संस्कारी हिंदी
संस्कारी हिंदी
हिंदी भाषा प्यारी, सब सम्मान करें।
संस्कारी हिंदी का, हम अभिमान करें।।धृ।।
वेद पुराणो की यह, श्रृंगारित भाषा।
है उपनिषदो की भी, संस्कारित भाषा।।
गीता सार ज्ञान का, हम गुणगान करें।
संस्कारी हिंदी का, हम अभिमान करें।।१।।
सूर और तुलसी की, है प्यारी हिंदी।
रसखान, जायसी की, श्रृंगारी हिंदी।।
मीरा के भक्ति पदो, की पहचान करें।
संस्कारी हिंदी का, हम अभिमान करें।।२।।
मैथिलीशरण, भूषण, त्रिपाठी, निराला।
कवियों ने दी जन को, काव्यरुपी माला।।
प्रेमचंद की रचना, जन में सीख भरे।
संस्कारी हिंदी का, हम अभिमान करें।।३।।
सारी दुनिया में यह, सबसे है न्यारी।
सरल मधुर यह हिंदी, बोली है प्यारी।।
सुधा पिलाती हमको, हम रसपान करें।
संस्कारी हिंदी का, हम अभिमान करें।।४।।
स्वर व्यंजन से शोभित, वर्णो पर बिंदी।
पवित्रता झलकाती, संस्कारी हिंदी।।
हिंदी के हित 'गोकुल', भाव लिखान करें।
संस्कारी हिंदी का, हम अभिमान करें।।५।।
