अब देखो वो स्टेबल है। ठीक हो रहा है।"
डॉक्टर शरण मुस्कुराने लगे।
शाम को हलकी हलकी बारिश हो रही थी। रोनित से मिलने के बाद शरण पेशेंट का राउंड ले रहे थे। उनके कदम उस आदमी के कमरे के पास आके ठहर गए।
वो जाग रहे थे और बहार देख रहे थे। "कैसे हैं आप?"
उस आदमी ने डॉक्टर शरण को देखा - " अच्छा हूँ। मुझे पता चला आपने मुझे बचाया अपने बच्चे के ऑपरेशन में भाग नहीं लिया। क्यों ?"
शरण उनके पास आके बैठ गया - " बहुत साल पहले आपने एक लड़के को बचाया और अपनी माँ का ऑपरेशन समय पे नहीं किया। क्यों ?"
वह आदमी सिहर गया। "तुम....तुम ...."
"जी, मैं वही लड़का हूँ । आपने मुझे बचाया था, मेरा परिवार मेरी नौकरी मेरा बच्चा अगर आज है तो इसीलिए क्यूंकि आपने मुझे ज़िंदा रखा। आज जब मौका मिला तो मैं आपके लिए कुछ भी नहीं करता?"
वह आदमी बस सोचता रह गया। उन्हें क्या पता था अपने जीवन काल में बचायी गयी एक जान आज उनको जीवनदान दे गयी।
अजीब बात है न कहानियों की दुनिया में तो कितने ही शरण मिल सकते हैं पर हमारे समाज में ऐसे शरण को ढूँढना थोड़ा मुश्किल है जो किसी के दिए हुए एहसान को इतना याद रखे और वक़्त आने पे कहे " उन्हें बचा लो।"
