STORYMIRROR

Dheerja Sharma

Inspirational

4  

Dheerja Sharma

Inspirational

संदूकची सपनों वाली

संदूकची सपनों वाली

1 min
953

माँ ने ले दी थी

एक संदूकची

दसवें जन्मदिन पर,

कहा -खूब सपने जमा करना

मेरी लाडो, इस बक्से में।

और फिर बड़ी हो कर

एक एक कर के

देखना इन सपनों को।।

मायके की नींदों में

बेपरवाह सोते सोते

खूब सपने देखे

और मेरी सपनों वाली

संदूकची भर गयी, माँ।।


तुमने ताला लगा कर

थमा दी वो संदूकची

मुझे विदाई के समय।।

घर गृहस्थी में जो उलझी

उसकी याद ही न आई

कई बरस बीत गए

उसे खोल ही नही पाई।।

शायद दम घुटने से

मर चुके होंगे वो सपने,

इस लिए जान बूझ कर

गुम कर दी मैंने

संदूकची की चाबी।।


अब सोचती हूँ

नया ताला लगा कर

दे दूँ इसे नातिन को

ये कह कर

कि इसमें सपने

जमा मत करना।

रोज़ देखना

साकार करना

पंख लगा लेना

अपने सपनों को

ऊंची से ऊंची

उड़ान भरना।


नाप लेना ये

पूरा आकाश

सितारों से दामन

भर लेना।

कुलांचे भरना

हिरनी बन

खेत खलिहान,

जंगल बागीचे।

जीत लेना

गगनचुम्बी चोटियां

गहरे सागर,

दरिया ,नदिया

बहना मस्त

बावरी हवा सी।

अपने सपने पहनना,

ओढ़ना, बिछाना।

बस...

अपने सपनों का दम

घुटने मत देना

अपने सपनों को

मरने मत देना।।



Rate this content
Log in

Similar hindi poem from Inspirational